कंगना रनौत. पॉलिटिशियन टर्न एक्ट्रेस. अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहती हैं. पिछले दिनों उन्होंने युवा हिंदू महिलाओं का जिक्र करते हुए 'जेनरेशन जेड' को 'जेनरेशन गटर' बताया था. बयान पर बवाल हुआ, जमकर आलोचना भी हुई. अब इस मामले पर उनकी सफाई आई है. कंगना का दावा है कि उनका बयान एक टारगेटेड ग्रुप के लिए था, भारत की पूरी जेनरेशन जेड (जेन Z) आबादी के लिए नहीं. लगे हाथ उन्होंने ये भी कह दिया कि जो खुद को 'कॉकरोच' मानते हैं, उनको गटर से जोड़े जाने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए.
'कॉकरोच तो गटर में ही रहता है', कंगना रनौत ने बताया किसके लिए ये कहा था
कंगना रनौत ने जेनरेशन जेड को जेरनेशन गटर बताने वाले अपने बयान पर सफाई दी है. उनका कहना है कि उनका बयान एक खास वर्ग के लिए था, जोकि खुद को कॉकरोच कहता है. कंगना ने कहा कि अगर वे खुद को कॉकरोच कह रहे हैं तो उनको गटर से क्या आपत्ति है.

कंगना रनौत ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि उनका स्टेटमेंट खास तौर पर उन लोगों के लिए था जो खुद को कॉकरोच बताते हैं. उन्होंने कहा,
जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, और हम कहते हैं कि कॉकरोच गटर से निकलते हैं, तो इसमें क्या गलत है? मेरा बस इतना कहना है कि अगर लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, और हम कहते हैं कि गटर उनका घर है, तो उनको बुरा क्यों लगना चाहिए?
कंगना रनौत ने आगे कहा,
मैं खुद को कॉकरोच तो बिल्कुल भी नहीं मानती. अगर कोई मुझसे कहे कि मैं गटर में रहती हूं, तो मैं इसे नकार दूंगी. लेकिन अगर कोई खुद को कॉकरोच कहता है, तो जाहिर है कि वह गटर में ही रहेगा और कहां रहेगा?
उन्होंने कहा कि उनका कॉमेंट युवाओं के एक खास वर्ग के लिए था, न कि सभी यंगस्टर्स (जेन Z) के लिए. कंगना ने आगे बताया,
अगर कुछ युवा ड्रग्स लेते हैं, या हम ड्रग्स, सट्टेबाजी, जुए या डार्क वेब की लत के मौजूदा ट्रेंड पर चर्चा करते हैं, तो युवाओं के एक खास वर्ग का जिक्र करने का ये मतलब नहीं है कि मैं सभी के बारे में कोई आम बात कह रही थी. मैंने खास तौर पर कुछ लोगों या कुछ महिलाओं का जिक्र किया था.
ये भी पढ़ें - 'गटर जेनरेशन' बयान पर कंगना रनौत से मारपीट? वायरल वीडियो का सच ये है
नसीरुद्दीन शाह पर फिर से अटैक
कंगना रनौत ने बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह पर भी जुबानी हमला किया है. इससे पहले उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को 'लोमड़ी' कहा था, जिसका अब उन्होंने बचाव किया है. कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह पर 'पाकिस्तान प्रेम' का आरोप लगाते हुए कहा,
ये पाकिस्तान की प्रेम कथा कब खत्म होगी? जब देखो, ये पाकिस्तान के प्यार में मरे रहते हैं. विभाजन को इतने साल हो गए हैं, तो ये लव स्टोरी खत्म क्यों नहीं हो रही.
नसीरुद्दीन शाह और कंगना रनौत के बीच पिछले कुछ दिनों से जुबानी जंग चल रही है. इसकी शुरुआत तब हुई जब कंगना ने एक्टर पीयूष मिश्रा की पोस्ट शेयर करते हुए झारखंड में छात्रों पर हो रहे लाठीचार्ज पर नसीरुद्दीन की चुप्पी पर सवाल उठाए थे.
वीडियो: भारत के बाद पाकिस्तान में बनी 'कॉकरोच पार्टी,' शहबाज शरीफ की बढ़ी चिंता?











