The Lallantop

सोशल मीडिया देखकर न लें कॉस्मेटिक सर्जरी का फैसला, पहले ये बातें जान लें

सोशल मीडिया की वजह से कई मरीज़ पहले से जानते हैं कि कौन-सा प्रोसीजर होगा. उसके फ़ायदे और नुकसान क्या हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर गलत जानकारी भी बहुत फैलती है.

Advertisement
post-main-image
सोशल मीडिया देखकर अपनी शक्ल या शरीर को बदलने का फैसला न लें

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • सोशल मीडिया की वजह से कॉस्मेटिक सर्जरी की मांग बढ़ी है, जहां लोग ब्यूटी ट्रेंड्स और फिल्टर्स के कारण अपनी शारीरिक बनावट बदलवाने के लिए अधिक इच्छुक होते हैं।
  • कॉस्मेटिक सर्जरी के लिए मरीज़ को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है, और डॉक्टर केवल तब सर्जरी सलाह देते हैं जब उम्मीदें वास्तविक और पूर्ण की जा सकें।
  • सही कारण न होने पर बार-बार कॉस्मेटिक सर्जरी से स्कार, त्वचा सख्ती, और मानसिक प्रभाव हो सकते हैं, इसलिए फैसला लेने से पहले डॉक्टर की विशेषज्ञता और सलाह लेना जरूरी है।

सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई ब्यूटी ट्रेंड वायरल होता रहता है. जैसे कोरियन ग्लास स्किन. जिसमें आपकी स्किन कांच जैसी साफ़ और चमकदार नज़र आती है. कई ब्यूटी फिल्टर भी चेहरे को पलभर में बदल देते हैं. इन्हें इस्तेमाल करते ही चेहरा एकदम परफेक्ट दिखने लगता है. मुंहासे, दाग-धब्बे, झाइयां, झुर्रियां…सब गायब हो जाते हैं. अब इन्हें देखकर कई लोग सोचते हैं कि काश! उनका चेहरा हमेशा ऐसा ही दिखे. पर हकीकत तो ये है नहीं. इसलिए वो सहारा लेते हैं कॉस्मेटिक सर्जरी का.

Advertisement

पर क्या सिर्फ सोशल मीडिया और ब्यूटी फिल्टर्स को देखकर अपना लुक बदने का फैसला सही है, यही समझेंगे सेहत के इस एपिसोड में. पहले तो डॉक्टर से जानेंगे कि क्या सोशल मीडिया की वजह से कॉस्मेटिक सर्जरी की मांग बढ़ी है. क्या हर कोई ये सर्जरी करा सकता है. डॉक्टर किन लोगों को इसे कराने की सलाह नहीं देते. फिर पता करेंगे कि क्या बार-बार कॉस्मेटिक सर्जरी कराने से शरीर पर कोई बुरा असर पड़ता है. और कॉस्मेटिक सर्जरी का फैसला लेने से पहले क्या ध्यान रखें. 

सोशल मीडिया की वजह से बढ़ी कॉस्मेटिक सर्जरी की मांग?

ये हमें बताया डॉक्टर अनमोल चुघ ने. 

Advertisement
dr anmol chugh
डॉ. अनमोल चुघ, एसोसिएट डायरेक्टर, प्लास्टिक एंड एस्थेटिक्स सेंटर, सी.के.बिड़ला हॉस्पिटल, गुरुग्राम

सोशल मीडिया आज हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. इसका असर लगभग हर क्षेत्र की तरह कॉस्मेटिक सर्जरी पर भी पड़ रहा है. अब कई मरीज़ पहले से जानते हैं कि कौनसा प्रोसीजर होगा, उसके फ़ायदे और नुकसान क्या हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर गलत जानकारी भी बहुत फैलती है. इसकी वजह से कई बार मरीज़ों की उम्मीदें वास्तविक नहीं होतीं.

ये भी पढ़ें: मेटाबॉलिक बर्नआउट हुआ तो शरीर ठप पड़ जाएगा, बचने का तरीका जान लीजिए

क्या हर कोई कॉस्मेटिक सर्जरी करा सकता है?

कॉस्मेटिक सर्जरी बहुत ही स्पेशलाइज़्ड फील्ड है. सर्जरी के लिए मरीज़ को बहुत सावधानी से चुना जाता है. मरीज़ की शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक सेहत अच्छी होनी चाहिए. डॉक्टर सभी ज़रूरी पहलुओं का आकलन करते हैं. ये भी देखते हैं कि मरीज़ की उम्मीदें कितनी वास्तविक हैं और उन्हें पूरा किया जा सकता है या नहीं. 

Advertisement

कई मरीज़ किसी सेलेब्रिटी की फोटो दिखाकर वैसी ही नाक या चेहरे की मांग करते हैं. लेकिन हर व्यक्ति के चेहरे की बनावट अलग होती है. अगर मरीज़ की उम्मीदें वास्तविक हों और सेहत से जुड़ी कोई समस्या न हो, तभी सर्जरी की सलाह दी जाती है. अगर ये ज़रूरी क्राइटेरिया पूरे नहीं होते, तो डॉक्टर सर्जरी नहीं करते.

ये भी पढ़ें: एनालॉग पनीर को कैसे पहचानें? 3 राज्यों ने बैन लगा दिया

बार-बार कॉस्मेटिक सर्जरी कराने से क्या असर पड़ता है?

अगर बिना सही वजह के बार-बार कॉस्मेटिक सर्जरी कराई जाए, तो नुकसान हो सकता है. अगर कोई मेडिकल कंडीशन हो, तो भी सर्जरी कराने से जोखिम बढ़ जाता है. बार-बार सर्जरी से निशान (स्कार) पड़ सकते हैं. स्किन सख्त हो सकती है और घाव भरने में दिक्कत आ सकती है. शरीर के उस हिस्से का आकार या बनावट भी बिगड़ सकती है. 

सर्जरी का मानसिक और भावनात्मक असर भी पड़ता है. हर छोटी-सी कमी के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी कराना सही नहीं है. डॉक्टर देखते हैं कि क्या वो समस्या आपकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी को सच में प्रभावित कर रही है या नहीं. ये सारे फैक्टर्स देखने के बाद ही सर्जरी की सलाह दी जाती है. अगर सही कारण न हो, तो कॉस्मेटिक सर्जरी से फ़ायदा कम और नुकसान ज़्यादा हो सकता है.

cosmeic surgery
हर छोटी कमी के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी कराना सही नहीं है
कॉस्मेटिक सर्जरी का फैसला लेने से पहले क्या ध्यान रखें?

सोशल मीडिया देखकर अपनी शक्ल या शरीर को बदलने का फैसला न लें. कई लोग बिल्कुल पतली ठुड्डी, सीधी नाक, सपाट पेट या सुडौल शरीर चाहते हैं. लेकिन ऐसी उम्मीदें हमेशा वास्तविक नहीं होतीं. आज AI और एडिटिंग की वजह से सोशल मीडिया पर दिखने वाली बिफोर-आफ्टर तस्वीरें हमेशा सही नहीं होतीं. इसलिए सिर्फ सोशल मीडिया देखकर कोई फैसला न करें. 

सबसे पहले ये जांचें कि डॉक्टर क्वालिफाइड हैं या नहीं. सोशल मीडिया पर कई बार इंफ्लुएंसर्स या गैर-डॉक्टर भी कॉस्मेटिक सर्जरी से जुड़ी जानकारी देते हैं. कॉस्मेटिक सर्जरी हमेशा ऐसे प्लास्टिक सर्जन से करानी चाहिए, जिन्होंने इसमें स्पेशल ट्रेनिंग ली हो. 

अगर आप कॉस्मेटिक सर्जरी कराने की सोच रहे हैं, तो सोशल मीडिया ट्रेंड देखकर फैसला न लें. एक क्वालिफाइड प्लास्टिक सर्जन से मिलें, जो कॉस्मेटिक सर्जरी में स्पेशलाइज़्ड हों. डॉक्टर की डिग्री, अनुभव और विशेषज्ञता ज़रूर जांचें. कंसल्टेशन पर जाने से पहले अपने सवालों की सूची तैयार रखें. प्रक्रिया कैसे होगी, उससे क्या फ़ायदे और जोखिम हो सकते हैं, ये सभी बातें डॉक्टर से अच्छी तरह समझ लें. सोशल मीडिया का इस्तेमाल सिर्फ़ जानकारी और जागरूकता के लिए करें, फैसला लेने के लिए नहीं.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.) 

वीडियो: सेहत: ये गलती की तो शरीर का सिस्टम ठप पड़ जाएगा?

Advertisement