Ramayana का पहला पार्ट 10 दिन बाद यानी 05 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएगा. वहीं इसका दूसरा पार्ट 2027 की दीपावली के लिए लिस्टेड था. लेकिन खबर है कि मेकर्स ने 'रामायण 2' को पोस्टपोन कर दिया है. अब ये फिल्म 2027 नहीं बल्कि 2028 की दीपावली पर रिलीज़ होगी.
रणबीर की 'रामायण 2' हुई पोस्टपोन, फिल्म देखने के लिए करना पड़ेगा दो साल का इंतज़ार
रणबीर कपूर ने इस बारे में संदीप रेड्डी वांगा को पहले ही बता दिया था. तब जाकर उन्होंने 'स्पिरिट' के लिए दीपावली 2027 का स्लॉट बुक किया.

बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया,
"नमित मल्होत्रा के लिए रामायण सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि इमोशन है. वो इंडियन ऑडियंस को एक ऐसा सिनेमैटिक एक्सपीरियन्स देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे, जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखा. फिल्म का पहला पार्ट कुछ दिनों में रिलीज़ होने वाला है, जबकि दूसरे पार्ट की शूटिंग पूरी करने के लिए अभी थोड़ा और समय चाहिए. जैसा कि सभी जानते हैं, रामायण का असली स्केल दूसरे पार्ट में दिखने वाला है, जहां असल युद्ध शुरू होगा."
बताया जा रहा है कि फिल्म के एक्शन सीन्स तैयार करने में उम्मीद से ज्यादा वक्त लग रहा है. इसकी एक वजह ये है कि नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी चाहते हैं कि मूवी में वर्ल्ड सिनेमा का सबसे ओरिजिनल और बेहतरीन एक्शन सीक्वेंस हो. सूत्र के मुताबिक,
"नमित को भरोसा है कि रामायण दुनियाभर में अपनी पहचान बनाएगी. इसलिए उन्होंने अभी से रामायण 2 को और बड़े स्केल पर ले जाने का फैसला कर लिया है. वो भारतीय कहानी को ग्लोबल लेवल तक पहुंचाने के अपने विजन के बीच पैसों को नहीं आने देना चाहते. रामायण फ्रैंचाइज़ के हर फ्रेम में 3000 करोड़ रुपए वाले प्रोडक्शन बजट की झलक दिखेगी. साथ ही फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान दीपावली पर रामायण पार्ट 1 के पोस्ट क्रेडिट सीन में किया जाएगा."
वैसे, कुछ महीने पहले मेकर्स ने सिनेमा-कॉन में ये दावा किया था कि 'रामायण: पार्ट 2' की 80 परसेंट शूटिंग पूरी हो चुकी है. ऐसे में उनका इसे 2028 तक के लिए पोस्टपोन करने का फैसला खास जमता नहीं. हालांकि इस अपडेट के बाद ये तो क्लियर हो गया कि 'रामायण: पार्ट 2' और संदीप रेड्डी वांगा-प्रभास की 'स्पिरिट' का आपस में क्लैश नहीं होगा. दोनों फिल्में 2027 की दीपावली पर साथ आने वाली थीं. लेकिन इस टक्कर को टाल दिया गया है. दावा किया जा रहा है कि रणबीर कपूर को जैसे ही 'रामायण 2' के पोस्टपोन होने की भनक मिली, उन्होंने संदीप रेड्डी वांगा को कॉल लगा दिया. रणबीर से कन्फर्मेशन मिलने के बाद ही वांगा ने प्रभास की 'स्पिरिट' को 29 अक्टूबर 2027 यानी दीपावली पर रिलीज़ करने का फैसला किया है.
वीडियो: मार्वल-DC से भी धांसू होगा रणबीर कपूर की 'रामायण' का सिनेमैटिक यूनिवर्स?









