उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. लेकिन चुनाव से पहले ही पार्टियों और नेताओं ने फ्रंट पर आकर खेलना शुरू कर दिया है. राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सपा और बाकी विपक्ष पर मुस्लिम समुदाय के तुष्टिकरण का आरोप लगाया है. उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ाने का काम किया गया था तो किसी मस्जिद में भी हनुमान चालीसा का पाठ करवा देते.
सेक्युलर थे तो मस्जिद में हनुमान चालीसा भी पढ़वा देते: सीएम योगी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर मुस्लिम समुदाय के तुष्टिकरण का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ाने का काम किया गया था तो किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ भी करा देते.


पंचायत आजतक में बोलते हुए सीएम योगी विपक्षी दलों पर हमलावर रहे. उन्होंने पिछली सरकारों की सेक्युलर छवि पर सवाल उठाए. सीएम योगी ने कहा कि पहले यूपी में पर्व-त्योहारों के समय पथराव हो जाया करता था. उन्होंने कहा कि पहले जब-तब कर्फ्यू लग जाया करता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा,
‘आज मुझे अच्छा लगता है जब कोई पर्व और त्यौहार किसी भी समुदाय का हो, हिन्दू हो, मुसलमान हो, सिख हो, क्रिश्चियन हो, किसी का भी होता है और उनका पर्व वो बहुत अच्छे ढंग से मनाते हैं. त्योहार के बाद वो आकर के मुझे धन्यवाद देते हैं कि साहब बहुत अच्छा हो गया कार्यक्रम. तो मैं बोलता हूं कि 9 वर्ष के बाद तो कम से कम धन्यवाद मत दो.’
सीएम योगी ने कार्यक्रम में सावन के महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के पहले दिन से उन्होंने तय कर रखा है कि हर पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से होगा. उन्होंने कहा कि अपने 9 साल के कार्यकाल में उन्होंने ये करके दिखाया है. सीएम ने कहा,
‘याद करिए 2017 के पहले की सरकारें क्या करती थीं. अभी हमारी कावड़ यात्रा प्रारंभ होने वाली है, उस पर एक समय क्या हुआ करता था.’
'मस्जिद में पढ़वाते हनुमान चालीसा'सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं. उन्होंने कहा,
‘ये आज आस्था की बात करते हैं. जिन लोगों ने पवित्र हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाकर पूरे सामाजिक वातावरण को खराब करने का प्रयास किया है, वो किस मुंह से आस्था की बात करते हैं. देश के उच्चतम न्यायालय में शपथ पत्र दाखिल कर रहे थे. जो लोग राम और कृष्ण के नहीं हुए, आज ये लोग आस्था की बात कर रहे हैं. जिन लोगों ने चाहा कि राम मंदिर का निर्माण न हो. उस मुद्दे पर हर प्रकार से बाधा और बैरियर लगाने के प्रयास किए. उन्होंने राम मंदिर के विरोध में अपने अधिवक्ता खड़े किए, आज वे आस्था की बात कर रहे हैं.’
यूपी के सीएम ने आगे कहा ,
'अगर आप सेक्युलर थे, एक जगह आप नमाज पढ़वा रहे थे तो किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा देते. दोनों एक साथ होता तो चलो मान्य हो जाता कि दोनों समाज सहमत हैं, लेकिन ये वन-वे चल रहे थे. ऐसे लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं.'
ये भी पढ़ें:- नरोत्तम मिश्रा नामांकन का पर्चा भी खरीद लिए थे, फिर बीजेपी ने टिकट क्यों काट दिया?
सीएम योगी ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर भी बात की. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देश को लूटा और देश की पहचान के सामने संकट खड़ा किया, कब उनके लिए अयोध्या में हुई चोरी जरूरी हो गई. सीएम ने कहा कि विपक्ष को अयोध्या को बदनाम करना बंद कर देना चाहिए.
वीडियो: राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर सीएम योगी ने किसे घेरा?










