Yo Yo Honey Singh ने पहली बार अपनी बीमारी और हिट न होते गानों के बारे में बात की है. हनी सिंह बाइपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे. इस बीमारी से पूरी तरह उबरने में उन्हें पांच साल से ज़्यादा का वक्त लगा. वज़न बढ़ गया. गाने आने बंद हो गए. जब गाने आए, तो हिट नहीं हो पा रहे थे. हालांकि उसके बावजूद हनी ने अपना काम जारी रखा. उन्होंने हालिया इंटरव्यू में अपनी इस बीमारी के बारे में बात करते हुए कहा कि स्टार प्लस के शो 'रॉ स्टार' के सेट्स पर उन्हें पता लग गया था कि उनके साथ कुछ दिक्कत है. और वो इसे ठीक करने के लिए कुछ भी करने को तैयार थे. वो वापस आए, उनके गाने सुने गए. मगर लोगों ने उन्हें एक्सेप्ट नहीं किया. क्योंकि उनका वज़न बहुत बढ़ गया था.
अपनी बीमारी पर पहली बार बोले यो यो हनी सिंह- ''कुछ प्रॉब्लम था मेरे दिमाग में. कुछ हो गया था.''
''मोटा था. लोगों ने कहा, 'ये वो लुक नहीं है. वो कमबैक नहीं हो रहा. गाना हिट हो रहा था मगर मुझे एक्सेप्ट नहीं कर रहे थे लोग.''
.webp?width=360)

सिद्धार्थ कन्नन के साथ इंटरव्यू में अपनी बीमारी और प्रोफेशनल करियर के बुरे दौर पर बात करते हुए यो यो हनी सिंह ने कहा-
''जब मैं बीमार पड़ा, तब मेरी लाइफ में बहुत सारी चीज़ें चल रही थीं. शाहरुख खान के साथ स्लैम टूर था. स्टार प्लस के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम चल रहा था. उसका नाम भी मैंने ही चुना था. उस शो को एक साल तक मैंने डिज़ाइन किया. जब वो शो शुरू हुआ, तब उसमें बहुत सारा काम था. मैं एक पंजाबी फिल्म में भी काम कर रहा था. बहुत सारी चीज़ें हो रही थीं. जब Raw Star के सेट पर मुझे बाइपोलर और अन्य साइकोटिक डिसऑर्डर के लक्षण दिखने लगे, तो मैंने कहा कुछ प्रॉब्लम है मेरे दिमाग में. कुछ हो गया है. मेरे को इसको ठीक करने दो.''
जब हनी अपनी बीमारी का इलाज करवाने में लग गए, तो उनका सारा काम-धाम फंस गया. उनकी फैमिली ने उनके कॉन्ट्रैक्ट वगैरह संभाले. मगर नुकसान होने शुरू हो चुके थे. डील के मुताबिक काम न होने पर लोगों ने कोर्ट केस करने शुरू कर दिए. जब हनी को इस बारे में बताया गया, तब भी हनी का यही जवाब था- ''मुझे कुछ नहीं करना. मुझे इसको ठीक करना है.''
यो यो हनी सिंह इसी इंटरव्यू में आगे कहते हैं-
''मुझे ठीक होने में पांच साल लगे. उसके बाद मैं म्यूज़िक बनाना चाहता था. मैंने अपनी मां से कहा, 'मैं कुछ कर नहीं पा रहा'. मेरी मां ने कहा, 'तुमने म्यूज़िक प्रोड्यूसर बनकर अपना करियर शुरू किया था. इसलिए बीट्स लिखने शुरू करो.' मेरे गाने हिट हो गए. मैं वापसी कर रहा था. मगर फेल भी हो रहा था. मोटा था. लोगों ने कहा, 'ये वो लुक नहीं है. वो कमबैक नहीं हो रहा'. गाना हिट हो रहा था मगर मुझे एक्सेप्ट नहीं कर रहे थे लोग.''
हालांकि बीमारी से लौटने के बाद यो यो हनी सिंह ने नेहा कक्कड़ के साथ मिलकर 'मखणा', 'कांटा लगा रीमिक्स', गुरू रंधावा के साथ 'डिज़ाइनर' जैसे सिंगल्स रिलीज़ किए. इसके अलावा 'सोनू के टिटू की स्वीटी' के लिए 'दिल चोरी' और 'छोटे छोटे पेग' जैसे गाने बनाए. दोनों हिट रहे. इसके अलावा उन्होंने आयुष शर्मा की पहली फिल्म 'लवयात्री' के लिए 'रंगी सारी' गाना बनाया. हंसल मेहता की 'छलांग' के लिए बनाया उनका गाना 'केयर नी करदा' बड़ा हिट रहा. 'भूल भुलैया 2' के लिए उन्होंने 'दे ताली' नाम का गाना बनाया. अब यो यो ने सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में एक गाना दिया है. इसमें वो सलमान खान के साथ दिखाई देने वाले हैं. इन दिनों हनी सिंह ‘याई रे याई रे’ गाने के रीमिक्स वर्ज़न को लेकर चर्चा में हैं. इस गाने को उन्होंने यूलिया वंतूर के साथ मिलकर गाया है.
वीडियो: जब हनी सिंह काम मांगने गिप्पी ग्रेवाल के पास जाते थे और वे खाली हाथ भेजते थे


















