कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने इशारा किया है कि दिवाली तक पार्टी कोई विरोध प्रदर्शन नहीं करेगी. मंगलवार, 20 अक्टूबर को पार्टी के संस्थापक और नेता अभिजीत दिपके ने ‘प्रोटेस्ट से ब्रेक’ लेने की बात कही. उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि त्योहार के इस मौसम में वो अपने परिवार के साथ रहें. करीबियों के साथ समय बिताएं. दिपके ने माना कि पिछले कुछ दिनों में जो घटनाएं हुई हैं, इससे उनके घर वाले चिंतित होंगे. एक वीडियो संदेश जारी करते हुए दिपके ने कहा कि सौरव दास और आशुतोष रांका के मां-पिता और परिवार भी बहुत चिंतित हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि दोनों को जेल में रखने के लिए उन्होंने पूरी मशीनरी लगा रखी है.
'कुछ दिन तक कोई प्रोटेस्ट नहीं', अभिजीत दिपके का ऐलान, वजह पेरिस प्रोटेस्ट है?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दिवाली तक विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने का ऐलान किया है.

दिपके ने कहा कि 27 साल के सौरव दास और 30 साल के आशुतोष को जेल के अंदर रखकर पीएम मोदी को ताकत महसूस होता है. उनके लिए स्टेट की पूरी मशीनरी यूज की गई है. अगर उनका (पीएम मोदी का) परिवार होता तो दोनों उनके पोते की उम्र के होते. उनको जेल के अंदर रखने को ही वो (पीएम मोदी) ताकत समझते हैं. उन्होंने आगे कहा कि सौरव दास ने कभी जिंदगी में सोचा नहीं था कि वो कभी जेल जाएंगे. एक बार पूछने पर उन्होंने बताया था कि वो एक दिन भी जेल में नहीं टिक पाएंगे लेकिन 5 दिन जेल में बिताने के बाद भी जब वो वापस आते हैं तो डरते नहीं हैं बल्कि मुस्कुराते हैं. ये स्ट्रेंथ होती है. उन्होंने सौरव दास की मां से बातचीत के बारे में बताया. दिपके ने कहा,
जब मैंने सौरव की मां को कॉल किया और बोला आंटी आप चिंता मत करिए सौरव ठीक है. तो वो कहती हैं, मुझे पता है वो ठीक रहेगा. वो इतनी आसानी से नहीं टूटेगा.
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए दिपके ने कहा कि सौरव की मां को पता है कि उनके बेटे में प्रधानमंत्री से ज्यादा हिम्मत है. दिपके ने अपने समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि वो जो लड़ाई लड़ रहे हैं वो उनका अपना फैसला है लेकिन इसके नतीजे उनके परिवार पर भी पड़ रहे हैं. 16 मिनट के वीडियो में दिपके के मेसेज ने इशारा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी कुछ दिनों तक विरोध प्रदर्शनों को विराम देगी.
ये भी पढ़ेंः राहुल-CJP के समर्थन में BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली पुलिस से बोले, 'बहुत गलत कर रहे'
मई 2026 से ही लगातार कई अभियानों में लगी पार्टी के ब्रेक लेने की कई वजहें हो सकती हैं.
दरअसल, मंगलवार, 20 अक्टूबर को दिपके ने अपने वीडियो संदेश में माना कि सीजेपी के प्रोटेस्ट की योजना आशुतोष और सौरव दास ने बनाई थी. दोनों के जेल में होने के बाद से पार्टी के प्रोटेस्ट फेल भी हुए. 16 अक्टूबर को तिरंगा मार्च में दोनों के नहीं होने का असर दिखा. यह कैंपेन नेतृत्व की कमी की वजह से सफल नहीं हो पाई. पार्टी के पास ‘प्लान बी’ भी था लेकिन नेताओं के हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें लीड करना मुश्किल हो गया. लिहाजा, कैंपेन को वो सफलता नहीं मिली जैसा सीजेपी चाहती थी.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दिपके को उम्मीद है कि दिवाली तक सौरव और आशुतोष जेल से रिहा हो जाएंगे. हो सकता है इस ब्रेक से पार्टी की अगली योजना पर काम करने का वक्त उन्हें मिल जाए.
ब्रेक लेने की एक वजह फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए प्रदर्शनों से जुड़ी हो सकती है. वहां प्रोटेस्ट के दौरान हिंसा की सीजेपी प्रोटेस्ट से तुलना की जा रही है. हालांकि दिपके ने इस तुलना को साफ खारिज किया है. लेकिन पार्टी ऐसी तुलनाओं को लेकर खास सतर्कता बरत रही है. संभव है कि इस वजह से भी दिपके ने पार्टी के कैंपेन को दिवाली तक स्थगित किया होगा.
वीडियो: मजिस्ट्रेट को धमकी, सौरव दास और आशुतोष रांका की जमानत पर सुनवाई क्यों टली?









