The Lallantop

हमीरपुर में यमुना नदी में नाव पलटी, महिला और दो बच्चों की मौत, तीन लापता

Hamirpur Boat Accident: हादसे में अब तक एक महिला और दो बच्चों समेत तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया है. तीन बच्चे अब भी लापता हैं.

Advertisement
post-main-image
गोताखोर लगातार नदी में तलाश कर रहे हैं. (फोटो: आजतक)
author-image
नाहिद अंसारी

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में 9 लोगों से भरी एक नाव यमुना नदी में अचानक पलट गई. हादसे में अब तक एक महिला और दो बच्चियों समेत तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया है. तीन बच्चे अब भी लापता हैं. गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. हालांकि, तेज बारिश की वजह से ऑपरेशन में काफी दिक्कत आ रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा बुधवार, 6 मई की देर रात कुरारा थाना क्षेत्र के पास हुआ. कुतुबपुर गांव में देशराज निषाद के घर शादी समारोह था. शादी के बाद विष्णु निषाद अपनी पत्नी और परिवार के सात बच्चों के साथ नाव से यमुना नदी पार कर दूसरी तरफ खेतों में तरबूज और खरबूजा खाने गए थे. लौटते समय नाव में तरबूज और खरबूजे भी रखे गए थे. इसी दौरान नदी के बीच नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई.

तीन बच्चे अब भी लापता

हादसे के वक्त नाव में कुल 9 लोग सवार थे. इनमें से विष्णु निषाद और एक बच्चा तैरकर बाहर निकल आए, जबकि एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने बचा लिया. बाकी तीन बच्चे नदी में डूब गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. जिला प्रशासन के साथ NDRF और SDRF की टीमें बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं.

Advertisement
DM ने क्या बताया?

जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक गोयल ने बताया कि गोताखोर लगातार नदी में तलाश कर रहे हैं. हालांकि तेज बारिश की वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कत आ रही है. अधिकारियों ने शुरुआत में बताया था कि एक महिला और 5 बच्चे लापता हैं, हालांकि इसके बाद महिला और दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए. प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: जबलपुर: बेटे को सीने से लगाए रखने वाली मां के आखिरी पल, क्रूज पलटने से ठीक पहले का वीडियो आया

Advertisement

इससे पहले, मध्यप्रदेश के जबलपुर से भी ऐसी ही घटना सामने आई थी. बरगी बांध में 30 अप्रैल की शाम भीषण आंधी के कारण 40-45 पर्यटकों से भरी नाव पलट गई. इस दर्दनाक घटना में अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 8 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.

वीडियो: जबलपुर क्रूज हादसे में जीवित बचे यात्रियों ने क्या बताया?

Advertisement