पश्चिम बंगाल के हावड़ा की 15 साल की नेशनल राइफल शूटर दमयंती सेन रहस्यमयी हालात में लापता हो गई हैं. दमयंती सेंट्रल हावड़ा में उमाचरण भट्टाचार्य लेन की रहने वाली हैं. परिजनों के अनुसार, वे गुरुवार, 16 जुलाई की सुबह घर से दुकान पर कुछ सामान खरीदने के लिए बाहर निकली थीं, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटीं. काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका. उन्हें आखिरी बार हुगली के श्रीरामपुर में देखा गया.
नेशनल शूटर दमयंती सेन 'रहस्यमयी' तरीके से लापता, आखिरी बार हुगली में दिखीं
Damayanti Sen Shooter Missing: पश्चिम बंगाल की नेशनल राइफल शूटर दमयंती सेन को ढूंढने के लिए पुलिस काफी कोशिश कर रही है. उन्हें पहले हावड़ा रेलवे स्टेशन और फिर श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन पर देखा गया था, लेकिन तब से कुछ पता नहीं चल सका है.


इंडिया टुडे से जुड़े बैधनाथ झा की रिपोर्ट के मुताबिक, दमयंती के पिता ध्रुवज्योति सेन ने बताया कि उनकी बेटी को नेशनल टीम के ट्रायल में हिस्सा लेने का मौका मिला है. उन्होंने बताया कि दमयंती ने शूटिंग में कड़ी मेहनत के साथ कई बार कामयाबी हासिल की है. दमयंती हर रोज सुबह नियमित रूप से अभ्यास करती थीं.
दमयंती के पिता ने क्या बताया?ध्रुवज्योति सेन पेशे से टीचर हैं. उन्होंने कहा कि बुधवार, 15 जुलाई की रात को भी दमयंती जल्दी सो गई थीं. उनका मोबाइल फोन घर पर ही था. परिवार के अनुसार, घर में किसी तरह का विवाद या तनाव भी नहीं था. ऐसे में उनके अचानक लापता होने की वजह समझ से परे है.
दमयंती के अचानक गायब होने से पूरा परिवार, रिश्तेदार और उनके साथी खिलाड़ी गहरी चिंता में हैं. इस मामले में परिवार ने हावड़ा थाने में दमयंती सेन की गुमशुदगी की रिपोर्ट (मिसिंग डायरी) दर्ज कराई है. परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए भी दमयंती को तलाश करने में लोगों से मदद की अपील की है.
दमयंती को आखिरी बार कहां देखा गया?ध्रुवज्योति सेन का कहना है कि दमयंती सेन को पहले हावड़ा रेलवे स्टेशन के 4 और 5 नंबर प्लेटफार्म पर देखा गया. इसके बाद उन्हें श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन और वहां जगन्नाथ यात्रा रथ यात्रा के दौरान आखिरी बार देखा गया. ध्रुवज्योति ने पुलिस ने अपनी बेटी को ढूंढकर लाने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: पिस्टल शूटर डोप टेस्ट में फेल, एशियन गेम्स से पहले टीम से किया गया बाहर
हावड़ा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. हावड़ा सिटी पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि मिसिंग डायरी मिलने के बाद एक केस दर्ज किया गया है. जहां-जहां पुलिस को सुराग मिल रहा है, वहां पुलिस पहुंचकर जांच और छानबीन कर रही है.
वीडियो: फरीदाबाद में नाबालिग महिला शूटर ने नेशनल लेवल कोच पर लगाया रेप का आरोप












