The Lallantop

दिल्ली: मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग, 21 लोगों की मौत

Delhi Malviya Nagar Fire: इस हादसे में करीब 21 लोगों की मौत हो गई है. कई लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू किया गया है.

Advertisement
post-main-image
आग पर काबू पा लिया गया है. (फोटो: PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिल्ली के मालवीय नगर स्थित 'फ्लोरिश स्टे बीएंडबी' होटल में 3 जून को आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हुई और 47 से अधिक लोग बचाए गए।
  • होटल में आग लगने की सूचना सुबह 8:48 बजे मिली, जिसके बाद दमकल विभाग और पुलिस ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और आग बुझाने में आठ दमकल गाड़ियों का उपयोग किया।
  • प्रधानमंत्री ने PMNRF से मृतक के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया, जबकि रेस्क्यू और जांच कार्य जारी हैं।
author-image
अरविंद ओझा

राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार, 3 जून की सुबह एक होटल में भीषण आग लग गई. इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है. 40 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है. कई लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी सुबह करीब 9 बजे मिली थी. इसके बाद आग बुझाने वाली दस गाड़ियां मौके पर भेजी गईं.

Advertisement

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट में लगी आग में मरने वालों में से ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं. DCP (साउथ) अनंत मित्तल ने बताया, 

“आज सुबह 08:48 बजे मालवीय नगर स्थित 'फ्लोरिश स्टे बीएंडबी' में आग लगने की सूचना मिली. लोकल पुलिस स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. 8 दमकल गाड़ियों की मदद से आग को सफलतापूर्वक बुझा दिया गया है. 40 से ज्यादा लोगों को बचाया गया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”

Advertisement

उन्होंने बताया कि इस दुखद घटना में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी हैं.

मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि अब तक 21 लोगों की मौत हुई है और 47 लोगों को बचाया गया है. उन्होंने आगे कहा,

"आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है. यह बहुत दुखद घटना है. सरकारी एजेंसियां सर्च और रेस्क्यू मिशन में लगी हुई हैं. अगर एजेंसियों ने समय पर कार्रवाई नहीं की होती, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी. यहां बांग्लादेशी और SAARC देशों के लोग थे जो यहां मेडिकल इलाज के लिए आए थे और बीएंडबी रेस्टोरेंट में रुके थे."

Advertisement

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने X पर लिखा कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की मौत दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.

पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हर मृतक के परिवार वालों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का ऐलान किया है.

pmo
PMO का पोस्ट. (X)

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर के हादसे पर दुख जाहिर किया. उन्होंने X पर लिखा कि मालवीय नगर में आग लगने की भयानक घटना में हुई दुखद मौतों से बहुत दुख हुआ. उन्होंने शोक में डूबे परिवारों के लिए गहरी संवेदनाएं जताईं.

सीएम ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही, रेस्क्यू के लिए दिल्ली फायर सर्विसेज, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एंबुलेंस सर्विसेज और दूसरी इमरजेंसी रिस्पॉन्स एजेंसियों की टीमों को भेजा गया.

rekha gupta x
सीएम रेखा गुप्ता का पोस्ट. (X)

दिल्ली के गृह और शहरी विकास मंत्री आशीष सूद घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. उनके पास शिक्षा, बिजली, हायर एजुकेशन, ट्रेनिंग और टेक्निकल एजुकेशन जैसे अहम विभाग भी हैं.

वीडियो: नोएडा के सबसे बड़े फर्नीचर मार्केट में आग, चश्मदीदों ने क्या बताया?

Advertisement