The Lallantop

जब सलमान खान ने पांव छूने पर मिथुन के बेटे को सेट से बाहर फिंकवा देने की धमकी दे डाली

Salman Khan ने Namashi से कहा, 'मेरे साथ ये हरकत कभी नहीं करना. वो भी तब जब सामने Disha Patani बैठी हो.'

Advertisement
post-main-image
सलमान खान ने दो फिल्मों में दिशा पाटनी के साथ काम किया है. 'राधे' और 'भारत'.

Mithun Chakraborty के छोटे बेटे हैं Namashi. उन्होंने पिछले साल Bad Boy नाम की फिल्म से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया. फिल्म पिट गई. मगर नमाशी इस चीज़ को दिल से नहीं लगाया. वो अपनी फिल्म में लग गए है. जिसे Mahesh Bhatt प्रोड्यूस कर रहे हैं. ख़ैर, नमाशी ने हालिया इंटरव्यू में Salman Khan से जुड़ा एक किस्सा सुनाया. जब सलमान ने नमाशी को अपनी फिल्म के सेट से बाहर फिंकवा देने की बात कही थी. क्योंकि नमाशी Disha Patani के सामने सलमान के पांव छूने की कोशिश कर रहे थे.

Advertisement

नमाशी ने लहरें रेट्रो नाम के यूट्यूब चैनल के साथ बातचीत करते हुए सलमान खान से अपने संबंधों पर बात की. उन्होंने बताया कि एक बार वो फिल्म 'सुल्तान' के सेट पर सलमान से मिलने गए थे. नमाशी का मानना है कि सलमान को हमेशा से वो एक पर्सेप्टिव व्यक्ति के तौर पर देखते आए हैं. उन्हें पता है कि फिल्म इंडस्ट्री भीतरखाने कैसे काम करती है. नमाशी के साथ जो स्टार किड सलमान से मिलने गया था, वो तमाम कोशिशों के बावजूद इंडस्ट्री में पांव न जमा पाने की बात कह रहा था. इस पर सलमान ने कहा कि वो स्ट्रगल तो कर रहा है, नमाशी को तो स्ट्रगल करने के लिए भी मौके नहीं मिल रहे.

नमाशी और सलमान की अगली मुलाकात फिल्म 'राधे' के सेट पर हुई. सलमान के साथ इस फिल्म में दिशा पाटनी ने काम किया था. सेट पर जैसे नमाशी ने सलमान के पांव छूने की कोशिश की, सलमान ने उन्हें झिड़क दिया. साथ ही अपने सेट से बाहर निकलवा देने की भी धमकी दे डाली. हालांकि ये सब हंसी-मज़ाक में हो रहा था. नमाशी लहरें टीवी के साथ इंटरव्यू में बताते हैं,

Advertisement

"सलमान भाई 'राधे' की शूटिंग कर रहे थे. मैं अपनी फिल्म 'बैड बॉय' की शूटिंग खत्म करने के बाद महबूब स्टूडियो में उनसे मिलने चला गया. मैंने वहां जाकर उनके पांव छूए. इस पर उन्होंने कहा, 'हटो यार' (अंग्रेज़ी में गाली). उन्होंने मुझे गले लगाया और कहा, 'मेरी उम्र तुम्हारे जितनी ही है. ये सब बेकार की चीज़ें मेरे साथ मत किया करो. खासकर तब, जब यहां दिशा पाटनी बैठी हुई हैं. वरना मैं तुम्हें सेट से बाहर फिंकवा दूंगा'. इसलिए सलमान भाई से मिलने का पहला रूल ये है कि उनके पांव मत छुओ."  

नमाशी ने इस बातचीत में आगे बताया कि उनके पिता मिथुन के जितने भी दोस्त या कलीग्स रहे हैं, सबने हमेशा उनके परिवार की मदद की है. अमिताभ बच्चन तकरीबन रोज़ मिथुन का हाल-चाल लेते हैं. क्योंकि बीते दिनों उनकी तबीयत खराब हो गई थी. उनके अलावा गोविंदा से लेकर सुनील शेट्टी, शाहरुख खान और जैकी श्रॉफ सब लोग हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं.

नमाशी के बड़े भाई मिमोह ने 2008 में 'जिम्मी' नाम की फिल्म से अपना करियर शुरू किया था. जो कि बुरी तरह फ्लॉप हुई. नमाशी बताते हैं कि इस असफलता ने उनके भाई को परेशान कर दिया था. क्योंकि वो बहुत सपने लेकर आए थे. अब वो सपोर्टिंग रोल्स कर रहे हैं. मगर नमाशी का मानना है कि उनके साथ ऐसा नहीं है. क्योंकि वो असलियत से दूर नहीं हैं. उन्होंने इस असफलता को स्वीकार किया और करियर में आगे बढ़ गए. अब वो महेश भट्ट के प्रोडक्शन की एक फिल्म में काम कर रहे हैं. इसके अलावा वो 'इंडिया फैशन फैक्ट्री' नाम की फिल्म का भी हिस्सा हैं. इसमें उनके साथ निकी तंबोली नज़र आएंगी. ये दोनों फिल्में अलग-अलग हैं या एक ही, इसको लेकर क्लैरिटी नहीं है. 

Advertisement

Advertisement