राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी की जांच तेज हो गई है. जांच के लिए गठित SIT ने गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों से पूछताछ की है, जिसमें कई बड़े खुलासे हुए हैं. आरोपियों में से एक अविनाश शुक्ला ने बताया कि मंदिर परिसर से बाहर ले जाने से पहले चोरी किए गए पैसे को कुछ समय के लिए वॉशरूम में छिपाया जाता था.
राम मंदिर का दान वॉशरूम में रखा, किसने कितना चंदा भकोसा सब सामने आ गया
राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं. SIT ने कोर्ट से इजाजत लेकर गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों से पूछताछ की है. अविनाश शुक्ला नाम के एक आरोपी ने बताया है कि मंदिर परिसर से बाहर ले जाने से पहले चोरी किए गए पैसों को कुछ समय के लिए वॉशरूम में छिपाया जाता था.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने गिरफ्तार आरोपियों में से एक, अविनाश शुक्ला से करीब दो घंटे तक पूछताछ की. इस दौरान उसने कथित तौर पर करोड़ों रुपये की चोरी की बात मानी और बताया कि आरोपियों ने किस तरह से मंदिर से चोरी की.
वॉशरूम में छुपाते थे पैसे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन अच्छे से पता थी. उन्हें पता था कि कहां से कैसी रिकॉर्डिंग होती है. इस वजह से दान की गिनती के दौरान कथित तौर पर एक व्यक्ति कैश निकाल लेता था, बाकी कर्मचारी उसे चारों तरफ से घेर लेते थे ताकि सीसीटीवी कैमरे से बचा जा सके. आरोपी पहले पैसे को वॉशरूम में छिपाते थे. इसके बाद जब माहौल सामान्य हो जाता और आवाजाही कम होती, तब उसे बाहर निकाला जाता था.
अनिल मिश्रा की थी मुख्य भूमिका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अविनाश शुक्ला ने दावा किया कि मंदिर के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने दान की गिनती की इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई थी. उसने आगे बताया कि ट्रस्ट के अधिकारियों से करीबी संबंध होने के चलते आरोपियों की ज्यादा जांच-पड़ताल नहीं हुई. अनिल मिश्रा और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पिछले हफ्ते अपने पदों से इस्तीफा दे दिया. SIT दोनों से पहले ही पूछताछ कर चुकी है.
ये भी पढ़ें - अयोध्या: राम मंदिर तक जाने वाले रास्ते से 'चोरी' हो गईं 50 लाख की हाईटेक लाइट्स, पुलिस की बात सुन लीजिए
टिन्नू यादव के पास गिनती वाले कमरे की चाबी
जांच करने वाले अधिकारी मंदिर के दान की गिनती वाले कमरे तक पहुंचने के रास्ते की भी जांच कर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव के पास कथित तौर पर गिनती वाले कमरे की एक चाबी थी. वहीं दूसरी चाबी गिनती में शामिल बैंक कर्मचारियों के पास थी. नकद दान की गिनती का काम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के जिम्मे है. उसने इस काम के लिए एक प्राइवेट एजेंसी को लगाया है. नकद दान चार दान-पेटियों में जमा किया जाता है. 14 लोगों की एक टीम इसकी गिनती करती है, जिसमें 11 बैंक कर्मचारी और तीन मंदिर ट्रस्ट के सदस्य होते हैं. SIT गिनती से जुड़े बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
किससे कितने पैसे मिले पता चल गया
SIT ने अब तक गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों में से 7 के पासे से 79.85 लाख रुपये की नकदी बरामद की है. इसमें से किसके पास से कितने रुपये मिले हैं, इसकी डिटेल भी सामने आ गई है.
1. अभियुक्त: मनीष कुमार यादव
पिता का नाम: स्व० सुधीर कुमार यादव
निवासी: स्वर्गद्वार, नयाघाट, अयोध्या
बरामदगी: कुल 2 लाख रुपये (500 के 270 नोट, 200 के 105 नोट, 100 के 400 नोट)
2. अभियुक्त: करुणेश पाण्डेय
पिता का नाम: रामराज पाण्डेय
निवासी: तालढोड़ी, मिल्कीपुर, थाना खंडासा, अयोध्या
बरामदगी: कुल 18 लाख 7 हजार 63 रुपये (अलग-अलग तरह के नोट और सिक्के)
3. अभियुक्त: अनुकल्प मिश्रा
पिता का नाम: रवीन्द्र कुमार मिश्रा
निवासी: कौशलपुरी, अयोध्या
बरामदगी: कुल 16 लाख 82 हजार 40 रुपये (अलग-अलग तरह के नोट)
4. अभियुक्त: रामशंकर यादव उर्फ टिन्कू
पिता का नाम: स्व० तुलसीराम यादव
निवासी: 993 स्वर्गद्वार, नयाघाट, अयोध्या
बरामदगी: कुल 1 लाख रुपये (500 के 180 नोट और 100 के 100 नोट)
5. अभियुक्त: रमांकर मिश्रा
पिता का नाम: छद्यूलाल मिश्रा
निवासी: मीरपुर रामसखा बगिया, अयोध्या
बरामदगी: कुल 7 लाख 32 हजार 170 रुपये नकद, 2 सफेद धातु के सिक्के और 1 पैर का बिछुआ (वजन 24.72 ग्राम)
6. अभियुक्त: लवकुश मिश्रा
पिता का नाम: राजेश कुमार मिश्रा
निवासी: ठकुरान फैगोली, थाना रुदौली, अयोध्या
बरामदगी: कुल 14 लाख 25 हजार रुपये (500 के 2850 नोट)
7. अभियुक्त: अविनाश शुक्ला
पिता का नाम: राम सजीवन शुक्ला
निवासी: बाबू पुर, थाना महेशगंज, प्रतापगढ़; हाल पता: कौशलपुरी कॉलोनी, मधुबन डेयरी के पीछे, अयोध्या
बरामदगी: 20 लाख 39 हजार 220 रुपये नकद, 1121 अमेरिकी डॉलर, चांदी जैसा धातु (159.54 ग्राम), 1 पयली धातु चैन (8.14 ग्राम), 1 पीली धातु की भारती (3.44 ग्राम)
6 जुलाई को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक
अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अपने अगले कदम पर चर्चा करने की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक 6 जुलाई को अयोध्या में ट्रस्ट की बैठक हो सकती है. इस बैठक में ट्रस्ट के दो सीनियर सदस्यों के इस्तीफे पर चर्चा होने की संभावना है. ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी चंपत राय और अनिल मिश्रा इस्तीफा दे चुके हैं. बैठक में इन इस्तीफों को स्वीकार करने पर चर्चा होगी.
वीडियो: राम मंदिर चंदा चोरी केस में आरोपियों ने खोला राज, पुलिस पूछताछ में क्या बताया?

















