मध्यप्रदेश के दतिया में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के विरोध में प्रदर्शन हिंसक हो गया. शनिवार, 11 जुलाई तड़के प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है. हालात को देखते हुए दतिया में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है.
BJP से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर समर्थकों का बवाल, पुलिस पर पत्थरबाजी में SP-ASP घायल, 15km जाम
Madhya Pradesh के दतिया में BJP नेता Narottam Mishra का टिकट कटने पर प्रदर्शन हिंसक हो गया. पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी. सुरक्षा के लिए दतिया में धारा 163 लागू की गई है. क्या है मामला?


आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, विरोध की शुरुआत तब हुई, जब BJP ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया. 2023 में नरोत्तम मिश्रा इसी सीट से BJP के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे.
आशुतोष तिवारी की उम्मीदवारी से नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए. इसके बाद शुक्रवार, 10 जुलाई को नरोत्तम मिश्रा के गुस्साए समर्थकों ने हाईवे जाम कर दिया, टायर जलाए और टिकट बदलने की मांग की.
प्रदर्शन की वजह से नेशनल हाईवे-44 पर करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. झांसी और ग्वालियर की ओर से आने वाली गाड़ियों को पुलिस ने बायपास से निकाला. कई गाड़ियां दो घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसी रहीं. शहर के कुछ बाजार भी बंद रहे.
पुलिस ने क्या बताया?दतिया के पुलिस अधीक्षक (SP) मयूर खंडेलवाल ने कहा,
“शुक्रवार शाम से करीब 3,000 लोगों ने शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की. प्रदर्शनकारी बाजार बंद कराने और चक्का जाम करने पर अड़े रहे. प्रशासन लगातार उन्हें समझाता रहा, लेकिन सुबह करीब 4 बजे उन्होंने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया.”
SP ने बताया कि पत्थरबाजी में 6 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और उन्हें भी चोटें आई हैं. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी लोगों से सरेंडर करने या शांतिपूर्वक लौटने को कहा गया है.
बीजेपी पार्षदों ने दिया इस्तीफाइस बीच बीजेपी जिलाध्यक्ष रघुवीर सरन समेत जिला इकाई के कई पदाधिकारियों और बीजेपी पार्षदों ने अपने इस्तीफे दे दिए हैं. सूत्रों के मुताबिक, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थक शनिवार को दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और आशुतोष तिवारी की जगह नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग करेंगे. खबर है कि नरोत्तम मिश्रा भी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं.
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के गृहमंत्री 'आदिपुरुष' पर भड़के, कानूनी कार्रवाई की धमकी दे डाली
क्यों हो रहा उपचुनाव?2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने नरोत्तम मिश्रा को करीब 7,000 वोटों से हराया था. लेकिन कोऑपरेटिव बैंक धोखाधड़ी से जुड़े एक बेहद पुराने आपराधिक मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली की एक अदालत ने राजेंद्र भारती को 3 साल की कैद की सजा सुना दी. इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई और उपचुनाव की नौबत आ गई.
इस बार पार्टी ने आंतरिक फीडबैक और सर्वे के आधार पर उम्मीदवार बदलते हुए आशुतोष तिवारी को टिकट दिया, जिसके बाद दतिया में बीजेपी के भीतर विरोध खुलकर सामने आ गया.
वीडियो: नरोत्तम मिश्रा की सीट पर चौंकाने वाले नतीजे, ऐसा तो शिवराज सिंह चौहान ने भी नहीं सोचा होगा













