The Lallantop

'आवारापन 2' का ट्रेलर आया! क्या 14 साल बाद इमरान हाशमी का कमबैक होने वाला है?

मेकर्स ने उस सवाल का जवाब भी दे दिया कि आखिर 'आवारापन 2' में इमरान हाशमी का किरदार जिंदा कैसे हो गया.

Advertisement
post-main-image
14 अगस्त को 'आवारापन 2' और 'बंटवारा 1947' का क्लैश होगा. शबाना आज़मी दोनों फिल्मों में हैं.

जून 2007 में जब Emraan Hashmi स्टारर Awarapan सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई, तो दर्शकों ने उसे बिना आएं-बाएं देखे एकदम से रिजेक्ट कर दिया. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डिजाजस्टर साबित हुई. मगर धीरे-धीरे इसके गानों ने सबके दिलों में जगह बनानी शुरू कर दी. उन्हें अपनी प्लेलिस्ट में शामिल करना मेन्डेटरी-सा हो गया. उन गानों ने फिल्म को दूसरा जीवनदान दिया, जिसकी बदौलत 'आवारापन' को आज कल्ट स्टेटस मिल चुका है. अब 19 साल बाद मेकर्स फिल्म का सीक्वल यानी Awarapan 2 लेकर आ रहे है. कुछ देर पहले इसका ट्रेलर आया है. उसमें क्या कुछ खास है, हम बताते हैं.

Advertisement

यदि आपको याद हो, तो 'आवारापन' का अंत उस सीन पर हुआ था, जहां शिवम यानी इमरान हाशमी को गोली मार दी जाती है. उसकी मौत से कहानी पूरी हो गई थी. इसलिए जब विशेष फिल्म्स ने सीक्वल अनाउंस किया तो लोगों का पहला सवाल यही था- "शिवम मौत से वापस कैसे लौटेगा?" देखा जाए तो सेकेंड पार्ट का ट्रेलर उसी वापसी की कहानी बताता है. एक सीन में हमें कुछ बौद्ध भिक्षुओं की झलक दिखती है, जो शिवम का इलाज कर रहे हैं. इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि 'आवारापन' के क्लाइमैक्स में इमरान वाले किरदार की मौत नहीं हुई थी. बल्कि कुछ भिक्षुओं ने उसकी जान बची ली थी. इस एक सीन से दोनों फिल्मों के बीच जो 19 साल का गैप है, वो पटने लगता है.

ट्रेलर की शुरुआत 'तेरा मेरा रिश्ता पुराना' गाने से होती है. ये तय था कि मेकर्स इसे फिल्म में जरूर इस्तेमाल करेंगे क्योंकि 'आवारापन' को पॉपुलर करने में इस गाने का बहुत बड़ा हाथ है. पूरा ट्रेलर इस पर ही एडिट किया गया है, जो दर्शकों को फिल्म से एकाएक कनेक्ट कर देता है. जहां तक कहानी की बात है, शिवम भिक्षुओं की देख-रेख में रिकवर कर चुका है. पिछले पार्ट में वो गम में था मगर इस बार वो गुस्से से भरा हुआ है. इस कारण वो दोबारा अंडरवर्ल्ड में कदम रखता है. हालांकि इस बार उसके दुश्मन बदल गए हैं. संभव है कि उसका मकसद भी बदल गया हो. लेकिन वो मकसद क्या है, ट्रेलर में इसे कुछ खास रिवील नहीं किया गया. मगर वो जो कुछ भी है, इतना जरूरी तो है कि शिवम उसके लिए सबसे अकेले लड़ने को तैयार हो गया. इस बार वो पहले से भी ज्यादा खतरनाक है क्योंकि अब वो मौत का डर भूल चुका है.

Advertisement

'आवारापन' एक इमोशनल लव स्टोरी थी, जिसमें एक्शन बैकसीट पर था. 'आवारापन 2' का ट्रेलर देख महसूस हो रहा है कि ये एक एक्शन हैवी मूवी होगी. अब तक के एसेट्स में हम इमरान को गन फाइट्स और मुक्केबाजी करते देख चुके हैं. ये अपग्रेड गुस्से वाली बात को खुद में समेट लेता है. बावजूद इसके, मेकर्स ये नहीं भूले कि ये एक म्यूजिकल फिल्म है. तभी इसमें डायलॉग्स से ज्यादा गाने को रनटाइम मिला है.

'आवारापन 2' ट्रेलर की सबसे खास बात ये है कि मेकर्स ने इसमें कुछ खास रिवील नहीं किया. हां, आप ये जरूर बता देते हैं कि शिवम जिंदा कैसे बचा. मगर वो इतने सालों बाद किससे और क्यों लड़ रहा है, इसे ट्रेलर में नहीं दिखाया गया. ये काफी अच्छी बात है और ऐसे फिल्ममेकर्स के लिए सबक भी, जो ट्रेलर में ही पूरी कथा कह देते हैं. 'आवारापन 2' का ट्रेलर डेढ़ मिनट का भी नहीं, जो काफी सरप्राइजिंग है. अक्सर फिल्मों के टीज़र भी इससे दोगुने लेंथ के होते हैं. एक और बात जो इसमें नोटिस करने वाली है, वो ये कि इस बार मूवी की सिनेमैटोग्राफी पर अच्छा काम किया गया है. थाईलैंड और मलेशिया के नीले, पीले, लाल, हरे रंग स्क्रीन पर बेहतरीन ढंग से उकेरे गए हैं. इससे फिल्म की विजुअल अपील बढ़ जाती है. रही गानों की बात, तो इसमें टोटल छह गाने होंगे. आने वाले दिनों में यदि मेकर्स उन्हें रिलीज़ कर देते हैं तो फिल्म की हाइप बढ़ जाएगी.

कुल मिलाकर, 'आवारापन 2' का ट्रेलर अच्छा है. इसके लिए ट्रेलर एडिट करने वाले देवेन्द्र मुर्देश्वर को भी क्रेडिट दिया जाना चाहिए. पिछले कुछ दिनों से फिल्म की चर्चा एकाएक बंद हो गई थी. उम्मीद है कि इस ट्रेलर से मेकर्स दोबारा कुछ बज़ बना पाएंगे. ये इमरान हाशमी के लिए भी जरूरी है क्योंकि उनकी लास्ट सोलो हिट 2012 में आई ‘राज़ 3’ थी. तब से अब तक वो पिछले 14 सालों में 20 फ्लॉप फिल्में दे चुके हैं. इसलिए वो उम्मीद करेंगे कि ‘आवारापन 2’ से उनका कमबैक हो जाए. वैसे इस बार फिल्म को मोहित सूरी ने नहीं, बल्कि 'जवानी जानेमन' और 'फिल्मिस्तान' वाले नितिन कक्कड़ ने डायरेक्ट किया है. इमरान हाशमी के अलावा दिशा पाटनी, शबाना आज़मी, विजयंत कोहली, सुविन्दर विकी, अतुल कुमार और अनिरुद्ध रावल जैसे एक्टर्स ने फिल्म में काम किया है. 'आवारापन 2' का क्लैश 14 अगस्त को ही रिलीज़ हो रही सनी देओल स्टारर 'बंटवारा 1947' से होगा.

Advertisement

वीडियो: इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' के लिए लाइन लगाकर खड़े हैं डिस्ट्रिब्यूटर्स!

Advertisement