हरियाणा के IDFC बैंक घोटाले में सरकारी अफसरों की ‘अय्याशी’ की ऐसी-ऐसी कहानियां खुल रही हैं कि घोटाले से ज्यादा चर्चा उनकी रंगीन महफिलों की होने लगी है. सीबीआई की चार्जशीट के मुताबिक, घोटाले में शामिल आरोपियों ने पार्टियों, मुजरों और एस्कॉर्ट सर्विस पर पानी की तरह पैसा बहाया.
657 करोड़ का बैंक घोटाला करने वाले करते थे मुजरा पार्टी, आरोपी IAS को पसंद थी 'बेबो'
हरियाणा के 657 करोड़ के IDFC बैंक घोटाले की CBI चार्जशीट में कथित पार्टियों, मुजरा और एस्कॉर्ट सर्विस पर पैसे खर्च करने के आरोपों का जिक्र है. तीन महिलाओं से पूछताछ के आधार पर IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल और अन्य आरोपियों से जुड़े कई दावे सामने आए हैं.

घटना में शामिल एस्कॉर्ट्स ने सीबीआई की पूछताछ में कई राज खोले हैं. घोटाले के मास्टरमाइंड रिभव ऋषि की गर्लफ्रेंड ने भी डांस पार्टियों और उनमें दिए जाने वाले सेक्शुअल सर्विसेज की बातें विस्तार से सीबीआई को बताई हैं. सीबीआई की चार्जशीट में उन्हें ‘W-1’ नाम दिया गया है.
द ट्रिब्यून ने सीबीआई की चार्जशीट में तीन एस्कॉर्ट्स से बातचीत के आधार पर रिपोर्ट छापी है. इसमें गबन के मुख्य आरोपी IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, W-1 ने CBI को बताया कि जीरकपुर में जेड मैनर नाम की प्रॉपर्टी है. वहां ‘मुजरा पार्टियां’ कराई जाती थीं. इसके लिए सबसे अच्छी मुजरा करने वाली लड़कियों का इंतजाम किया जाता था. ये करने की जिम्मेदारी W-1 को मिली थी.
रिपोर्ट के मुताबिक इस पार्टी में आने वाले लोगों में हरियाणा के डेवलपमेंट एंड पंचायत विभाग के पूर्व सुपरिंटेंडेंट नरेश कुमार भुवानी, अभय कुमार के रिश्तेदार अभिषेक सिंगला, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के पूर्व रीजनल मैनेजर अरुण शर्मा, इनके अलावा अंकुर शर्मा और IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल भी आते थे.
W-1 ने बताया कि पार्टियों में लड़कियों के दो तरह के ग्रुप होते थे. एक ग्रुप डांस करता था. दूसरा ग्रुप गेस्ट के साथ कमरे में प्राइवेट टाइम बिताने के लिए जाता था. IAS पंकज अग्रवाल ऐसी पार्टियों की तैयारी पर पूरी नजर रखते थे. फोन करके पूरे प्रोग्राम के बारे में बात करते थे. पार्टियों में खासतौर पर नई लड़कियों को बुलाने पर जोर देते थे. डांस करने वाली लड़कियां गानों पर डांस करती थीं. मेहमान डांस करने वाली लड़कियों पर नोटों की गड्डियां उड़ाते थे. वहीं दूसरे ग्रुप वाली लड़कियां गेस्ट के साथ बैठकर बातें करती थीं. बाद में वो अपनी पसंद की लड़की के साथ प्राइवेट रूम्स में चले जाते थे.
ये भी पढ़ेंः हरियाणा का एक और IAS अधिकारी गिरफ्तार, 60 करोड़ के गबन का आरोप
पंकज अग्रवाल के बारे में W-1 ने बताया कि उनकी दिलचस्पी डांस प्रोग्राम में नहीं होती थी. शराब पीने के बाद वह अपनी पसंद की लड़की के साथ प्राइवेट रूम्स में चले जाते थे. उन्हें एक ‘बेबो’ नाम की लड़की पसंद थी, जिसे वो बार-बार बुलाने पर जोर देते थे. उन्होंने बताया कि पंकज अग्रवाल के कमरे में उसे भी एक-दो बार बुलाया गया था लेकिन उसके साथ वहां कुछ नहीं हुआ. इसकी वजह थी कि रिभव हमेशा उनके साथ रहता था. W-1 के मुताबिक, वह उनकी सुरक्षा करता था.
इससे पहले भी W-1 ने बताया है कि रिभव उसे डांस पार्टियों में ले जाता था. लेकिन उसे डांस करने की परमिशन नहीं देता था. वह उनसे शादी का वादा भी करता था, जबकि वो पहले से शादीशुदा है. W-1 को लेकर रिभव दुबई भी गया था, जहां एक लग्जरी विला में ठहरा. उसने ये विला W-1 के लिए खरीदने की भी बात कही थी.
W-1 के अलावा दो और एस्कॉर्ट्स ने इन सब चीजों की पुष्टि की है. दिल्ली में रहने वाली ऐसी ही एक लड़की, जिसे सीबीआई ने चार्जशीट में W-2 कहा है, उसने बताया कि पहली बार जब वो मुजरा पार्टी में गई थी, तब उसे 50 हजार रुपये मिले थे. इसी साल जनवरी में उसे चंडीगढ़ में पंकज अग्रवाल के पास जाने के लिए कहा गया. उसकी फ्लाइट छूट गई तो कहा गया कि टैक्सी से आओ. मोहाली के होटल विंडहैम में एक सुइट में उसे ठहराया गया था. बाद में उसे सेक्शुअल सर्विस के लिए 75 हजार रुपये दिए गए.
जीरकपुर की रहने वाली एक तीसरी लड़की W-3 ने बताया कि पंकज अग्रवाल ने दो बार उसके साथ प्राइवेट कमरे में समय बिताया था. पार्टियों में परफॉर्मेंस के लिए उसे 10-12 हजार रुपये दिए गए.
वीडियो: दिल्ली पुलिस ने नेहा बोरा और योगेंद्र यादव को क्यों हिरासत में लिया?













