The Lallantop

अंतिम संस्कार के भी पैसे नहीं... रोते हुए बेटी पुलिस से बोली, मजदूर की नाले में गिरकर हुई थी मौत

UP: गोरखपुर में एक मज़दूर की नाले में गिरने से मौत हो गई. जब पुलिस ने उनके घरवालों को इसकी सूचना दी तो उन्होंने कहा कि उनके पास किराया देने तक के पैसे नहीं हैं. अब पुलिस ने खुद ही अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया है.

Advertisement
post-main-image
गोरखपुर में एक मज़दूर की नाले में गिरने से मौत. (फोटो-इंडिया टुडे)

बिहार से आए मज़दूर की उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में मौत हो गई. 9 जून की शाम फातिमा बाईपास रोड के पास स्थित एक खुले नाले में गिरकर उनकी मौत हुई. जब पुलिस ने मौत की खबर उनकी बेटी को दी तो उन्होंने अपनी बेबसी ज़ाहिर की. मज़दूर की बेटी ने कहा 'साहब मेरे पास गोरखपुर आने तक के पैसे नहीं हैं, आप ही मेरे पिता का अंतिम संस्कार कर दीजिए.'

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े गजेंद्र त्रिपाठी की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है. मृतक की पहचान तेतर दास के रूप में हुई. जब तेतर दास नाले में गिर गए तो स्थानीय लोगों ने शाहपुर थाने को सूचना दी. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर एक रस्सी के सहारे उन्हें बाहर निकाला. जिसके बाद उन्हें बीआरडी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने उनकी बेटी अंजू को पिता की मौत की खबर दी. 

बेटी ने क्या कहा? 

रिपोर्ट के मुताबिक, तेतर दास की बेटी अंजू बिहार में ही रहती हैं. पुलिस ने उनसे संपर्क किया. उनके पिता की मौत की खबर दी गई. तब अंजू ने पुलिस से रोते हुए बताया कि वे एक गरीब परिवार से आती हैं. 5 साल पहले ही कैंसर ने उनकी मां की जान ले ली थी. 10 साल पहले उनकी शादी हो चुकी है और अब उनके पांच बच्चे हैं. उनके पति भी मज़दूरी करते हैं. 

Advertisement

अंजू ने ये भी बताया कि पिछले 5 साल से उन्होंने अपने पिता से बात नहीं की है. 

ये भी पढ़ें: मजदूर के लिए सड़क बनी 'कब्र', सोते वक्त डंपर वाले ने मिट्टी में दबा दिया, दम घुटकर मौत

पुलिस करेगी 'अंतिम संस्कार'

पुलिस ने उनसे जब गोरखपुर आकर शव ले जाने को कहा तो अंजू ने अपनी बेबसी के बारे में बताया. अंजू ने कहा कि उनके हालात ऐसे हैं कि उनके पास गोरखपुर आने तक का किराया नहीं है. उन्होंने पुलिस से आग्रह किया कि प्रशासन ही उनके पिता का अंतिम संस्कार कर दे.

Advertisement

अंजू की लाचारी सुनकर पुलिस वाले भी भावुक हो गई. पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने फैसला लिया है कि तेतर दास के शव का अंतिम संस्कार गोरखपुर के राजघाट पर किया जाएगा.  

वीडियो: गोरखपुर में मिला महिला का शव, हत्या में तीन लोग शामिल

Advertisement