The Lallantop

‘तुम तो मामूली हाफ़िज़ निकले मियां, जिसने कुरआन घोल कर पी तो लिया पर उसके मायने नहीं समझा’

हर मुसलमान को ये रेफरेंस जरूर समझ लेना चाहिए.

Advertisement
post-main-image
फिल्म का एक दृश्य.
एक फिल्म आ रही है, अलिफ़. 3 फ़रवरी 2017 को रिलीज़ होगी. इससे पहले कि हम इसके ट्रेलर की खूबियों पर बात करें, आइये ज़रा यादें ताज़ा कर लें.
पाकिस्तान में एक फिल्म बनी थी 'खुदा के लिए'. इस्लाम में संगीत की पाबंदी, पहनावे की ड्रामेबाज़ी पर खुल कर ओपिनियन देती थी ये फिल्म. एक मुस्लिम युवा के खुलेपन से कट्टरता की तरफ के उल्टे सफ़र को बेहद खूबसूरती से पेश किया था इस फिल्म ने. पाकिस्तानी सिनेमा की तरफ से आया मास्टरपीस था ये.
खुदा के लिए बनाने वाले शोएब मंसूर ने ही फिर एक और फिल्म दी, ‘बोल’.
बोल तो और भी ज़्यादा मुखर थी. लड़कियों की इस्लाम में स्थिति और फॅमिली प्लैनिंग के प्रति मुसलमानों की उदासीनता पर कड़ा प्रहार करती थी. आज भी इस फिल्म का वो डायलॉग कानों में गूंजता रहता है. “अगर पाल नहीं सकते तो पैदा क्यों करते हो?” bol1
जिस इस्लाम में अपनी मज़हब की बनी-बनाई लकीर से हटने की मनाही है, वहां संवेदनशील मुद्दों पर फिल्म बनाना हौसले का काम था. और वो भी कहां! पाकिस्तान में! जहां मज़हबी कट्टरता अक्सर अपने चरम पर रहती है. जहां मज़हब के खिलाफ़ कोई भी टिप्पणी आपकी जान का ग्राहक बन सकती है. फिर भी पाकिस्तान से ऐसी फ़िल्में आई.
इस मामले में भारत थोड़ा कंगाल नज़र आता है. यहां अभिव्यक्ति की आज़ादी भरपूर मात्रा में उपलब्ध होने के बाद भी ऐसी फिल्म मुश्किल से ही नज़र आती है जो इस्लाम में शामिल कुरीतियों पर खुल के बोले. पीके जैसी फिल्म में भी इसका महज़ एक पहलू छू कर छोड़ दिया गया. लगता है ये कमी अब पूरी होने जा रही है. इस्लामी दीनी तालीम के साथ-साथ दुनियावी तालीम की भी अहमियत समझाती ये फिल्म रिलीज़ होने को है.  'अलिफ़' का ट्रेलर तो धांसू लग ही रहा है, जो मैसेज इससे निकल कर आ रहा है वो अनमोल है. हर भारतीय मुसलमान को इस फिल्म के टिकट्स एडवांस में बुक कर लेने चाहिए.
‘अलिफ़’ एक पिता की अपने बेटे को डॉक्टर बनाने की महत्वाकांक्षा की जद्दोजहद की कहानी है. अपने बेटे को उंची तालीम देने के लिए प्रतिबद्ध इस पिता की लड़ाई मज़हबी पागलपन से है, मुस्लिम समाज की संकुचित मनोवृत्ति से है, उस कट्टरता से है जो इस्लाम की बुनियादी शिक्षा ‘तालीम ही सर्वोपरि है’ को नकारती आई है. बनारस के मुस्लिम मोहल्ले में रहने वाले हकीम रज़ा अपने बेटे अली को किसी अच्छे स्कूल में पढ़ाना चाहते हैं लेकिन कुछ तो अपने समुदाय की सनक और कुछ हिंदू कम्युनिटी का निरर्थक डर उन्हें रोकता है.
ऐसे हालात में उनकी बहन ज़हरा पाकिस्तान से भारत आती है. ज़हरा ज़ोर देकर कहती है कि अली की तालीम बेहद ज़रूरी है. बेटे को अच्छे स्कूल में दाख़िल करवाने के रज़ा के फैसले से मुस्लिम समुदाय, मदरसों के कर्ता-धर्ता और रज़ा में तनाव पैदा हो जाता है. फिल्म में एक मदरसा शिक्षक जमाल का किरदार भी है जिसका दावा है कि उसे अल्लाह से मुहब्बत है. मज़हब से बगावत पर उतारू रज़ा और उनके बेटे अली का मुल्लाशाही जीना हराम कर देती है. ज़हरा को जान से मारने की धमकियां जारी करती है. कैसे हकीम रज़ा इन चुनौतियों से पार पाते हैं यही कहानी है ‘अलिफ़’ की.
मदरसों की शिक्षाओं का स्तर कितना चिंताजनक है ये किसी से छुपा नहीं है. ऐसा नहीं है कि मदरसों में गणित, विज्ञान वगैरह नहीं पढ़ाया जाता. लेकिन मेन फोकस धार्मिक शिक्षा को घोट के पिलाना ही होता है. ऐसे में बच्चों का पिछड़ जाना लाज़मी है. जो मुस्लिम मां-बाप अपने बच्चों को ज़माने की रफ़्तार के साथ चलता देखना चाहते हैं वो मदरसों के भरोसे बैठे नहीं रह सकते. यहीं से मज़हब और व्यक्ति में संघर्ष की नींव पड़ती है.
‘अलिफ़’ इस बेहद ज़रूरी मसले को पूरी संवेदनशीलता से छूती नज़र आ रही है. ‘अलिफ़’ के निर्देशक ज़ैग़म इमाम की ये दूसरी फिल्म है. इससे पहले वो ‘दोज़ख-इन सर्च ऑफ़ हेवन’ नाम से एक खूबसूरत फिल्म बना चुके हैं जिसकी बेहद तारीफ़ हुई थी. उनकी दूसरी फिल्म में कास्टिंग से लेकर लोकेशंस तक सब कुछ परफेक्ट नज़र आ रहा है.
लंबे समय बाद नीलिमा अज़ीम को एक सशक्त किरदार में देखना दिलचस्प रहेगा. ट्रेलर में तो वो छा गई है. डायलॉग राइटर की स्पेशल तारीफ़ बनती है. कुछेक मुलाहिज़ा फरमाइए
  • ‘सिर्फ कुरआन रटने से इल्म थोड़े ही ना आ जाता है रज़ा, तुम हमारे अली को एक अच्छे स्कूल में दाखिला दिलवा दो.’
  • ‘इल्म हासिल करना तो हमारा बुनियादी हक़ है.’
  • 'एक आखिरी मौक़ा मुसलमान समझ के नहीं, मदरसे वाला समझ के नहीं, बच्चा समझ के दे दीजिये.’
  • ‘सवाल हमारी ज़िंदगी का नहीं है, सवाल आनेवाली नस्लों का है.’
और सबसे कीमती,
  • ‘तुम तो एक मामूली हाफ़िज़ निकले मियां, जिसने कुरआन घोल कर पी तो लिया पर उसके मायने नहीं समझ सका.’
alif1 ये फिल्म इस्लाम की सबसे बड़ी और फौरी ज़रूरत तालीम को बोल्ड लेटर्स में अंडरलाइन करती है. पैगम्बर मुहम्मद साहब का कहना था कि अगर तालीम के लिए चीन भी जाना पड़े तो जाओ.
शिक्षा की अहमियत पर जोर देने वाला इस्लाम कब कठमुल्लाओं की जकड़न में आ गया पता ही नहीं चला. आख़िरत के लिए जीने का दावा करने वाली मुल्लाशाही तालीम के नाम पर सिर्फ मज़हबी किताबें रटवाना चाहती है. ऐसे में प्रगतीशील विचारों वाले लोगों का ये फ़र्ज़ बन जाता है कि मुस्लिम समाज को इनके चंगुल से छुडाने के लिए कोशिशें तेज़ करें. ये फिल्म ऐसी ही एक ईमानदार कोशिश का नतीजा नज़र आ रही है.
हालांकि ट्रेलर देख कर किसी फिल्म को अच्छी मान लेना तर्कसंगत नहीं होगा, लेकिन इस फिल्म को महज़ इसलिए देखा जाना चाहिए कि इसने एक बेहद ज़रूरी सब्जेक्ट पर बात की है. ऐसी फिल्मों का ख़ूब प्रचार-प्रसार होना चाहिए. ऐसी फ़िल्में गुमनामी के अंधेरे में नहीं खोनी चाहिए. हौसला बढ़ाइए इन फिल्म मेकर्स का ताकि वो और ज़्यादा जोशोखरोश के साथ ऐसे नगीनों को लेकर लौट सकें. ‘अलिफ़’ फिल्म का अन-नोटिस्ड चले जाना बहुत बड़ा अन्याय होगा. ट्रेलर देखेंः https://www.youtube.com/watch?v=vo1uC2pCPa8
ये भी पढ़िएः

भारत का मुसलमान क्यों दुनिया के मुसलमानों से ज्यादा समझदार है!

मजहब को अपने घर तक रखो, बाहर निकला तो इंसानियत के होंठ सी देगा

 

Advertisement
Advertisement