The Lallantop

IPS भानु प्रताप सिंह की कहानी, जिन्हें पत्नी से विवाद के चलते SP पद से हटा दिया गया

बिहार के खगड़िया के SP भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने उन पर और ससुराल वालों पर प्रताड़ना और 6 साल की बेटी से न मिलने देने के आरोप लगाए हैं. इन सबके बीच भानु प्रताप सिंह को IPS के पद से हटा दिया गया है.

Advertisement
post-main-image
IPS भानु प्रताप सिंह को पत्नी से विवाद के बाद पद से हटा दिया गया. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • बिहार सरकार ने IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह को उनके खिलाफ पत्नी पूजा सिंह के प्रताड़ना के आरोपों के बाद खगड़िया SP के पद से हटा कर पुलिस मुख्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है।
  • IPS भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने उनपर छह साल की बेटी से मिलने नहीं देने और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद उन्होंने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
  • महिला आयोग और पुलिस मामले की जांच कर रही हैं, जबकि पूजा सिंह ने परिवार को सुलझाने के लिए बातचीत और शिकायत वापस लेने की इच्छा भी जताई है।

बिहार में एक IPS अधिकारी को उनकी पत्नी के लगाए आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक यानी एसपी की कुर्सी से हटा दिया गया. खगड़िया के SP भानु प्रताप सिंह पर उनकी पत्नी पूजा सिंह ने प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पति और ससुराल वाले उन्हें छह साल की बेटी से मिलने तक नहीं दे रहे. बेटी से मिलाने की मांग को लेकर पूजा मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर भी बैठीं. इसके बाद पूजा सिंह ने पटना के महिला थाने में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दी. 

Advertisement

इस मामले में Secretariat SDPO-1 अनु कुमारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की थी. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. हालांक‍ि वीडि‍यो रि‍कॉर्ड क‍िए जाने तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई थी.

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पूजा सिंह अपने पति से तलाक नहीं चाहतीं. उनका कहना है कि वो आज भी अपने पति और बेटी के साथ घर बसाना चाहती हैं. वो चाहती हैं कि पति उनसे बातचीत शुरू करें और परिवार फिर से एक साथ रहे. यहां तक कि अगर भानु प्रताप सिंह रिश्ते को सुधारने और परिवार को साथ रखने के लिए तैयार होते हैं तो पूजा अपनी पुलिस शिकायत वापस लेने को भी तैयार हैं.

Advertisement
महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

मामले में बिहार राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग ने भानु प्रताप सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है. वहीं, बिहार सरकार ने भानु प्रताप सिंह को खगड़िया SP के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है. उनकी जगह शिवहर के एसपी शैलेन्द्र सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है. वहीं, मोहिबुल्ला अंसारी को शिवहर का नया SP नियुक्त किया गया है.

2016 में हुई थी शादी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भानु प्रताप सिंह और पूजा सिंह की शादी साल 2016 में हुई थी. उस वक्त भानु प्रताप सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और उनके पास कोई सरकारी नौकरी नहीं थी. पूजा सिंह ने उस वक्त उनका साथ देने का फैसला किया. उन्होंने एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाकर घर चलाने और पति की तैयारी में सपोर्ट किया. बाद में भानु प्रताप सिंह ने सिविल सर्विस एग्जाम पास क‍िया और IPS अधिकारी बने. वो 2021 बैच के बिहार कैडर के IPS हैं.

Advertisement

भानु प्रताप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले हैं. उन्होंने हिंदी लिटरेचर में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. सिविल सर्विस में आने के लिए उन्होंने लगातार कोशिशें कीं. साल 2018 से 2020 के बीच उन्होंने UPSC और स्टेट सिविल सर्विस एग्जाम में कामयाबी हासिल की. IPS बनने के बाद उनकी शुरुआती अहम पोस्टिंग मुजफ्फरपुर में टाउन ASP के तौर पर हुई. यहां उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया. सड़कों पर दबंगई और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की वजह से उनकी पहचान एक सख्त पुलिस अधिकारी के तौर पर बनने लगी.

ये भी पढ़ेंः 40 विला के बदले IAS-IPS दंपती ने क्या डील की थी? एंटी करप्शन ब्यूरो करेगी जांच

सख्त पुलिस अधिकारी के तौर पर पहचान

इसके बाद दानापुर में ASP रहते हुए भी वो कई पुलिस कार्रवाइयों को लेकर चर्चा में रहे. दिसंबर 2024 में बाहुबली विधायक रीतलाल यादव के भाई पिंकू यादव से जुड़े मामले में पुलिस कार्रवाई ने भी उन्हें सुर्खियों में ला दिया था. उन्होंने पिंकू यादव के ठिकानों पर छापेमारी की थी. AIIMS के सिक्योरिटी ऑफिसर पर फायरिंग के मामले में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन अवैध हथियार और करीब साढ़े 11 लाख रुपये कैश बरामद किए थे. लेकि‍न अब IPS भानु प्रताप सिंह अपनी निजी जिंदगी में चल रहे विवाद को लेकर चर्चा में हैं. 

एक तरफ पूजा सिंह अपने परिवार को फिर से जोड़ने की गुहार लगा रही हैं, तो दूसरी तरफ उनके पति पर लगाए गए आरोपों की जांच होनी है. फिलहाल भानु प्रताप सिंह का पक्ष सामने आना बाकी है. 

वीडियो: रखवाले: PNS Ghazi का अनसुना सच! इंडियन नेवी के TOP गन कमांडर नवीन पंडिता ने सब बता दिया

Advertisement