SS Rajamouli ने Mahesh Babu के साथ Varanasi की Ramayana वाली सीक्वेंस कैसे शूट की? क्या Prakash Raj ने Prabhas स्टारर Spirit छोड़ दी है? Akshay Kumar की Bhooth Bangla अब कब रिलीज़ होगी? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
'वाराणसी' में रामायण वाले 25 मिनट के सीक्वेंस के लिए राजामौली को करनी पड़ी 60 दिन शूटिंग!
'वाराणसी' का ये सीक्वेंस रामायण से प्रेरित होगा. इसमें महेश बाबू भगवान राम के पात्र में दिखेंगे.


# राजामौली ने 60 दिन में शूट किया 25 मिनट का रामायण सीक्वेंस
SS राजामौली ने बीते दिनों कई इंटरनेशनल पब्लिकेशंस से अपनी फिल्म 'वाराणसी' के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि 'वाराणसी' में 25 मिनट का सीक्वेंस रामायण से प्रेरित है. दी रैप से चर्चा में राजामौली ने बताया कि 25 मिनट का ये सीक्वेंस शूट करने में 60 दिन लग गए. उन्होंने कहा, "ये सीक्वेंस रामायण के अलग-अलग अध्यायों के प्रसंगों के कोलाज की तरह है. ये सीक्वेंस अपने आप में एक फिल्म शूट करने जैसा था. महेश बाबू इसमें भगवान के पात्र में नज़र आएंगे. ये मेरी अब तक की फिल्मों का सबसे यादगार सीक्वेंस होगा."
हम याद दिला दें, कि 'वाराणसी' 7 अप्रैल 2027 को रिलीज़ होगी.
# स्टीवन स्पीलबर्ग की 'डिसक्लोज़र डे' का ट्रेलर आया
स्टीवन स्पीलबर्ग की थ्रिलर फिल्म 'डिसक्लोज़र डे' का ट्रेलर आया है. एमिली ब्लंट और जोश ओ'कॉनर इसमें लीड रोल्स में हैं. एमिली इसमें अंतरिक्ष विज्ञान शास्त्री बनी हैं. और जोश ओ'कॉनर UFO व्हिसल ब्लोअर के कैरेक्टर में हैं. ट्रेलर में ये दोनों धरती पर एलियंस का हमला अनुभव करते हैं. जब लोगों को ये सच पता लगता है, तो विचित्र घटनाएं घटती हैं. ये फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज़ होगी.
# प्रकाश राज ने छोड़ दी संदीप रेड्डी वांगा की 'स्पिरिट'!
संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' का शूट हैदराबाद में चल रहा है. प्रकाश राज इसमें जेलर के किरदार में कास्ट किए गए थे. अक्टूबर में जो ऑडियो टीज़र आया था, उसकी शुरुआत ही प्रकाश राज की आवाज़ से हुई थी. मगर अब ख़बर है कि प्रकाश राज ने ये फिल्म छोड़ दी है. OTT प्ले की रिपोर्ट के मुताबिक प्रकाश राज संदीप रेड्डी से क्रिएटिव डिफरेंसेस के चलते 'स्पिरिट' से अलग हुए हैं. फिल्म के एक सीक्वेंस को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई थी. जब ये खबर जोर पकड़ने लगी, तो प्रकाश राज ने खुद ट्विटर पर इसका खंडन किया. उन्होंने लिखा कि उन्होंने अब तक 'स्पिरिट' की शूटिंग ही शुरू नहीं की है, तो फिल्म छोड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता.
# ‘घूसखोर पंडत’ के मेकर्स को FWICE की चेतावनी
मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म 'घूसखोर पंडत' विवादों में है. लखऩऊ में इसके खिलाफ़ FIR भी दर्ज हो चुकी है. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज़ ने भी इसके टाइटल पर आपत्ति ली है. और मेकर्स को इसे बदलने की लिखित अपील भेजी है. इस पत्र में ये चेतावनी भी दी है कि यदि मेकर्स ने टाइटल नहीं बदला, तो एसोसिएशन कड़ा क़दम उठाएगी. वो नीरज पांडे के प्रोडक्शन हाउस फ्रायडे फिल्मवर्क्स के सभी प्रोजेक्ट्स और इस फिल्म के क्रू का भी बॉयकॉट करेगी.
# 'किल' के डायरेक्टर की एक्शन फिल्म करेंगे सनी देओल
सनी देओल जल्द ही एक और एक्शन फिल्म करने जा रहे हैं. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक ये फिल्म 'किल' फेम डायरेक्टर निखिल नागेश भट्ट बना रहे हैं. सूत्रों के हवाले से इस रिपोर्ट में लिखा गया है कि ये बड़े स्केल की एक्शन फिल्म है. सनी के साथ कुछ और मशहूर चेहरे भी इसमें नज़र आएंगे. इसकी शूटिंग मिड 2026 में शुरू होगी.
# अक्षय की 'भूत बंगला' प्रीपोन, अब 10 अप्रैल को आएगी
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'भूत बंगला' की रिलीज़ डेट एक बार फिर बदल दी गई है. सबसे पहले ये 15 मार्च को आने वाली थी. फिर 'धुरंधर 2' से क्लैश अवॉइड करने के लिए इसे 15 मई को लाने की घोषणा की गई. हाल ही में मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसके मुताबिक ये फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज़ होगी. फिल्म में परेश रावल, तबू, वामिका गब्बी और राजपाल यादव भी ज़रूरी किरदारों में हैं. प्रियदर्शन इसके डायरेक्टर हैं.
वीडियो: राजामौली की ‘वाराणसी’ पर टाइटल विवाद गहराया, दो अलग स्पेलिंग्स ने मामला उलझाया!















.webp?width=120)
.webp?width=120)


