हरियाणा के रेवाड़ी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता उत्तम सिंह के भतीजे की हत्या कर दी गई. BJP नेता के भतीजे की हत्या का आरोप उसके ही दोस्त पर लगा है. आरोपी दोस्त को शक था कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर है. पुलिस ने आरोपी और हत्याकांड में उसका साथ देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है.
हरियाणा में BJP नेता के भतीजे की हत्या, पत्नी से अफेयर के शक में दोस्त ने मार डाला
Rewari में BJP नेता के भतीजे की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के पीछे की वजह Extra Marital Affair बताई जा रही है. पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और कार की तलाश कर रही है.

घटना मंगलवार, 7 सितंबर की है. मृतक की पहचान जितेंद्र यादव के तौर पर हुई है, जो पहले से शादीशुदा थे. इंडिया टुडे से जुड़े देशराज सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, जितेंद्र का शव भडावास की ओर जाने वाली एक सड़क पर HPCL रिफाइनरी के पास मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस को मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. इससे पता चला कि जितेंद्र पर किसी भारी और धारदार हथियार से हमला किया गया था. आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ पापला और अमन के तौर पर हुई है. इनमें प्रवीण मृतक जितेंद्र का दोस्त है.
मामले की पुष्टि ACP दीपिका अग्रवाल ने की. उन्होंने बताया कि प्रवीण को उसकी पत्नी और जितेंद्र के बीच रिलेशनशिप होने का शक था. इसी शक के आधार पर उसने जितेंद्र को मारने का प्लान बनाया. प्लान के तहत प्रवीण ने जितेंद्र को बीयर पार्टी के बहाने बुलाया.
शराब की दुकान से बीयर ली और फिर उसे लेकर नहर के पुल पर चला गया. यहां दोनों ने बीयर पी. इसके बाद प्रवीण अपने भतीजे के साथ HPCL रिफाइनरी के पास वाली एक सुनसान सड़क की ओर गया. यहां जितेंद्र पेशाब करने के लिए सड़क के किनारे गए. इसी दौरान प्रवीण ने जितेंद्र पर पीछे से हमला किया.
प्रवीण ने जितेंद्र पर रॉड से कई बार हमले किए, जिससे वह जमीन पर बेसुध होकर गिर गया और उसकी मौत हो गई. ये सारी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने जितेंद्र के परिवार के शक और सबूतों के आधार पर प्रवीण उर्फ पापला को गिरफ्तार कर लिया है. पापला के साथ उसके भतीजे अमन को भी गिरफ्तार किया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रवीण ने कथित तौर पर पुलिस की पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है. उसने यह भी बताया कि उसे शक था कि जितेंद्र और उसकी पत्नी रिलेशनशिप में हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया, जिसके बाद उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: हरियाणा में नहर में डूब रहे बेटे को बचाने के लिए पिता ने छलांग लगा दी, दोनों के शव मिले हैं
पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है. साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए रॉड और कार को भी बरामद करने की कोशिश कर रही है.
वीडियो: सत्य निकेतन हादसे के बाद DU के हॉस्टल सिस्टम पर उठे बड़े सवाल











