पश्चिम बंगाल के हावड़ा से लापता हुईं नेशनल राइफल शूटर दमयंती सेन मिल गई हैं. पुलिस ने बताया कि 15 साल की दमयंती को शनिवार, 18 जुलाई को तड़के हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट इलाके से सुरक्षित बरामद किया गया. वह गुरुवार, 16 जुलाई से लापता थीं. पुलिस लगातार उन्हें तलाश कर रही थी. दमयंती के पिता ध्रुवज्योति सेन ने बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें जानकारी दी थी कि उनकी बेटी रामकृष्णपुर गंगा घाट पर देखी गई है.
गंगा घाट पर मिलीं लापता नेशनल राइफल शूटर दमयंती सेन, क्यों छोड़ दिया था घर?
Damayanti Sen एक राइफल शूटर हैं. तलाश के दौरान उन्हें Howrah Railway Station और हुगली के श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन पर देखा गया था. 18 जुलाई को दमयंती अपने आप हावड़ा लौट आईं. उन्होंने अपना घर क्यों छोड़ा था?


परिवार के सूत्रों ने बताया कि दमयंती के बारे में पता चलते ही परिवार के सदस्य गंगा घाट पहुंचे और उन्हें सुरक्षित अपने साथ ले आए. बाद में उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया. इंडिया टुडे से जुड़े बैधनाथ झा की रिपोर्ट के मुताबिक, दमयंती के पिता ध्रुवज्योति सेन ने कहा,
"मेरी बेटी मिल गई है. फिलहाल मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, क्योंकि मैं अभी थाने में हूं."
इस मामले में पुलिस ने भी बयान दिया है. हावड़ा सिटी पुलिस ने कहा कि दमयंती ने अपने बयान में बताया कि उन्हें अपने स्पोर्ट्स और पढ़ाई के बीच बैलेंस बनाने को लेकर बहुत स्ट्रेस था. दमयंती के मुताबिक, स्ट्रेस के कारण वह घर छोड़ने के बाद कई जगहों पर गई थीं, और आखिर में अपने होमटाउन हावड़ा लौट आईं.
दमयंती के बयानों की अभी पूरी तरह से पुष्टि होनी बाकी है. रिपोर्ट के मुताबिक, दमयंती सेन आगे की कानूनी फॉर्मैलिटीज को पूरा करने के लिए हावड़ा पुलिस स्टेशन की देखभाल और कस्टडी में है.
कैसे लापता हुई थीं दमयंती सेन?दमयंती सेन पश्चिम बंगाल के सेंट्रल हावड़ा की उमाचरण भट्टाचार्य लेन की निवासी हैं. परिजनों के अनुसार, वह गुरुवार 16 जुलाई की सुबह दुकान से सामान खरीदने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिवार ने हावड़ा थाने में दमयंती सेन की गुमशुदगी की रिपोर्ट (मिसिंग डायरी) दर्ज कराई.
दमयंती सेन के पिता ध्रुवज्योति सेन पेशे से टीचर हैं. उन्होंने बताया था कि दमयंती को नेशनल टीम के ट्रायल में हिस्सा लेने का मौका मिला है. वह शूटिंग की होनहार खिलाड़ी हैं और रोज रेगुलर ट्रेनिंग करती हैं. परिवार के मुताबिक, घर में किसी तरह का विवाद या तनाव नहीं था और दमयंती का मोबाइल भी घर पर ही रह गया था.
यह भी पढ़ें: पिस्टल शूटर डोप टेस्ट में फेल, एशियन गेम्स से पहले टीम से किया गया बाहर
परिजनों के अनुसार, दमयंती को पहले हावड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 4 और 5 पर देखा गया. इसके बाद वह हुगली के श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन और वहां पर जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान आखिरी बार नजर आई थीं. हावड़ा में बरामदगी के बाद वे पूरी तरह सुरक्षित हैं, और पुलिस स्टेशन की निगरानी में हैं.
वीडियो: फरीदाबाद में नाबालिग महिला शूटर ने नेशनल लेवल कोच पर लगाया रेप का आरोप











