दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने 20 जुलाई को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने जेपी नड्डा को एक लिखित ज्ञापन दिया, जिसमें तीन प्रमुख मांगे रखी गई हैं.
CJP ने जेपी नड्डा को जो कागज सौंपा उसमें लिखा क्या है?
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की है. इस मुलाकात में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें तीन प्रमुख मांगें रखी गई है. इसमें सोनम वांगचुक की रिहाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग शामिल है.


CJP ने रखी तीन बड़ी मांगें
CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने जेपी नड्डा के साथ मुलाकात की. इस मुलाकात की तस्वीर भी सौरव ने अपने एक्स अकाउंट से शेयर की है. जेपी नड्डा को दिए ज्ञापन में CJP नेताओं ने तीन मांगे रखी हैं.
सोनम वांगचुक को रिहा करने की मांग : पार्टी ने सबसे पहले सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक को अस्पताल से तुरंत रिहा करने की मांग की.
धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग : CJP ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से हटाने की मांग रखी है.
NEET UG 2026 पेपर लीक पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग : CJP के नेताओं ने NEET UG 2026 पेपर लीक के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की. पार्टी का कहना है कि पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. ऐसे मामलों में सरकार की जिम्मेदारी तय करते हुए जरूरी एक्शन लिए जाने चाहिए.
जेपी नड्डा ने भी दी बातचीत की जानकारी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बातचीत की जानकारी दी है. उन्होंने दावा किया कि बातचीत का प्रस्ताव प्रदर्शनकारियों की ओर से आया था. उन्होंने लिखा,
आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया. बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई. उनके डेलिगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई. फिर उन्होंने लगभग 4 बजे मुझे लिखित ज्ञापन सौंपा. मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से रिक्वेस्ट किया कि वे अपने धरने को खत्म करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें.

सीजेपी का दावा सरकार ने बुलाया
सीजेपी की ओर से दावा किया गया है कि सरकार ने उनको बातचीत के लिए बुलाया था. सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर जेपी नड्डा से बातचीत की जानकारी देते हुए लिखा,
आशुतोष रांका और मैं दोपहर 12 बजे से जेपी नड्डा के घर पर थे. धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे समेत सभी मांगों के बारे में उनको बताया गया है. मंत्री ने हमें भरोसा दिलाया कि वो इस पर सही स्तर पर बात करेंगे. हालांकि अभी तक कोई वादा नहीं किया गया है. शांति से प्रदर्शन करने वाले तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती.

ये भी पढ़ें - NEET-JEE को CUET में मर्ज करने पर बोले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान- अभी ऐसी कोई योजना नहीं
सीजेपी बीते महीने से जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन कर रही है. इस विरोध प्रदर्शन के दौरान लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर हैं. सोनम 23 दिनों से अनशन पर हैं. 18 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने उनको जंतर-मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया था.
वीडियो: सोनम वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी, 20 जुलाई से क्या करने वाली है?











