The Lallantop

भरत भूषण तिवारी का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी बड़ी मुसीबत में, FIR दर्ज

बिहार के भरत भूषण तिवारी केस में शामिल पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज की गई है. इससे पहले घटना में शामिल पुुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था.

Advertisement
post-main-image
एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR. फोटो- इंडिया टुडे

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • बिहार के भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर में शामिल कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरा स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 23 जून को FIR दर्ज की गई है।
  • भरत भूषण तिवारी की हत्या के बाद उनके परिवार ने फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाया और पूरे मामले की न्यायिक और द्विस्तरीय जांच की मांग की थी।
  • FIR दर्ज होने के बाद जांच में नया मोड़ आया है और इस कार्रवाई के बाद प्रशासन द्वारा और गहराई से मामले की जांच जारी रखने की संभावना है।
author-image
शशि भूषण कुमार

बिहार के भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज की गई है. इससे पहले कई पुुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था. अब मंगलवार, 23 जून को आरा स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय की तरफ से कुछ पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज होने की जानकारी दी गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े शशि भूषण की रिपोर्ट के मुताबिक, जगदीशपुर  SDPO, शाहपुर थाना प्रभारी समेत एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ शाहपुर थाने में FIR दर्ज की गई है. FIR की कॉपी में बताया गया है कि ये कार्रवाई भरत की मां की ओर से दिए गए आवदेन के आधार पर की गई है.

एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों के बीच इस कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है. पहले से ही मामले की जांच अलग-अलग स्तरों पर चल रही है. अब पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच को नया मोड़ मिल गया है. 

Advertisement
FIR
FIR की कॉपी

इससे पहले परिजनों ने सरकार की ओर से न्यायिक जांच के आदेश पर अविश्वास जताते हुए चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो पूरा परिवार सामूहिक आत्महत्या करने को मजबूर होगा. परिजनों का कहना है कि जब मामले से जुड़े सबूत पहले से ही पब्लिक डोमेन में मौजूद हैं, ऐसे में केवल जांच की घोषणा से उन्हें संतोष नहीं है.

क्या है पूरा मामला?

ये घटना 17 जून की है. भोजपुर जिले के शाहपुर थाना इलाके के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस का दावा है कि वो हथियार लेकर घूम रहे थे और पुलिस पर फायरिंग कर रहे थे. घटना से पहले भरत ने फेसबुक लाइव किया था. इसी लाइव में दिखता है कि भरत अपनी पिस्टल पुलिस की तरफ फेंककर सरेंडर कर देते हैं. यहां लाइव बंद हो जाता है. इसके बाद पुलिस का दावा है कि भरत ने फायरिंग करने की कोशिश की और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी.

इसके बाद भरत को पहले आरा सदर अस्पताल और बाद में पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया था कि भरत भूषण मानसिक तौर पर अस्वस्थ थे. 

Advertisement

लेकिन भरत के परिवार ने पुलिस पर 'फर्जी एनकाउंटर' करने का आरोप लगाया है. परिजन का कहना है कि भरत ने सरेंडर कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस ने गोली मार दी. यही आरोप पूरे विवाद का केंद्र बन गया है. 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर अपनी-अपनी राय रखनी शुरू कर दी. मामला बढ़ा तो तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया. इसी बीच शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार का एक विवादित बयान सामने आया. उन्होंने कहा, "किस्मत में मरना लिखा था, इसलिए मर गया."

इस बयान के सामने आने के बाद वे भी निलंबित हो गए.

नेता, पूर्व अधिकारियों ने सवाल उठाए

भरत के केस पर कई पूर्व अधिकारियों ने भी सवाल उठाए. बिहार के पूर्व डीजीपी अभयानंद और गुप्तेश्वर पांडेय समेत कई लोगों ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है. विपक्षी नेता पप्पू यादव, तेजस्वी यादव और कई नेताओं ने सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए. इसके अलावा मामले में पवन सिंह का बयान भी आया. खेसारी लाल यादव भी भरत के घर पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की थी. दबाव बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने न्यायिक जांच के आदेश दिए थे.

वीडियो: भरत तिवारी के परिवार से मिले भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल, अपना नंबर भी दिया

Advertisement