The Lallantop

ज़रा-सी ठंड लगते ही रूम हीटर चला लेते हैं? पहले ये जान लें

हीटर चलाने से कमरे में गर्मी बढ़ती है. इससे हवा में मौजूद नमी कम होने लगती है. देर तक ऐसा होने से स्किन ड्राई हो सकती है.

Advertisement
post-main-image
रूम हीटर कम से कम चलाना चाहिए

शॉल, स्वेटर सब ओढ़ लो. लेकिन ठंड फिर भी लगती है. भई, सर्दी ही इतनी पड़ रही है. इंसान करे भी तो क्या. लेकिन, टेंशन नहीं लेने का. हमारे पास विकल्पों की कमी थोड़े ही है. ज़्यादा ठंड लगेगी तो रूम हीटर चला लेंगे. कमरा गर्म हो जाएगा. सर्दी भी नहीं लगेगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
room heater
बहुत ज़्यादा रूम हीटर नहीं चलाना चाहिए

अगर आप भी यही सोचते हैं, और ज़रा-सी ठंड पड़ते ही रूम हीटर ऑन कर लेते हैं. उसे घंटों चलाते हैं. ख़ासकर दरवाज़े, खिड़कियां बंद कर के. तो ज़रा सावधान हो जाइए. रूम हीटर कमरा भले गर्म कर देते हों. लेकिन ये हमारी सेहत को भी नुकसान पहुंचाते हैं.

कैसे और इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है? ये हमने पूछा डॉक्टर तुषार तायल से. 

Advertisement
1729507338592-nameit-18.webp (1200×675)
डॉ. तुषार तायल, कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, सीके बिड़ला हॉस्पिटल, गुरुग्राम
स्किन और आंखों पर असर

डॉक्टर तुषार बताते हैं कि जब हम हीटर चलाते हैं. तो उससे कमरे में गर्मी बढ़ती है. इससे हवा में मौजूद नमी कम होने लगती है. हवा ड्राई हो जाती है. ऐसा होने से हमारी स्किन भी ड्राई हो जाती है. सिर्फ यही नहीं, हमारी आंखों पर भी असर पड़ता है. हवा में नमी खत्म होने से आंखों में जलन, खुजली और कंजक्टिवाइटिस की दिक्कत हो सकती है.

सांस की बीमारी वाले बचकर रहें

अगर किसी को सांस की कोई बीमारी है. जैसे अस्थमा (Asthma) या क्रॉनिक ब्रॉन्काइटिस (Chronic Bronchitis). उनकी दिक्कत और ज़्यादा गंभीर हो सकती है. दरअसल हीटर, हवा में मौजूद धूल और एलर्जी पैदा करने वाले कणों को फैला सकता है. इससे सांस से जुड़ी बीमारियां और गंभीर रूप ले सकती हैं. लिहाज़ा, रूम हीटर चलाते वक्त सावधानी बरतना ज़रूरी है.

room heater
ऐसे रूम हीटर इस्तेमाल करें जिनमें ह्युमिडिफायर लगा हो
रूम हीटर चलाते वक्त ये सावधानियां बरतें

- हीटर को कम से कम चलाएं. तभी चलाएं जब बहुत ज़्यादा ठंड हो. कुछ देर चलाने के बाद रूम हीटर बंद कर दें. इसे कई घंटों न चलाएं.

Advertisement

- वो रूम हीटर इस्तेमाल करें जिनमें ह्युमिडिफायर लगा हो ताकि हवा में नमी बरकरार रहे. अगर आपके हीटर में ह्युमिडिफायर नहीं लगा है. तो हीटर के सामने एक बड़ी बाल्टी में पानी भरकर रख दें. इससे हवा ड्राई नहीं होगी और उसमें नमी बनी रहेगी.

- हीटर की नियमित तौर पर सफाई करें. उसके एयर फिल्टर को अच्छे से साफ करें ताकि धूल और एलर्जी पैदा करने वाले कण हवा में न फैलें. 

- खूब पानी पिएं और स्किन पर मॉइश्चराइज़र लगाएं.

- हीटर की गर्म हवा में रहने के बाद तुरंत ठंडी हवा में बाहर न जाएं. ऐसा करेंगे तो तबियत बिगड़ सकती है.

अच्छा, सेहत से इतर एक-दो बातें और हैं. जिन्हें जानना ज़रूरी है. अपने रूम हीटर को हमेशा बच्चों की पहुंच से दूर रखें. हीटर को कभी भी कालीन या किसी कपड़े पर न रखें. उसे किसी कपड़े से ढके भी नहीं. इससे आग लगने का रिस्क रहता है. जब भी सोएं, तो हीटर ऑफ करके सोएं. उसे जलता हुआ न छोड़ें.

अगर अंगीठी इस्तेमाल करते हैं. तो हमेशा कोई खिड़की या दरवाज़ा खुला रखें. अंगीठी से कार्बन मोनोऑक्साइड निकलती है. ये एक जहरीली गैस है. इससे दम घुट सकता है और जान जा सकती है. इसलिए बहुत सतर्क रहें.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से जरूर पूछें. ‘दी लल्लनटॉप ’आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहतः प्रोटीन पाउडर खाए बिना भी बनती है बॉडी, तरकीब जान लीजिए

Advertisement