दिल्ली के एक नाइटक्लब में कुछ बाउंसरों (सुरक्षाकर्मी) ने एक शख्स को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. आरोप है कि एक महिला पर बीयर गिरने के बाद हुए झगड़े में क्लब के बाउंसरों ने 29 साल के दलजीत और उसके दोस्तों की बेरहमी से पिटाई की. गंभीर रूप से घायल होने की वजह से दलजीत की मौत हो गई. दलजीत ड्राइवर का काम करता था.
दिल्ली के नाइट क्लब में महिला पर गिरी बीयर, बाउंसरों ने शख्स को पीट-पीटकर मार डाला
दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के एक नाइट क्लब में एक शख्स से एक महिला पर बीयर गिर गई. यहीं से विवाद शुरू हुआ और फिर क्लब के बाउंसरों ने इस शख्स और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी.

आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मामला दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में एक नाइट क्लब का है. 10 अक्टूबर की रात रघुवीर नगर निवासी दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ क्लब गया था. वहां उसके एक दोस्त की बीयर एक महिला पर गिर गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया.
आरोप है कि बहस बढ़ने पर क्लब के बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी. दलजीत की ओर से माफी मांगने के बावजूद हमला नहीं रुका. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान क्लब के वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए और दलजीत और उसके दोस्तों को डंडों और कांच की बोतलों से पीटा.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में भाई के सामने युवक की चाकू मारकर हत्या, 3 नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
भागने की कोशिश पर दोबारा पीटारिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने बताया कि दलजीत और उसके दोस्तों ने हमलावरों से बचकर निकलने की कोशिश की. लेकिन आरोपियों ने उन्हें वापस अंदर खींच लिया और फिर से मारपीट की. इस हमले में दलजीत को सबसे गंभीर चोटें आईं. बताया गया कि उसके दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित घर ले गए. वहां एंट्री गेट के पास ही वह गिर पड़ा.
इसके बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस नाइटक्लब के CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है.
वीडियो: ‘ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर जाएंगे’, प्रोटेस्टर्स ने दिल्ली पुलिस को दौड़ाया!












