राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला अभी शांत नहीं हुआ है. पूरे देश में इस पर बवाल मचा हुआ है. अभी अयोध्या में आग बुझी नहीं कि उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम से ऐसा ही एक मामला सामने आया है. बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आरोप लगे हैं. पहले ये आरोप सोशल मीडिया तक सीमित थे. लेकिन सोशल मीडिया पर मामला तूल पकड़ने और शिकायत मिलने के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. समिति का कहना है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी. अगर कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
राम मंदिर ही नहीं, बद्रीनाथ के चढ़ावे में भी सेंधमारी हो रही थी? समिति कराएगी जांच
3 जुलाई को भेजे गए लेटर में दावा किया गया कि उन्हें जानकारी मिली है कि बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित रूप से चोरी हुई है. शिकायत में आरोप लगाया गया कि BKTC अध्यक्ष के कथित निजी सचिव ने चढ़ावे में सेंधमारी की है.


इंडिया टुडे से जुड़े पत्रकार कमलनयन सिलोड़ी के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत तब हुई जब एक हिंदूवादी संगठन भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने BKTC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ को एक लेटर लिखा. 3 जुलाई को भेजे गए इस लेटर में दावा किया गया कि उन्हें जानकारी मिली है कि बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित रूप से चोरी हुई है. शिकायत में आरोप लगाया गया कि BKTC अध्यक्ष के कथित निजी सचिव ने चढ़ावे में सेंधमारी की है. साथ ही भैरव सेना ने पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
BKTC अध्यक्ष ने जांच के दिए आदेशभैरव सेना की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आरोपों का संज्ञान लेते हुए BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इंटर्नल इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए समिति गठित की जा रही है, जो सभी उपलब्ध दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित कर्मचारियों के बयानों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी. अगर जांच में किसी भी कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर जिस व्यक्ति को उनका "निजी सचिव" बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है. उनके अनुसार संबंधित व्यक्ति मंदिर समिति का नियमित कर्मचारी है, जो सहायक के रूप में काम करता है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी होने से पहले किसी भी नतीजे पर पहुंचना उचित नहीं होगा.
मंदिर समिति के दस्तावेजों के अनुसार 09 अप्रैल 2026 को तत्कालीन मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा जारी रोस्टर में प्रमोद नौटियाल का नाम थाली गणना समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया गया था. रिपोर्ट के अनुसार प्रमोद नौटियाल 2014 से तत्कालीन अध्यक्ष गणेश गोदियाल के समय से वैयक्तिक सहायक के रूप में कार्य कर रहे हैं और बाद के अध्यक्षों के साथ भी इसी जिम्मेदारी में तैनात रहे हैं.
कैसे होती है चढ़ावे की गणना?मंदिर समिति से जुड़े सूत्रों के अनुसार बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की गणना एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत होती है. दान की थैलियां खोले जाने के दौरान घोषणा की जाती है. इस प्रक्रिया में बैंक के कर्मचारी, मंदिर समिति के अधिकारी, प्रोटोकॉल अधिकारी तथा अन्य अधिकृत सदस्य मौजूद रहते हैं. पूरी गणना निर्धारित नियमों के अनुसार की जाती है ताकि पारदर्शिता बनी रहे. लेकिन शिकायतकर्ताओं का दावा है कि 2 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे चढ़ावे की गणना के दौरान कथित घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. हालांकि इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने से पहले देखी जाती है इस शख्स की कुंडली, वजह जान लीजिए
दूसरी ओर, BKTC के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने अनुसार कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई है. लेकिन फुटेज में कोई स्पष्ट तस्वीर दिखाई नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लिया जा रहा है और विस्तृत जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.
शिकायतकर्ता ने क्या कहा?इस मामले में शिकायत करने वाले भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री का कहना है कि उनके पास कथित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी मंदिर से जुड़े सूत्रों के माध्यम से मिली, जिसके आधार पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
शिकायत के बाद फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है. BKTC का कहना है कि जांच समिति सभी उपलब्ध साक्ष्यों, दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर अपनी रिपोर्ट देगी. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: आसान भाषा में: क्या है बद्रीनाथ धाम की कहानी, कपाट किसकी कुंडली देखकर खोले जाते हैं?















