The Lallantop

सिलेंडर मांगने वालों की तरफ इशारा करता ये शख्स पीएम मोदी या कोई और?

पीएम मोदी की रैली का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो को शेयर करके कहा जा रहा है कि लोग पीएम मोदी से रैली में गैस सिलेंडर मांग रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
पीएम मोदी के सामने गैस मांगने का सच क्या?

देश में एलपीजी संकट के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है. इसमें एक शख्स अपने बॉडीगार्ड के साथ हाथ हिलाते नज़र आ रहा है. यूजर्स इस शख्स को ‘पीएम मोदी’ बता रहे हैं. वीडियो में आवाज सुनाई दे रही है, ‘गैस नहीं मिल रहा है सर.’ दावा किया जा रहा कि लोग पीएम मोदी के सामने गैस सिलेंडर के लिए गुहार लगा रहे हैं. लेकिन क्या है वीडियो की सच्चाई?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दावा

X पर साक्षी नाम की यूजर ने वीडियो को शेयर करके लिखा, “गैस नहीं मिल रहा है सर. आज नहीं कहा, O MY GOD.”

 वायरल पोस्ट
वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट

इसी तरह नेशनल दस्तक नाम के चैनल ने भी वीडियो शेयर करके लिखा, “मोदी के रोड शो में सवाल. गैस नहीं मिल रहा सर.”

Advertisement
नेशनल दस्तक की वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट
नैशनल दस्तक की वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी वीडियो को शेयर किया है जिनके पोस्ट आप यहां देख सकते हैं.

पड़ताल

तो वायरल वीडियो की क्या सच्चाई है? यह जानने के लिए हमने वीडियो में नज़र आ रही दुकानों के बोर्ड को देखा. क्या दिखा? ‘Graphics Point’ की शॉप और उसके पास लगा SBI का बोर्ड. पता लिखा है राउरकेला. 

राउरकेला पड़ता है ओडिशा में. गूगल मैप पर इसे सर्च करने में हमें ‘Graphics Point’ और उसके आसपास की दुकानें दिखीं. ये आप स्क्रीन पर देख सकते हैं. जो वीडियो में दिख रहा, वही आप गूगल मैप पर भी देख सकते हैं. यानी ये बात पक्की हो गई कि वीडियो ओडिशा के राउरकेला का है.

Advertisement
गूगल मैप का स्क्रीनशॉट
गूगल मैप का स्क्रीनशॉट

इसके बाद हमने ‘Graphics Point’, राउरकेला में बात की. वहां के एक कर्मचारी ने बताया कि पिछले दिनों रामनवमी के मौके पर पीएम मोदी के हमशक्ल ने रैली की थी. यहां से हिंट लेते हुए हमने गूगल पर ‘पीएम मोदी हमशक्ल राउरकेला’ जैसे कीवर्ड सर्च किए. हमें राउरकेला के कुछ लोकल पेज पर रोड शो के कई वीडियो मिले जिसे 28 मार्च को अपलोड किया गया था. इसमें वही शख्स नज़र आ रहा जो वायरल वीडियो में है. एकदम उसी ड्रेस में जिस तरह वो वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है. उसके आसपास बॉडीगार्ड भी वहीं हैं. 

ऐसा ही एक वीडियो राजीव रंजन नाम के यूजर ने शेयर करके लिखा, “राउरकेला के रामनवमी जुलूस में मोदी जी के हमशक्ल की एक झलक.”

राजीव रंजन की पोस्ट का स्क्रीनशॉट
राजीव रंजन की पोस्ट का स्क्रीनशॉट

ओडिशा के स्थानीय पत्रकारों ने भी राउरकेला में पीएम मोदी के हमशक्ल के पहुंचने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के हमशक्ल सदानंद नायक वहां रामनवमी पर आए थे. हमने इस बारे में सदानंद नायक से बात की. उन्होंने द लल्लनटॉप को बताया कि वीडियो में वही हैं और ये वीडियो ओडिशा के राउरेकेला का है.

पीएम मोदी के हमशक्ल सदानंद नायक
पीएम मोदी के हमशक्ल सदानंद नायक

सदानंद नायक ने कहा, 

“वीडियो 28 मार्च का है. रामनवमी के दिन राउरकेला में कार्यक्रम था. जहां मैं उडुपी से हिस्सा लेने गया था. वहां मैंने रोड शो किया जहां कुछ लोगों ने गैस की मांग की. मैंने भी मज़ाकिया अंदाज में उन्हें जवाब दिया.”

नतीजा

कुल मिलाकर, साफ है कि पीएम मोदी के नाम पर उनके हमशक्ल का वीडियो भ्रामक तरीके से वायरल किया जा रहा है. असल में वायरल हो रहे शख्स का नाम सदानंद नायक है.

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: आसान भाषा में: असली 'धुरंधर' रविंद्र कौशिक की पूरी कहानी

Advertisement