एबी चाहते हैं कि 'दी लल्लनटॉप' इसकी ख़बर की पड़ताल करे और उन तक सच पहुंचाए. हम इस खबर की जानकारी पहले भी दर्शकों तक पहुंचा चुके हैं. चूंकि, चुनाव चल रहे हैं तो ये झूठ अब भी लगातार ठेला जा रहा है.
इसके अलावा ऐसे वीडियोज़ को कई तरह के कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है.


एक्ट्रेस कोएना मित्रा ने 4 अप्रैल को ट्विटर पर एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था
पहला विभाजन आतंकवादी जिन्ना द्वारा किया गया था, अगला राहुल गांधी कर सकते हैं. इस्लामिक झंडे ने उनका केरल में स्वागत किया है. कांग्रेस क घोषणापत्र ‘प्रो-जिहाद और जवान विरोधी, भारत-विरोधी है. कोई व्यक्ति ‘गज़वा-ए-हिंद’ के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है.

पड़ताल हमने पड़ताल में पाया कि केरल के वायनाड में 4 अप्रैल को राहुल गांधी के रोड शो में हरे झंडे लहराए गए. लेकिन ये झंडे पाकिस्तान के नहीं थे. ये झंडे केरल में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के थे. केरल में कांग्रेस यूडीएफ गठबंधन का हिस्सा है. इसमें 6 पार्टियां शामिल हैं. इनमें इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग भी है. गठबंधन में सहयोगी होने के नाते राहुल गांधी की उम्मीदवारी का मुस्लिम लीग ने स्वागत किया. मुस्लिम लीग के कार्यकर्ताओं ने राहुल के रोड शो के दौरान अपनी पार्टी के झंडे लहराए.

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की वेबसाइट जिस पर पार्टी का झंडा दिख रहा है.
थोड़ी जानकारी IUML के बारे में भी # इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग बहुत ही पुरानी राजनीतिक पार्टी है. इसकी स्थापना देश की आजादी के 6 महीने बाद ही मार्च 1948 में हो गई थी. केरल में वह लंबे समय से कांग्रेस की सहयोगी पार्टी है. 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपीए की करारी हार के लिए आईयूएमएल ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया था. एक और ज़रूरी जानकारी, इस मुस्लिम लीग का संबंध पाकिस्तान के लिए लामबंदी करने वाली मुस्लिम लीग से नहीं है.
# ऐसा नहीं है कि IUML ने आजतक कांग्रेस का ही समर्थन किया है. बीजेपी ने नागपुर नगर निगम में राज करने के लिए IUML का समर्थन लिया था. 2012 में नागपुर नगर निगम के चुनाव में बीजेपी 62 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, लेकिन बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पाई. ऐसे में बीजेपी ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के दो पार्षदों ने का समर्थन लिया था.
पाकिस्तान और IUML के झंडे में फर्क है इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) पार्टी का झंडा हरा है और उसके बाएं कोने पर चांद सितारे बने हुए हैं.

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग पार्टी का झंडा
पाकिस्तान का झंडा भी हरा रंग है. उस पर भी चांद सितारे हैं. पाकिस्तानी झंडे में चंद्रमा के साथ बाईं ओर एक सफेद सीमा है. उसके बीच में आधा चांद है. इस्लामिक बैनर में आमतौर पर बीच में एक तारा और आधा चांद होता है. आईयूएमएल के झंडे के ऊपर बाएं कोने में सितारा और आधा चांद है.

पाकिस्तानी झंडा
नतीजा दी लल्लनटॉप की पड़ताल में ये वायरल पोस्ट झूठी निकली. राहुल गांधी के रोड शो में न तो पाकिस्तान के और न ही इस्लामिक झंडे लहराए गए. रोड शो के दौरान लहराए गए झंडे, कांग्रेस की सहयोगी पार्टी IUML के थे. हालांकि IUML और पाकिस्तान दोनों का झंडा हरा होने की वजह से पहली नजर में फर्क करना मुश्किल है. हरा झंडा देखते ही पाकिस्तान के नाम पर इस तरह की पोस्ट को लोग शेयर कर रहे हैं. आपके पास भी कोई पोस्ट, तस्वीर या वीडियो पर शक हो तो हमें ई-मेल करें. पता है- padtaalmail@gmail.com. हम उसकी पड़ताल करेंगे.
पड़ताल: वलसाड के RM VM स्कूल में इतनी बेरहमी से बच्चों को पीटा गया?













