The Lallantop

YRF स्पाई यूनिवर्स के हर कैरेक्टर पर क्या अलग फ़िल्म बनने वाली है?

स्पाई यूनिवर्स के हर कैरेक्टर की एक बैकस्टोरी भी होने वाली है.

Advertisement
post-main-image
अगर ये खबर सही है, तो गदर कटने वाली है

'पठान' रिलीज से पहले ही YRF यूनिवर्स की चर्चा थी. 'पठान' रिलीज़ के बाद तो इसका क्रेज़ चरम पर है. कई तरह की फैन थ्योरीज चल रही हैं. इसको लेकर रोज नई-नई बातें सामने आ रही हैं. अब एक और खबर सामने आई है. दरअसल 'पठान' के राइटर श्रीधर राघवन ने इस यूनिवर्स के सभी किरदारों को एक साथ लाने के मसले पर बात की है. उन्होंने ही वॉर भी लिखी थी, इसलिए वो इसका जवाब देने के लिए सबसे मुफीद शख्स हैं. क्योंकि 'वॉर' की सफलता के बाद ही आदित्य चोपड़ा ने सिद्धार्थ आनंद से स्पाई यूनिवर्स बनाने की बात की थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

राघवन ने अपने हालिया इंटरव्यू में बात करते हुए बताया है कि उन्होंने 'वॉर' की स्क्रिप्ट लिखी थी. इसलिए 'पठान' की स्क्रिप्टिंग और मेकिंग में वो सिद्धार्थ आनंद के साथ काफी नज़दीकी से जुड़े रहे. क्योंकि वो स्पाई यूनिवर्स के किरदारों को जानते थे.

उन्होंने कहा:

Advertisement

हमारा स्पाई यूनिवर्स का आइडिया उन किरदारों को एक साथ लाना है, जो पहले ही गढ़े जा चुके हैं. ये किरदार हैं टाइगर, कबीर, पठान, जोया और रुबाई. हम इस यूनिवर्स में आगे कुछ और किरदार इन्ट्रोड्यूस करेंगे. आपको ये लग सकता है कि इस किरदार का काम खत्म, अब ये नहीं आएगा. पर हमने आपके लिए कुछ सरप्राइज प्लान कर रखे हैं, जैसा कि आपने कुछ कैरेक्टर्स के साथ पहले देखा भी है. हम बस इनके साथ फन करना चाहते हैं.

उन्होंने आगे बात करते हुए कहा:

जब एक बार आप कई सारे कैरेक्टर्स क्रिएट कर लेते हैं, तो आप उनके साथ खेलते हैं और उनके इर्दगिर्द भी. आपको हर बार खुद को बांधकर रखने की ज़रूरत नहीं है. आप एक छोटी, इंटीमेट स्पाई फिल्म भी बना सकते हैं. ऐसे ही आप एक थ्रिल से भरी स्पाई फिल्म भी बना सकते हैं. एक ग्रैंड स्पाई फिल्म बनाने का ऑप्शन भी आपके पास है. ज़रूरी नहीं कि सभी जासूस दिल्ली या मुंबई से आयें, ये पूरे देश से आ सकते हैं. आपके पास अपार संभावनाएं हैं. मुझे लग रहा है कि आदि सर ये जो कुछ बनाने की कोशिश कर रहे हैं, वो बहुत तगड़ा होने वाला है.

Advertisement

उन्होंने एक और खुलासा किया है कि हर किरदार की एक बैकस्टोरी भी होगी. उस पर काम चल रहा है, आने वाली फिल्मों में ये कहानियां देखने को मिलेंगी. इससे पहले पठान के डायरेक्टर सिद्धार्थ बता चुके हैं कि 'वॉर' की सफलता के बाद YRF ने स्पाई यूनिवर्स बनाने की सोची. 'पठान' ने इस यूनिवर्स में और ज़्यादा स्पाई कैरेक्टर इन्ट्रोड्यूस करने का स्कोप दे दिया. सिद्धार्थ का कहना है कि YRF का स्पाई यूनिवर्स बनाने का आइडिया आदित्य चोपड़ा का था. सिद्धार्थ ने सभी कैरेक्टर्स को एक साथ लाने वाली बात पर भी जवाब दिया था:

हमने अभी इस यूनिवर्स की शुरुआत ही की है. ऐसे में सभी को पहली ही बार में एक जगह ले आना जल्दबाजी होगी. इस कॉम्बिनेशन को देखने के लिए लोगों में थोड़ी तड़प बची रहनी चाहिए.

सिद्धार्थ ने इस बात से भी इनकार नहीं किया कि आगे चलकर रुबाई और जोया का भी क्रॉसओवर हो. दोनों स्पाई यूनिवर्स के किसी प्रीक्वल या सीक्वल में दिखें. रुबाई 'पठान' में दीपिका के किरदार का नाम है और जोया टाइगर फ्रेंचाइज में कटरीना का कैरेक्टर है. माने अब शतरंज का खेल सज चुका है. YRF अपने मोहरों को अपने अनुसार चलाएगा. हर किरदार की बैकस्टोरी होगी. तो ये भी संभव है कि हर किरदार की एक अलग फिल्म भी हो. जैसा कि जॉन के किरदार जिम के लिए पहले ही हिंट किया जा चुका है.

वीडियो: पठान की कमी पूरी करने फरवरी में ये फिल्म और वेब सीरीज़ आ रही हैं

Advertisement