The Lallantop

हमास ने इज़रायल के बड़े रक्षा अधिकारियों को अगवा कर लिया? वायरल वीडियो का सच क्या?

दावा है कि Israel के सीनियर जनरल को Hamas वाले बंधक बनाकर अज्ञात जगह पर ले गए हैं.

Advertisement
post-main-image
सोशल मीडिया पर वायरल ट्वीट का स्क्रीनशॉट (तस्वीर:ट्विटर/ajaychauhan41)
दावा:
 

इज़रायल-फिलिस्तीन (Israel-Palestine) संघर्ष में अबतक 1000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. दोनों देशों के बीच चल रही इस जंग पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत देश के कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें एक कार में से कुछ लोग उतरते हैं, उनके हाथ बंधे हैं. उन्हें हाथों में बंदूक लिए कुछ लोग कहीं ले जाते हुए नज़र आ रहे हैं. वीडियो को हालिया इज़रायल-फिलिस्तीन हमले से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. कहा जा रहा है कि हमास के हमले में इज़रायली सुरक्षाबल के वरिष्ठ अधिकारियों को बंधक बनाकर अज्ञात जगह ले जाया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “वाकई ये बहुत चिंतित करने वाला समाचार है. कई उच्च रैंकिंग वाले इजरायली आईडीएफ जनरलों को हमास के आतंकवादियों के हमले में पकड़ा गया है, उनका भाग्य फिलहाल अज्ञात है.”

Advertisement

(ट्वीट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है.)

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी वायरल वीडियो को अलग-अलग दावे के साथ शेयर किया है.

Advertisement

पड़ताल

‘दी लल्लनटॉप’ की पड़ताल में हमास के हमले में इज़रायली रक्षा बलों को बंधक बनाए जाने का दावा भ्रामक निकला.

हमने इसकी सच्चाई जानने के लिए वायरल वीडियो के एक कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया. हमें Youtube पर  ‘’ पर 5 अक्टूबर को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला. इसमें करीब 2 मिनट 30 सेकेंड से वायरल वीडियो का हिस्सा देखा जा सकता है. यहां दी गई जानकारी के मुताबिक, वीडियो में नज़र आ रहे लोग कराबाख के अलगाववादी नेता हैं. उन्हें अज़रबैजान की सुरक्षा एजेंसी ने गिरफ्तार किया है.

DTX के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मौजूद वीडियो का स्क्रीनशॉट.

हमने इससे मदद लेते हुए गूगल पर कुछ कीवर्ड सर्च किए. हमें आर्मेनिया की न्यूज वेबसाइट ‘News.am’ पर 5 अक्टूबर को छपी एक रिपोर्ट मिली. इसमें भी वायरल वीडियो मौजूद है. यहां दी गई जानकारी के अनुसार, अज़रबैजान की सुरक्षा एजेंसियों ने नागोर्नो-कराबाख़ के पूर्व राष्ट्रपति बाको सहक्यान और अर्कडी घुकस्यान के अलावा नेशनल असेंबली के पूर्व प्रेज़िडेंट डेविट इशखानियन की गिरफ़्तारी की है.

इसके अलावा ‘Reuters’ पर 3 अक्टूबर को छपी रिपोर्ट के अनुसार, अज़रबैजान ने 20 सितंबर को नागोर्नो-काराबाख़ पर करीब तीन दशकों से चले आ रहे संघर्ष के बाद वहां अपना कब्जा कर लिया. कब्जा करते ही अज़रबैजान ने वहां के अलगाववादी नेतृत्व पर मुकदमा चलाने का वादा किया है. इस दौरान वहां के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है.

नतीजा

कुलमिलाकर, हमास हमले में इजरायली सुरक्षा अधिकारियों को बंधक बनाकर अज्ञात स्थान ले जाए जाने जाने का ये दावा भ्रामक है. वायरल वीडियो काराबाख़ के नेताओं का है जिन्हें अज़रबैज़ान की सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार किया है.  
 

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: दुनियादारी: इजरायल-पलस्तीन के बीच नया विवाद, रिफ्यूजी कैंप पर बम बरसा रहा इज़रायल!

Advertisement