क्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में अब बुलडोजर एक्शन की बारी है? आरोपी लव कुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया को अयोध्या विकास प्राधिकरण ने नोटिस भेजा है. लव कुश मिश्रा कैश काउंटिंग टीम का हिस्सा थे. आरोप है कि उन्होंने कैश की हेराफेरी की है. दावा ये भी है कि उनके घर से 12 लाख रुपए नकद मिले हैं.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी लव कुश के घर चलेगा बुलडोज़र? प्रशासन ने भेजा नोटिस
Ayodhya Ram Mandir row: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या विकास प्राधिकरण ने लवकुश मिश्रा को नोटिस भेजा है. आरोप है कि उन्होंने राम मंदिर में काम करते हुए अपनी पत्नी के नाम एक ज़मीन खरीदी थी. अब इसपर बुलडोजर एक्शन हो सकता है.


आजतक से जुड़े सिमर चावला की रिपोर्ट के मुताबिक, लव कुश जब राम मंदिर ऑफिस में काम करते थे तो उन्होंने अपनी पत्नी के नाम एक ज़मीन खरीदी थी. रजिस्ट्री के वक्त उस जमीन की कीमत सिर्फ 8.8 लाख रुपये दिखाई गई थी. जबकि, आज के हिसाब से उस प्रॉपर्टी की असली कीमत करीब 25 लाख रुपए है. आरोप है कि बिना मंजूरी उस ज़मीन पर काम शुरू हो गया. मकान बनाने में भी कई नियमों का उल्लंघन किया गया है.
नोटिस में क्या लिखा है?अथॉरिटी ने मकान की मालिक यानी लव कुश की पत्नी को नोटिस भेज जवाब मांगा है. एक हफ्ते के अंदर अगर जवाब नहीं दिया गया तो सख्त एक्शन लिया जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक, आधे बने मकान पर बुलडोजर एक्शन भी लिया जा सकता है. उनका कहना है अगर नक्शा पास है तो सारे कागज़ात एक हफ्ते के अंदर दिखाने होंगे. अगर कागज़ात नहीं दिखाए गए तो बिल्डिंग को अवैध घोषित कर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर का दान वॉशरूम में रखा, किसने कितना चंदा भकोसा सब सामने आ गया
चोरी में किसका नाम सामने आया?राम मंदिर चंदा चोरी के आरोप में FIR दर्ज की गई थी. केस में 8 लोग नामजद हैं, जबकि कुछ अज्ञात लोगों का भी ज़िक्र है. SIT इस मामले की जांच कर रही है. SIT टीम पिछले 5 सालों के ऑडिट का फिर से ऑडिट करेगी. पैसे की लेनदेन और गिनती की बारीकी से जांच की जाएगी. जांच के लिए SIT टीम को दो और हफ्तों का समय दिया गया है. उस हिसाब से फाइनल रिपोर्ट 15 जुलाई को सौंपी जाएगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अब तक कैश गिनने वाली टीम के आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के दो कर्मचारी भी जांच के घेरे में हैं. SBI ब्रांच के अधिकारियों का आरोप है कि ट्रस्ट के सदस्यों ने बैंक पर कुछ खास लोगों को काउंटिंग टीम में शामिल करने का प्रेशर बनाया था. तलाशी के दौरान 7 आरोपियों के घर से 79.85 लाख रुपये कैश बरामद हुआ है.
वीडियो: राम मंदिर दान चोरी पर अरविंद केजरीवाल का हमला, अमित शाह से पूछे 5 बड़े सवाल



















