एनिमल वेलफेयर ऐक्टिविस्ट जागृति मिश्रा का शेल्टर होम गिराने के मामले में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ी कार्रवाई की है. उन्होंने मामले में आरोपी एक जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया. रविवार, 25 अक्टूबर को रेखा गुप्ता ने जागृति से मुलाकात की थी. उन्हें जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया था. इसके अगले ही दिन ये कार्रवाई की गई.
जागृति मिश्रा का एनिमल शेल्टर गिराने वाला जूनियर इंजीनियर सस्पेंड
दिल्ली में पशुओं के लिए बन रहे शेल्टर होम को गिराने के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने MCD के जूनियर इंजीनियर विकास कुमार गुप्ता को सस्पेंड कर दिया है.

जागृति ने आरोप लगाया था कि बिना उन्हें नोटिस दिए बेसहारा पशुओं के लिए बन रहे शेल्टर होम को गिरा दिया गया. उनसे रिश्वत मांगी गई थी, जिससे इनकार करने पर ये कार्रवाई की गई. जागृति ने 70 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया, जिसके बाद रेखा गुप्ता ने उन्हें आर्थिक मदद देने का भी भरोसा दिया.
जूनियर इंजीनियर सस्पेंडसरकारी आदेश के मुताबिक, MCD के आउटर नॉर्थ जोन में जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) विकास कुमार गुप्ता को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है. उनके खिलाफ डिसिप्लिनरी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है. ऑर्डर में कहा गया है कि सस्पेंशन के दौरान विकास गुप्ता को नियमों के मुताबिक गुजारा भत्ता दिया जाएगा. वह बिना इजाजत के शहर नहीं छोड़ सकेंगे. सस्पेंशन के दौरान उनका मुख्यालय आउटर नॉर्थ जोन के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर का दफ्तर होगा.
जागृति मिश्रा दिल्ली में एनिमल वेलफेयर के लिए काम करती हैं. Street Worldz Trust के माध्यम से वो घायल, बेसहारा और विकलांग पशुओं की देखभाल करती हैं. उनका आरोप है कि पशुओं के लिए वो एक शेल्टर होम बनवा रही थीं. बिना कोई नोटिस दिए इसकी चारदीवारी तोड़ दी गई. उन्होंने इसे बनाने में करीब 70 लाख रुपये खर्च होने का दावा किया. जागृति ने आरोप लगाया कि उनसे कथित तौर पर रिश्वत मांगी गई थी. पैसे देने से इनकार करने के बाद शेल्टर पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई.
ये भी पढ़ेंः शेल्टर होम की वार्डन ने बच्चों के मुंह पर 'मानव मल' लगाया, FIR दर्ज
विवाद सामने आने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 25 अक्टूबर को जागृति से मुलाकात की और मामले में जांच के आदेश दिए. इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया. इसके साथ ही एनिमल शेल्टर होम को फिर से बनाने में मदद देने का आश्वासन भी दिया.
‘एक्स’ पर अपनी एक पोस्ट में रेखा गुप्ता ने कहा कि जूनियर इंजीनियर के बर्ताव की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और पुलिस को जिम्मेदार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने आगे कहा कि डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया गया है कि वो जागृति मिश्रा का एनिमल शेल्टर फिर से बनाने में मदद करें.
वीडियो: ‘विवाद खत्म’, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर क्या बात की?












