बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ से पहले हमलावरों का निशाना दिग्गज अभिनेता आमिर खान थे. आरोपियों ने मुंबई के बांद्रा स्थित आमिर के घर की कई बार रेकी भी की थी. कई कोशिशों के बावजूद आमिर नहीं दिखे, तो उन्हें अपना प्लान बदलना पड़ा. इसके बाद टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गईं. सवाल है कि आखिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग आमिर खान को क्यों निशाना बनाना चाहता था और टाइगर श्रॉफ इस मामले में कैसे टारगेट बन गए?
आमिर खान निशाना थे, तो लॉरेंस गैंग ने टाइगर श्रॉफ पर गोलियां क्यों चलवाईं?
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से पहले आमिर खान शूटर्स के टारगेट पर थे. सूत्रों के मुताबिक, शूटर्स ने आमिर खान के बांद्रा वाले घर की रेकी भी की थी. लेकिन, फिर कुछ ऐसा हुआ कि उन्हें अपना प्लान बदलना पड़ा, और टाइगर पर हमला किया गया.

इंडिया टुडे से जुड़े दिव्येश सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि सलमान खान के बाद आमिर खान भी लॉरेंस गैंग के निशाने पर थे. कथित हमलावरों को आमिर पर हमला करने के लिए कहा गया था. इसके लिए उन्होंने बांद्रा स्थित उनके घर के आसपास तीन बार रेकी की. लेकिन, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि आमिर खान शादी के बाद बांद्रा से साउथ मुंबई शिफ्ट हो गए हैं.
सूत्रों के मुताबिक, जब आरोपियों को आमिर खान नहीं मिले, तो उन्होंने उन्हें निशाना बनाने का प्लान छोड़ दिया. इसके बाद दूसरे टारगेट की तलाश की गई और आखिरकार टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई. 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू में हुई इस घटना में टाइगर का हाथ गनपाउडर से झुलस गया. उनके ड्राइवर फिरदौस समेत दो लोग घायल हुए थे.
आमिर खान को इसी साल जुलाई में धमकी मिली थी. 5 जुलाई को आमिर ने गौरी स्प्रैट से शादी की थी. इसके बाद एक ऑडियो क्लिप और स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले आरजू बिश्नोई ने आमिर को धमकी दी थी.
लॉरेंस गैंग आमिर खान की शादी से नाराजधमकी भरे मैसेज में आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी को सनातन धर्म और देश के खिलाफ बताया गया. ये भी कहा गया कि गैंग ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं करेगा और जल्द इसका जवाब देगा. बाद में आमिर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि गौरी स्प्रैट कैथोलिक क्रिश्चियन हैं और उनकी दोनों पूर्व पत्नियों ने भी इस्लाम नहीं अपनाया था.
आमिर खान के घर की रेकी?इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में एक पुलिस अधिकारी ने बताया,
"शूटर्स को आमिर खान को निशाना बनाने के लिए कहा गया था. हालांकि, शूटर्स का दावा है कि उन्हें (आमिर खान पर हमला करने का) मकसद नहीं पता था. लेकिन, हमें शक है कि ये इस साल की शुरुआत में मिली धमकी से जुड़ा मामला हो सकता है."
रिपोर्ट के मुताबिक, दो कथित शूटर फूल सिंह और रेहान अंसारी 20 सितंबर को मुंबई पहुंचे थे. वे बांद्रा ईस्ट के एक लॉज में रुके थे, जो उस इलाके के पास है जहां आमिर खान का बांद्रा वाला घर है. उन्होंने आमिर के घर की तीन बार रेकी की.
यह भी पढ़ें: आमिर खान को किसने और क्यों दी जान से मारने की धमकी?
टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले कथित शूटर्स पहले आमिर खान पर हमला करना चाहते थे, इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है. मुंबई पुलिस या प्रशासन की तरफ से आमिर खान के घर की रेकी के दावे पर कुछ नहीं कहा गया है.
एक वायरल ऑडियो में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी खुद को लॉरेंस बिश्नोई का साथी बताने वाले अनिल पंडित ने ली. ऑडियो क्लिप में सलमान खान के साथ काम करने वालों को जान से मारने की धमकी दी गई. टाइगर श्रॉफ ने सलमान खान की तारीफ करते हुए उन्हें 'बॉलीवुड का असली टाइगर' बताया था.
वीडियो: आमिर खान के घर से तीन गाड़ियों में निकले 25 IPS ऑफिसर्स, क्यों आए थे, पता चल गया?










