ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी से महिला की बदतमीजी का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला लगातार सोसाइटी के गार्ड्स से बहस कर रही है. बहस करते हुए महिला ने कई बार आसपास मौजूद चीजों पर लात मारी और फिर अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया. महिला ने गार्ड्स के लिए जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
नोएडा में महिला की सोसाइटी गार्ड्स के साथ बदसलूकी, ‘अपने जूते साफ कराऊंगी तुझसे...’
ग्रेटर नोएडा के बिसरख स्थित आम्रपाली सेंचुरियन सोसाइटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में एक महिला गार्ड्स से बहस और गाली-गलौज करती दिखाई दे रही हैं. महिला पर गार्ड्स के लिए जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप है.

ये मामला ग्रेटर नोएडा के बिसरख में स्थित आम्रपाली सेंचुरियन सोसाइटी का है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक ये विवाद एक ऑनलाइन ऑर्डर की वजह से शुरू हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक महिला ने 25 अगस्त की रात खाना और सैनिटरी पैड ऑर्डर किया था. डिलीवरी एजेंट को गार्ड्स ने गेट पर वेरिफिकेशन के लिए रोका था. इसी बात पर नाराज होकर महिला ने जमकर तमाशा किया.
महिला अपने फ्लैट से निकल कर गेट पर आ गईं और गार्ड्स से बहस करने लगीं. महिला लगातार गालियां दे रही थीं और कई बार किक (लात मारना) भी मारी. ड्यूटी कर रहे गार्ड्स के लिए जातिसूचक शब्द का भी इस्तेमाल किया. बताया यह भी जा रहा है कि महिला ने बहुत अधिक शराब पी रखी थी. हालांकि, इस बारे में पुलिस की ओर से ऐसी कोई पुष्टि नहीं की गई है. विवाद के दौरान महिला ने गार्ड्स को लात मारने की भी कोशिश की. वायरल वीडियो में महिला लगातार ये कहती हैं,
मेरे सामने तुम लोगों की औकात क्या है? मार दूंगी सबको. तेरी कोई औकात नहीं मेरे आगे, जूता साफ करवाऊंगी तुझसे.
(यह भी पढ़ें: 'जितने बिहारी हैं...संभाल के रखो', नोएडा में महिला ने गार्ड को दी भद्दी गालियां)
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है. लोग वीडियो को अलग-अलग तरीके से शेयर कर रहे हैं. लेकिन पूरे वीडियो से एक बात क्लियर है कि महिला ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक विवाद के बाद वहां पुलिस पहुंची. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पहले स्थिति को संभाला. पुलिस ने बताया कि ये पूरा मामला डिलीवरी बॉय को रोके जाने के बाद शुरू हुआ. फिलहाल मामला शांत है और आगे की जांच जारी है.
वीडियो: SC में जजों के सामने गाली देने और पेपर उछालने वाले पर CJI क्या बोले?












