The Lallantop

'टॉक्सिक' की आंधी में पिछड़ गई सलमान-शाहरुख-प्रभास की ब्लॉकबस्टर्स

महज़ 24 घंटों में 'टॉक्सिक' के टीज़र को मिले 48 मिलियन व्यूज़, बुक माय शो पर भी ये 'धुरंधर 2' से काफ़ी आगे

Advertisement
post-main-image
'टॉक्सिक' में यश डबल रोल कर रहे हैं. बाप और बेटे, दोनों का रोल यश ही करेंगे.

Yash की Toxic में Shahrukh, Salman, Prabhas की कौन सी फिल्मों को किस मामले में पछाड़ दिया है? Rajinikanth की Jailer 2 में शाहरुख किस तरह कैमियो करेंगे? क्या Dhurandhar 2 में Emraan Hashmi Bade Sahab बने हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# 'टॉक्सिक' ने शाहरुख, सलमान, प्रभास की बड़ी फिल्मों को धो डाला!

'टॉक्सिक' का टीज़र 20 फरवरी को रिलीज़ हुआ. पब्लिक में यश की फिल्म का क्रेज़ कितना है, ये इसके टीज़र को मिले व्यूज़ से ही पता लग रहा है. 24 घंटों में इसके टीज़र को 48 मिलियन व्यूज़ मिल गए. यानी चार करोड़ 80 लाख लोगों ने इसे महज़ 24 घंटों में ही देख डाला. इसे सबसे ज्यादा व्यूअरशिप हिंदी टीज़र को मिली है. आंकड़ा है 2 करोड़ 19 लाख. वहीं, दो हफ्ते पहले आए 'धुरंधर 2' के टीज़र को अब तक 15 मिलियन व्यूज़ मिले हैं. ये 'टॉक्स‍िक' से तकरीबन 46 फीसदी कम है. और चूंकि 'धुरंधर 2' का टीज़र सिर्फ हिंदी में आया था, इसलिए दोनों के बीच ये तुलना 'टॉक्स‍िक' के हिंदी टीज़र को मिले व्यूज़ के आधार पर ही की गई है. 48 मिलियन व्यूज़ के साथ 'टॉक्सिक' का टीज़र पांचवां मोस्ट वॉच्ड टीज़र बन गया है. इसने प्रभास की 'साहो', सलमान की 'सिकंदर', अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' और शाहरुख की 'डंकी' को भी पीछे छोड़ दिया है. हालांकि प्रभास की 'आदिपुरुष' और 'सलार' इस लिस्ट में पहले और दूसरे नंबर पर है. और ये एकमात्र मैदान नहीं है, जहां 'धुरंधर 2' 'टॉक्सिक' से पिछड़ी है. उधर बुक माय शो भी 'टॉक्सिक' को 'धुरंधर 2' से आगे दिखा रहा है. बुक माय शो पर 'टॉक्सिक' के लिए 4 लाख से भी ज्यादा लोगों ने इंट्रेस्टेड मार्क किया है. जबकि 'धुरंधर 2' के लिए ये आंकड़ा 1 लाख 45 हज़ार है. इससे अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि पब्लिक का झुकाव किस फिल्म की तरफ़ ज्यादा है. हालांकि अंतिम फ़ैसला तो 19 मार्च को टिकट खिड़की पर ही होगा.

Advertisement

# 'इविल डैड रैथ' का प्रोडक्शन शुरू

'इविल डेड बर्न' 24 जुलाई को रिलीज़ होनी है. और मेकर्स ने रिलीज़ से पहले ही अगली फिल्म भी अनाउंस कर दी है. वॉर्नर ब्रदर्स ने नई फिल्म का टाइटल रिवील कर दिया है, जो 'इविल डेड रैथ' है. शार्लट होप, ज़ैक गिलफर्ड और जोश हेलमैन इसमें लीड रोल करेंगे. फ्रैंसिस गलूपी इसे डायरेक्ट करेंगे.

# शाहरुख 2 मार्च से शुरू करेंगे 'जेलर 2' का शूट

Advertisement

रजनीकांत स्टारर 'जेलर 2' में शाहरुख खान कैमियो कर रहे हैं. वलाई पेचू नाम के न्यूज़ पोर्टल के मुताबिक शाहरख मार्च में अपने हिस्से की शूटिंग शरू करेंगे. उनके कुछ बेहद ज़रूरी सीन रजनीकांत की कार में फिल्माए जाएंगे. हालांकि मेकर्स ने अब तक शाहुरख के कैमियो पर चुप्पी बनाए रखी हैं. फिल्म में 'सेक्रेड गेम्स' फेम जतिन सरना मेन विलन हैं. मिथुन ने भी नेगेटिव रोल किया है. मोहनलाल, शिवा राजकुमार और विजय सेतुपति ने भी कैमियो किया है. राम्या कृष्णन और विद्या बालन फीमेल लीड्स हैं. नेल्सन दिलीप कुमार के डायरेक्शन में बन रही ये फिल्म 12 जून को आने वाली थी. मगर अब कहा जा रहा है, कि ये अगस्त में आएगी.

# विशाल भारद्वाज की फिल्म करेंगे शाहरुख खान?

डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने कई बार शाहरुख खान के साथ काम करने की इच्छा जताई है. मगर इस बार तो उन्होंने शाहरुख को एक कहानी भी भेज दी है. ANI से चर्चा में विशाल ने कहा, “मैं साल भर में शाहरुख से कितनी बारी, कितनी कहानियों के लिए बात करता हूं. वो हमेशा मेरे मैसेज का जवाब देते हैं. 'ओ रोमियो' के दौरान भी मैंने उन्हें एक कहानी भेजी है. वो खुद भी हमेशा बोलते हैं कि ‘यार एक फिल्म तो होनी चाहिए, जो हम दोनों साथ में करें.’ बेशक, हम दोनों को साथ में एक फिल्म करनी ही चाहिए. इंशाल्लाह, इस बार वो करिश्मा हो ही जाए.”

# 'धुरंधर 2' में इमरान हाशमी बने हैं बड़े साहब?

जब से 'धुरंधर' आई है, फैन्स ने कई गुत्थियां ख़ुद ही सुलझा ली हैं. मगर बड़े साहब कौन है, ये सवाल अब भी बना हुआ है. फिल्म के एंड क्रेडिट्स में दानिश इक़बाल का नाम दिखने के बाद कयास लगाए गए कि वही बड़े साहब का रोल करेंगे. और दाऊद इब्राहिम के किरदार में नज़र आएंगे. फिर इमरान हाशमी का नाम पढ़ने में आया. हाल ही में वेबसाइट लेटरबॉक्स्ड के 'धुरंधर 2' के पेज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं. इस पर कास्ट और क्रू के नाम लिखे हैं. इनमें वो एक्टर्स भी शामिल हैं, जो 'धुरंधर 2' में लौटेंगे. और वो भी जो 'धुरंधर 2' से नए जुड़े हैं. इनमें राज ज़ुत्शी, यामी गौतम और 6-7 और नामों के साथ इमरान हाशमी का नाम भी शामिल है. मगर उनके कैरेक्टर की कोई जानकारी नहीं दी गई है. फैन्स मान रहे हैं, कि इमरान हाशमी ही बड़े साहब बने हैं. मगर IMDb की तरह ही, लेटरबॉक्स्ड भी पब्लिक प्लैटफॉर्म है. पब्लिक भी इस पर लिखी जानकारी एडिट कर सकती है. अब इसमें कितनी सच्चाई है, ये तो 19 मार्च को फिल्म आने के बाद ही पता चलेगा.

# ऋषभ शेट्टी की 'जय हनुमान' का शूट शुरू

ऋषभ शेट्टी स्टारर फिल्म 'जय हनुमान' की शूटिंग शुरू हो गई है. 22 फरवरी को कर्नाटक के प्रसिद्ध मंदिर अंजनाद्रि बेट्टा में फिल्म की मुहूर्त पूजा हुई. इस फिल्म में राणा दग्गुबाती भी कास्ट किए गए हैं. इसे प्रशांत वर्मा डायरेक्ट कर रहे हैं.

वीडियो: ‘टॉक्सिक’ के टीज़र ने मचा दिया तहलका लोग बोले- "RIP धुरंधर"

Advertisement