The Lallantop

डेविड धवन ने 'चुनरी-चुनरी' गाने का इस्तेमाल किया और दो बड़ी प्रोडक्शन कंपनियों में युद्ध छिड़ गया

वासु भगनानी ने 90s में इस गाने के राइट्स टिप्स म्यूजिक को बेचे थे. मगर इसे 'है जवानी तो इश्क होना है' में देखकर वो बिफर पड़े.

Advertisement
post-main-image
'चुनरी चुनरी' के सिंगर अभिजीत और अनुराधा श्रीराम हैं. वहीं इसके म्यूजिक कम्पोज़र अनु मलिक हैं.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में 'चुनरी चुनरी' गाने के नए वर्जन के उपयोग को लेकर वासु भगनानी और टिप्स म्यूजिक के बीच कानूनी विवाद छिड़ा है।
  • 90 के दशक में म्यूजिक राइट्स को बड़ी कंपनियों को बेचने के कारण डिजिटल और वीडियो राइट्स को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद उत्पन्न हुआ है।
  • कटिहार कोर्ट में मामला चल रहा है और जज ने आदेश दिया है कि केस के अंतिम निर्णय तक दोनों पक्ष पुरानी स्थिति को बनाए रखें।

बॉलीवुड में एक बड़ी कानूनी लड़ाई छिड़ गई है. मशहूर फिल्ममेकर Vashu Bhagnani और Tips Music, Varun Dhawan की आने वाली फिल्म Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai को लेकर भिड़ गए हैं. फिल्म की शूटिंग के दौरान कुछ वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुए थे. उनमें 'चुनरी चुनरी' गाने का नया वर्जन सुनाई दिया. ये गाना Biwi No 1 (1999) फिल्म का है, जिसे  वासु की Pooja Entertainment कंपनी ने प्रोड्यूस किया था. चूंकि वरुण धवन की मूवी टिप्स फिल्म्स के बैनर तले बनी है, इसलिए वासु ने उन पर बगैर इजाज़त उनका गाना इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ऊपरी नजरों से देखने पर ये हाल-फिलहाल का मुद्दा नज़र आता है. मगर असल में इसकी जड़ें काफ़ी पुरानी है. दरअसल, 90s और 2000 के दौर में मेकर्स अपनी फिल्मों के म्यूजिक राइट्स बड़ी कंपनियों को बेच दिया करते थे. उस समय उनकी कमाई कैसेट्स और CDs की सेल से होती थीं. तब स्पॉटिफ़ाई और यूट्यूब जैसी चीजें नहीं थीं, इसलिए डिजिटल राइट्स पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया. उस दौर में वासु ने 'बीवी नंबर 1' के म्यूजिक राइट्स टिप्स म्यूजिक को दिए थे. वो कंपनी अब उन गानों से खूब पैसे कमा रही जबकि पूजा एंटरटेनमेंट को कुछ नहीं मिला. ये बात वासु भगनानी को गलत लगी. उनका कहना है कि उन्होंने टिप्स वालों को केवल फिल्म के म्यूजिक राइट्स दिए थे. लेकिन कुछ डिजिटल और वीडियो राइट्स अब भी उनके पास होने चाहिए. इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के बीच 2018 से ही विवाद चल रहा है. 

देर-सवेर वासु भगनानी और डेविड धवन के परिवार भी इस लड़ाई का हिस्सा बन गए. दरअसल, वासु ने 2020 में वरुण धवन को लीड में रखकर 'कुली नंबर 1' बनाई थी. 90s में उनकी इसी नाम से बनी फिल्म में गोविंदा लीड में थे. दोनों को पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया था. दोनों के डायरेक्टर डेविड धवन थी. लेकिन वरुण वाली फिल्म चली नहीं. फिर भी दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को भरोसा दिया कि वो आगे भी साथ काम करेंगे. खबरों के मुताबिक, वरुण के भाई रोहित धवन और वासु के बेटे जैकी भगनानी 'बीवी नंबर 1' के रीमेक पर काम कर रहे थे. लेकिन बाद में धवन फैमिली उस प्रोजेक्ट से पीछे हट गई.

Advertisement

हालांकि तीन महीने बाद डेविड ने टिप्स फिल्म्स के साथ नई मूवी साइन की. मगर फिर एक वीडियो वायरल हुआ, जिससे ये रायता काफी ज्यादा फैल गया. वायरल वीडियो में वरुण धवन 'चुनरी चुनरी' गाने पर थिरक रहे थे. ये गाना वासु की फिल्म 'बीवी नंबर 1' का था. डाउट हुआ तो उन्होंने सीधे वरुण से बात की. वरुण ने भरोसा दिया कि वो 'बीवी नंबर 1' का रीमेक नहीं बना रहे. मगर 'चुनरी चुनरी' गाने पर शूटिंग इसलिए चल रही क्योंकि टिप्स फिल्म्स के प्रोड्यूसर्स ने ऐसा करने को कहा है. वरुण और टिप्स की ये फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' ही थी. मूवी 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इसलिए इस समय मामले ने बड़ी आग पकड़ ली है. वासु के मुताबिक, जब उन्हें पता चला कि डेविड अपनी फिल्म में ‘चुनरी-चुनरी’ का इस्तेमाल कर रहे, तो उन्हें धक्का लगा. सबसे ज्यादा उन्हें इस बात का दुख था कि जिस गाने पर उन्होंने इतनी मेहनत की, उसे सालों बाद कोई इस्तेमाल कर रहा और उन्हें बताया तक नहीं. उन्होंने इस बात को प्रोफेशनल के साथ एथिकल तौर पर भी गलत बताया है.

ज़ाहिर है कि इसके बाद वो ये मामला लेकर कोर्ट पहुंच गए. दूसरी तरफ, टिप्स म्यूजिक ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उनके पास इन गानों के लीगल राइट्स हैं. इसलिए वो कई सालों से उनका सही तरीके से इस्तेमाल कर रहे. फिलहाल बिहार के कटिहार कोर्ट में ये मामला चल रहा. जज का कहना है कि जब तक केस का अंतिम फैसला नहीं आता, तब तक दोनों पक्ष पहले जैसी सिचुएशन बनाए रखें.

वीडियो: क्या सलमान ने डेविड धवन के साथ फिल्म करने के लिए अप्रोच किया?

Advertisement

Advertisement