The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • jabalpur cruise accident mother and son last video bargi dam tragedy mp

जबलपुर: बेटे को सीने से लगाए रखने वाली मां के आखिरी पल, क्रूज पलटने से ठीक पहले का वीडियो आया

Jabalpur Cruise Accident से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला अपने चार साल के बेटे को आखिरी बार गोद में लिए हुए दिख रही है. वीडियो में यात्री क्रूज के अंदर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, तभी अचानक नाव में पानी भरने लगता है.

Advertisement
pic
pic
अर्पित कटियार
| रवीश पाल सिंह
2 मई 2026 (अपडेटेड: 2 मई 2026, 03:06 PM IST)
Jabalpur Cruise Accident NEW VIDEO
जबलपुर क्रूज हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है. (फोटो: ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे के बाद एक तस्वीर सामने आई, जिसे देख हर कोई भावुक हो गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक महिला का शव बरामद किया गया, जो अपने चार साल के मृत बेटे को सीने से लगाए हुए थी. दोनों मां-बेटे एक ही लाइफ जैकेट में थे. जल्द ही यह तस्वीर इस त्रासदी का चेहरा बन गई. अब इस हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वही महिला अपने बेटे को आखिरी बार गोद में लिए हुए दिख रही है.

क्या दिखा वीडियो में?

इंडिया टुडे से जुड़े रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो क्रूज के अंदर से लिया गया है, जिसमें एक महिला अपने बच्चे को सुरक्षित रखने की कोशिश करती हुई दिखाई दे रही है. महिला ने बच्चे को गोद में ले रखा है और ऊपर से लाइफ जैकेट पहनी हुई है.

वीडियो में यात्री क्रूज के अंदर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, तभी अचानक नाव में पानी भरने लगता है. नाव बुरी तरह हिलने लगती है और कुछ ही सेकंड में यात्रियों की हंसी चीख में बदल जाती है. इसके बाद क्रूज के कर्मचारी जल्दबाजी में लाइफ जैकेटों के बंडल खोलते हुए नजर आते हैं. 

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही 

अमूमन होता ये है कि अगर आप बोटिंग पर जाते हैं तो वहां मौजूद ऑपरेटर्स ये सुनिश्चित करते हैं कि सभी ने लाइफ जैकेट ठीक से पहनी हो. लेकिन यहां ऐसा कुछ भी नहीं था. इससे पहले, सर्वाइवर्स ने भी यही बताया था कि उन्हें पहले से लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई.

जब क्रूज डूबा तो मरीना मैसी और उनके चार साल के बेटे त्रिशान केबिन में फंस गए थे. दबाव इतना था कि दोनों की डूबकर मौत हो गई. 1 मई को रेस्क्यू टीम ने उनका शव बरामद किया. मरीना के पति प्रदीप कुमार भी इस क्रूज पर थे. उनकी जान बच गई है. उन्होंने बताया कि क्रूज पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी. लाइफ जैकेट इधर- उधर बिखरे पड़े थे. बाद में लोगों ने एक दूसरे को पहनाया. 

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

जबलपुर में हुए दुखद क्रूज हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. लापरवाही सामने आने पर कई कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई. क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी गई हैं. वहीं, होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को भी सस्पेंड किया गया है. रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर दिया गया है. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़ें: जबलपुर: जैकेट में अंत तक सीने से लगाए रही बेटे को मां, हादसे की इस तस्वीर ने रुला दिया पूरे देश को!

जबलपुर के बरगी बांध में 30 अप्रैल की शाम भीषण आंधी के कारण 40-45 पर्यटकों से भरी नाव पलट गई. इस दुखद हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कई यात्री अब भी लापता हैं. भारतीय सेना, NDRF और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

वीडियो: जबलपुर क्रूज हादसे में जीवित बचे यात्रियों ने क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()