जब से 'पठान' रिलीज़ हुई है. सिनेमाई गलियारों में इसी की चर्चा है. कास्ट से लेकर क्रू तक सभी अलग-अलग जगहों पर इंटरव्यूज दे रहे हैं. रोज़ नई बातें सामने आ रही हैं और हम जैसों को उनकी खबरें करनी पड़ रही हैं. अब एक और नई बात सामने आई है. वो ये है कि 'पठान' में शाहरुख और ऋतिक का क्रॉसओवर क्यों नहीं रखा?
पता चल गया, 'पठान' में ऋतिक क्यों नहीं थे?
ये भी पता चल गया कि YRF स्पाई यूनिवर्स का आइडिया कहाँ से आया?


यदि आपने फिल्म देखी हो, तो ये जानते होंगे कि इसमें 'वॉर' और 'टाइगर' फ्रेंचाइज के कई किरदारों का रेफ्रेंस आता है. उन्हीं में से एक ऋतिक रौशन का किरदार है, कबीर. पहले खबर थी कि सलमान के साथ 'पठान' में ऋतिक का भी कैमियो होने वाला है. मेकर्स ने इस बात को आखिर दम तक छुपाकर रखा. अंत में पता चला कि ऋतिक फिल्म में नहीं होंगे. वो 'पठान' का हिस्सा क्यों नहीं हैं? और स्पाई यूनिवर्स का आइडिया कहां से आया? ये भी सिद्धार्थ आनंद ने बताया है.
'वॉर' की सफलता के बाद YRF ने स्पाई यूनिवर्स बनाने की सोची. 'पठान' ने इस यूनिवर्स में और ज़्यादा स्पाई कैरेक्टर इन्ट्रोड्यूस् करने का स्कोप दे दिया. सिद्धार्थ का कहना है कि YRF का स्पाई यूनिवर्स बनाने का आइडिया आदित्य चोपड़ा का था.
ऋतिक को फिल्म में न लेने के मसले पर बात करते हुए सिद्धार्थ ने कहा:
हम ऋतिक या फिर किसी और ऐक्टर को भी 'पठान' में ले सकते थे. पर सलमान खान और शाहरुख खान एक ही फिल्म में ऐक्शन कर रहे हों, ऐसा पहले नहीं हुआ है. जहां तक मुझे याद आता है, आखिरी बार दोनों ने 1996 में 'करन-अर्जुन' में एक साथ ऐक्शन किया था. हम इस बात पर लकी रहे कि आदी के पास टाइगर के इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स थे. इसलिए हमने ये क्रॉसओवर चुना, जो सफल रहा.
सिद्धार्थ ने आगे कहा:
इसमें कोई शक नहीं कि हमने ऋतिक के नाम पर भी विचार किया था. पर हमने अभी इस यूनिवर्स की शुरुआत ही की है. ऐसे में सभी को पहली ही बार में एक जगह ले आना बहुत जल्दी होगा. इस कॉम्बिनेशन को देखने के लिए लोगों में थोड़ी तड़प बची रहनी चाहिए. ये तो पक्का है, ऋतिक-शाहरुख का क्रॉसओवर होगा.
सिद्धार्थ ने इस बात से भी इनकार नहीं किया कि आगे चलकर रुबाई और जोया का भी क्रॉसओवर हो. दोनों स्पाई यूनिवर्स के किसी प्रीक्वल या सीक्वल में दिखें. रुबाई 'पठान' में दीपिका के किरदार का नाम है और जोया टाइगर फ्रेंचाइज में कटरीना का कैरेक्टर है. अब इन सब बातों से आप समझ सकते हैं यश राज फिल्म्स ने आगे के और बड़े प्लान बना रखे हैं. टाइगर-3 आने ही वाली है. वॉर-2 भी पाइपलाइन में है. पठान-2 का भी हिंट शाहरुख दे चुके हैं. देखते हैं क्या होता है? आप भी इंतज़ार करिए, हम भी करते हैं.
वीडियो: शाहरुख खान की पठान बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में सलमान खान से आगे निकल गई






















