दिल्ली में 27 सितंबर को महीने की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई. 2001 के बाद से पहली बार सितंबर महीने में रात का तापमान 21°C रहा. अब सवाल उठता है कि क्या ये सर्दियों का आगाज़ है या फिर महज़ मौसम की एक करवट. बीते दिनों देश के कई राज्यों में जमकर बारिश हुई है. ऐसे में एक सवाल एल-नीनो इफेक्ट को लेकर भी है. क्या इसकी वजह से सर्दियां जल्दी आ सकती हैं? इसे समझते हैं.
25 साल बाद आई सितंबर की सबसे ठंडी रात, क्या इस बार सर्दी जल्द दस्तक देगी?
दिल्ली में सितंबर महीने की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई. बताया गया कि मौसम में अचानक बदलाव का कारण है बंगाल की खाड़ी में उठा 'डिप्रेशन'. इस डिप्रेशन की वजह से देश के कई राज्यों में बारिश हुई है. लेकिन क्या इसका मतलब है कि सर्दियां जल्दी आ सकती हैं?

मौसम तक चैनल से जुड़े देवेंद्र त्रिपाठी ने इंडिया टुडे को बताया कि मौसम में हालिया बदलाव ‘बे ऑफ़ बंगाल’ में ‘डिप्रेशन’ की वजह से है. डिप्रेशन माने वो क्षेत्र जहां हवा का दबाव कम होता है. उनके मुताबिक, डिप्रेशन लंबे समय से बंगाल की खाड़ी में घूम रहा है जिसकी वजह से देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. सितंबर-अक्टूबर का महीना भारत में मानसून के लौटने का भी समय है. जैसे-जैसे मॉनसून वापस लौटता है, हिमालयी क्षेत्र और उत्तरी मैदानी इलाकों में पश्चिमी हवाएं तेज़ हो जाती हैं.
इस डिप्रेशन की वजह से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ-ईस्ट के कुछ हिस्सों में बारिश हुई. दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान में भी इसका असर देखने को मिला.

बताया गया कि लगातार बादल छाए रहने, हवा में बहुत ज़्यादा नमी और लगातार बारिश की वजह से दिन के समय गर्मी कम रही और इसी वजह से मौसम ठंडा बना रहा.
ये भी पढ़ें: कौन चुरा ले गया दिल्ली से सर्दी?
क्या सर्दियां जल्दी आएंगी?अब आते हैं कि क्या यहां जो एल-नीनो इफेक्ट काम कर रहा है, उसके चलते सर्दियां जल्दी आ जाएंगी. इसका सीधा जवाब है नहीं. मौसम में बदलाव केवल इस वेदर सिस्टम की वजह से है जिसकी शुरुआत बे ऑफ़ बंगाल से हुई है. तो क्या अब मौसम फिर गर्म हो जाएगा? रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में धूप ज़्यादा तेज़ होने की संभावना है. अनुमान है कि उत्तरी मैदानी क्षेत्र में बादल साफ होंगे और तापमान फिर ऊपर जाएगा.
क्या इसे हम सर्दियों का आगाज़ मानें? नहीं, इस सर्द रात का मतलब सर्दी का शुरू होना नहीं है. इसे सिर्फ मौसम की करवट समझकर छोड़ा जा सकता है. इस बीच, म्यांमार के पास बना एक और डिप्रेशन उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बढ़ सकता है और अगले कुछ दिनों में ज़मीन की ओर आगे बढ़ सकता है. लेकिन इसका असर पिछले वाले से कम ही होगा, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है.
वीडियो: कड़ाके की सर्दी और अनशन पर बैठे किसान












