कुछ होती है आम चोरी...गहने, पैसे, गाड़ी आदि-इत्यादि की. फिर आती है Mentos चोरी... तालाब के पानी की, पुल की, रेलवे ट्रैक की. माने ऐसी चीजों की चोरी जिसकी कल्पना ही मुश्किल हो. दूसरी तरह वाली चोरी की एक घटना सामने आई है. बिहार से. यहां चोरों ने 132 फीट ऊंचा मोबाइल टावर ही 'पार' कर दिया है. वो भी रिहायशी इलाके के बीचोबीच से. यही नहीं, अभी और सुनिए...
बिहार में चोरों ने 132 फीट ऊंचा टावर उड़ा लिया, कंपनी के लोग मरम्मत करने पहुंचे तब पता चला
किसी ने ये नोटिस ही नहीं किया कि इलाके से इतना ऊंचा टावर गायब है. इसका खुलासा हुआ भी तब, जब कुछ सालों से बंद पड़े इस टावर की मरम्मत करने GTL कंपनी के अधिकारी वहां पहुंचे. अधिकारियों को वहां ना तो टावर मिला और ना ही उससे जुड़ा कोई पुर्जा.


मामला बक्सर के डुमरांव का है. जहां चोरी हुई है वो जगह डुमराव नगर थाने से कुछ ही दूरी पर है. इसके बावजूद किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी. किसी ने ये नोटिस ही नहीं किया कि इलाके से इतना ऊंचा टावर गायब है. इंडिया टुडे से जुड़े पुष्पेंद्र कुमार पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इसका खुलासा हुआ भी तब, जब कुछ सालों से बंद पड़े इस टावर की मरम्मत करने GTL कंपनी के अधिकारी वहां पहुंचे. अधिकारियों को वहां ना तो टावर मिला और ना ही उससे जुड़ा कोई पुर्जा.
इसके बाद GTL कंपनी के अधिकारियों ने डुमरांव थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. बताया कि मोबाइल टावर के साथ-साथ चोर जेनरेटर सेट और दूसरे उपकरण भी चुरा ले गए. जिस जमीन पर ये मोबाइल टावर बना था, उसके मालिक का भी बयान आया है. ये जमीन डुमरांव वार्ड नंबर-18 निवासी हरेनाथ यादव की है. हरेनाथ ने कहा,
पुलिस ने शुरू की जांच‘मेरे और कंपनी के बीच 2010 में टावर संबंधित इकरारनामा (Agreement) 12 वर्षों तक तय था. 2022 में इसकी अवधि पूरी हो गई थी. उसी समय से कंपनी द्वारा मुझे कोई पेमेंट नहीं दिया जा रहा था. इसको लेकर हमने कंपनी को चार बार नोटिस भी भेजा था. मगर कोई सुनवाई नहीं हुई और अब पता चल रहा है कि टावर समेत सभी उपकरण चोरों ने उड़ा लिया है.’
मामले पर बक्सर पुलिस अधीक्षक (SP) शुभम आर्य ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा, ‘दस दिन पहले एक आवेदन प्राप्त हुआ है कि टावर को वहां से (उसकी जगह से) हटाया गया हैं. इसके आधार पर पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है. इस संबंध में जमीन मालिक से भी पूछताछ की जाएगी. जांच में जो भी बातें सामने आएंगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.’
फिलहाल, आसपास के लोग इस चोरी से काफी हैरान हैं. उनका कहना है कि बीते 15 सालों से मोबाइल टावर लगा हुआ था, मगर कुछ दिनों से वो गायब है. कुछ ने चोरों के ऐसे 'दुस्साहस' को लेकर चिंता जताई कि जब चोर 132 फीट ऊंचा मोबाइल टावर चुरा सकते हैं, तो फिर कुछ भी कर सकते हैं.
वीडियो: छत्तीसगढ़ के थाने में खड़े ट्रकों से कैसे चोरी हुई गैस सिलेंडर? क्या एक्शन हुआ?

















