The Lallantop

मंगेतर से फोटोशूट कर रहा था युवक, पैर फिसलकर पानी में गिरा, डूबकर मौत हो गई

राजस्थान में एक पर्यटक स्थल पर गहरे पानी में डूबने से 20 साल के युवक की मौत हो गई. घटना के बाद रात भर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया. अगले दिन युवक का शव बरामद हुआ.

Advertisement
post-main-image
राजस्थान में गहरे पानी में डूबने से 20 साल के युवक की मौत. (फोटो- इंडिया टुडे)

राजस्थान के राजसमंद जिले में एक 20 साल के युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ, जब युवक अपनी मंगेतर से फोटोशूट करा रहा था. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. रातभर सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद अगले दिन युवक की लाश बरामद की गई. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मृतक की पहचान चित्तौड़गढ़ सुरजना चौकी निवासी अर्जुन दमामी के तौर पर हुई है. वो अपनी मंगेतर और उनके अंकल के साथ 9 जून को गोरी धाम घूमने गए थे. इंडिया टुडे से जुड़े देवेंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, गौरी धाम पहुंचने के बाद मंगेतर के अंकल मंदिर परिसर में ही रुक गए. इसके बाद कपल नीचे गहरे पानी की ओर चला गया.

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों यह कहकर नीचे गहरे पानी की तरफ गए कि वे फोटोशूट करके अभी वापस आ जाएंगे. नीचे पहुंचने के बाद अर्जुन नहाने के लिए पानी के नजदीक गया. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा.

Advertisement

अर्जुन को डूबता देख मंगेतर चिल्लाने लगी. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग फौरन घटनास्थल पर पहुंचे. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए दिवेर थाने के पुलिस अधिकारी दौलत सिंह मय जाप्ता अपनी टीम के साथ फौरान घटनास्थल पर पहुंचे.

पुलिस ने घटनास्थल पर सिविल डिफेंस टीम को भी बुलाया. देर रात तक गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. लेकिन अर्जुन का शव नहीं मिला. अगली सुबह उदयपुर से SDRF की टीम को बुलाया गया और फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद अर्जुन के शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. बाद में शव को परिजनों को सौंप दिया गया. 

दो महीने पहले ही मृतक की सगाई हुई थी. कुछ ही महीनों में शादी भी होने वाली थी. इस घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा कर दिया है.

Advertisement

वीडियो: 'वेलकम टू द जंगल' ट्रेलर लॉन्च पर जर्नलिस्ट से क्यों नाराज हुए अक्षय कुमार?

Advertisement