24 जुलाई को यूट्यूब पर Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana का ट्रेलर आने वाला था. मगर रिलीज़ से कुछ घंटे पहले ही प्रोड्यूसर Namit Malhotra ने इसे पोस्टपोन कर दिया. इसके पीछे उन्होंने Sony Pictures Entertainment से हुई एक डील को जिम्मेदार ठहराया. दरअसल, सोनी इस मूवी का इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन करेगी. दोनों पक्ष के बीच लगभग 240 करोड़ की डील भी हुई है. बावजूद इसके, मेकर्स को एक पैसा भी नहीं मिला. ऐसा क्यों है, बताते हैं.
सोनी पिक्चर्स और 'रामायण' में 240 करोड़ की डील हुई, मगर मेकर्स को एक पैसा भी क्यों नहीं मिला?
'रामायण' की इंटरनेशनल मार्केटिंग पर मेकर्स 384 करोड़ रुपए से अधिक खर्च करेंगे.

सोनी दुनिया के कुछ सबसे बड़े डिस्ट्रीब्यूटर्स में से एक है. उसके साथ हुई डील 'रामायण' को हर छोटे-बड़े देश तक पहुंचा सकती है. चूंकि नमित का मकसद भी यही है, इसलिए उन्होंने सोनी के लिए इस ट्रेलर लॉन्च को टाल दिया. ज़ाहिर है कि इससे लोगों में जिज्ञासा उठी कि आखिर ये डील हुई कितने में है? पिंकविला के मुताबिक, सोनी ने 'रामायण पार्ट 1' पर 25 मिलियन डॉलर यानी 240 करोड़ रुपए लगाने का वादा किया है.
रोचक बात ये है कि इसमें से मेकर्स को एक पैसा नहीं मिलेगा. ऐसा इसलिए क्योंकि ये एक FOC यानी First-Only Commission डील है. इसके तहत सोनी ने 'रामायण' के मेकर्स को पहले से कोई रकम नहीं दी. इसके बदले वो फिल्म के इंटरनेशनल प्रमोशन और मार्केटिंग पर पैसा खर्च करेंगे. सोनी 'रामायण' के प्रचार-प्रसार पर 240 करोड़ रुपए लगाएगी. वहीं मेकर्स भी अपनी तरफ से इस पर 15 मिलियन डॉलर यानी 144 करोड़ खर्च करेंगे.
इस हिसाब से देखा जाए तो फिल्म की इंटरनेशनल मार्केटिंग पर 384 करोड़ रुपए से ज्यादा लगेंगे. इंडियन मार्केट में जो खर्च होगा, सो अलग. 'रामायण' के दोनों पार्ट्स को 4000 करोड़ रुपए में बनाया जा रहा है. इसमें से 1200 करोड़ रुपए दोनों मूवीज़ की मार्केटिंग पर लगाया जाएगा. भारत में आज तक किसी भी मूवी को प्रमोट करने में इतने पैसे नहीं लगे हैं.
खैर, इन सभी चर्चाओं के बीच एक खबर ये भी है कि 'रामायण' का ट्रेलर दोबारा लीक हो गया. पिछले एक हफ्ते में ऐसा दूसरी बार हो रहा है. हालांकि मेकर्स ने कॉपीराइट स्ट्राइक देकर सोशल मीडिया से इसे हटा लिया है. बाकी जहां तक ऑफिशियल रिलीज़ की बात है, चर्चा है कि ये ट्रेलर डिजिटली 29 जुलाई को रिलीज़ होगा. वहीं 30 जुलाई को इसे 'स्पाइडरमैन: ब्रांड न्यू डे' के थिएट्रिकल रिलीज़ के साथ दिखा जाएगा. चूंकि 'स्पाइडरमैन' मार्वल और सोनी का साझा प्रोजेक्ट है. इसलिए इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता. लेकिन मेकर्स ने अब तक अपनी तरफ से इस बात की औपचारिक पुष्टि नहीं की है.
वीडियो: कड़ी सुरक्षा के बावजूद लीक हुआ 'रामायण' का ट्रेलर!









