Yash स्टारर Toxic ने एक के बाद एक अडवांस बुकिंग के तमाम रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं. पहले इसने Ranbir Kapoor की Animal को पछाड़ा. फिर Shah Rukh Khan की Pathaan और Jawaan को मात दी. और जब ये भी कम पड़ा, तो इसने साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर Dhurandhar 2 का प्रीसेल रिकॉर्ड तोड़ा और उससे बहुत आगे निकल गई.
यश की 'टॉक्सिक' ने अडवांस बुकिंग में बाजा फाड़ दिया, 'धुरंधर 2' भी पिछड़ी
'टॉक्सिक' ने अपना पहला शो शुरू होने से पहले ही 70 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई कर डाली.

'टॉक्सिक' की अडवांस बुकिंग 21 अगस्त को स्टार्ट हुई थी. शुरुआती 9 घंटों में इसने 9 करोड़ से ज्यादा की टिकटें बेच दीं. तीन दिनों में ये आंकड़ा 32.92 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. इस दौरान मूवी ने 'धुरंधर' का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिसने प्रीसेल में 14 करोड़ की टिकट्स बेची थीं.
24 अगस्त तक 'टॉक्सिक' देशभर में 41.52 करोड़ रुपए का सेल कर चुकी थी. इस दौरान यश ने शाहरुख खान के करियर की दो सबसे बड़ी मूवीज़ 'जवान' और 'पठान' को पछाड़ दिया. 'पठान' ने अडवांस बुकिंग में 32.01 करोड़ रुपए कमाए थे, वहीं 'जवान' ने 40.75 करोड़. लेकिन ‘टॉक्सिक’ ने अडवांस बुकिंग बंद होने से एक दिन पहले ही इन दोनों रिकॉर्ड्स को तोड़ दिया. यही नहीं, इसने 33.97 करोड़ रुपए कमाने वाली रणबीर कपूर स्टारर 'एनिमल' को भी पीछे छोड़ दिया. वो भी तब, जब आंध्र प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में इसकी टिकट खिड़की खुली तक नहीं थी.
'टॉक्सिक' की हर तरफ़ ऐसी डिमांड बढ़ी कि मेकर्स को सुबह 6 बजे के शोज़ भी जोड़ने पड़े. अनुमान था कि फिल्म अडवांस बुकिंग बंद होने तक 50 करोड़ रुपए के आसपास कमाएगी. मगर यश ने सबको गलत साबित कर दिया. सैकनिल्क के मुताबिक, 'टॉक्सिक' ने ऑल इंडिया 18.4 लाख टिकटें बेचकर 58.27 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसमें से 18.1 करोड़ कन्नड़ा वर्जन से आए हैं. जबकि हिन्दी में इसने 29 करोड़ से ज्यादा की सेल की है.
ब्लॉक सीट्स जोड़ें तो 'टॉक्सिक' की ओवरऑल अडवांस बुकिंग 73.43 करोड़ तक पहुंच जाती है. मतलब ये कि लास्ट डे पर इस मूवी ने लगभग 32 करोड़ की टिकटें बेची हैं. ये अपने-आप में एक बड़ी अचिवमेंट है. कल तक ऐसा लग रहा था कि यश, रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' को अडवांस बुकिंग में मात नहीं दे पाएंगे. 'धुरंधर 2' ने ब्लॉक सीट्स मिलाकर लगभग 62.43 करोड़ की टिकटें बेची थीं. लेकिन 'टॉक्सिक' ने न केवल इस रिकॉर्ड को तोड़ा बल्कि 11 करोड़ रुपए ज्यादा कमा लिए हैं.
वीडियो: बार-बार पोस्टपोन, फिर भी IMDb पर नंबर 1 बनी 'टॉक्सिक'










