The Lallantop

सेंसर बोर्ड के 'ऑब्सेशन' ने साल की सबसे चर्चित हॉरर फिल्म का सत्यानाश कर दिया

सेंसर बोर्ड ने भारत में फिल्म का वही हिस्सा काट दिया, जिसे विदेशी ऑडियंस फिल्म का सबसे डरावना और अहम सीक्वेंस बता रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
'ऑब्सेशन' को करी बार्कर नाम के एक 26 साल के यूट्यूबर ने लिखा और डायरेक्ट किया है.

हॉलीवुड की साइकोलॉजिकल हॉरर मूवी Obsession दुनियाभर के फिल्मप्रेमियों का नया ऑब्सेशन बनकर उभरी है. भारत में भी रिलीज़ के बाद से इसकी खूब चर्चा है. मगर उसकी वजह सिर्फ फिल्म की कहानी नहीं बल्कि उस पर लगी सेंसरशिप भी है. CBFC ने इसे A (Adults Only) सर्टिफिकेट दिया. बावजूद इसके, रिलीज़ से पहले उन्होंने इसमें 38 सेकेंड के ऐसे कट्स लगाए, जिससे फिल्म का सबसे ज़रूरी और हॉरर एलीमेंट बर्बाद हो गया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# क्या है 'ऑब्सेशन'?

'ऑब्सेशन' बियर नाम के एक ऐसे लड़के की कहानी है, जो एक म्यूजिक स्टोर में काम करता है. एक दिन उसे One Wish Willow नाम का एक सुपरनैचुरल खिलौना मिलता है. वो उससे विश मांगता है कि उसकी दोस्त निक्की उससे प्यार करने लगे. उसकी इच्छा पूरी तो हो जाती है लेकिन फिर आता है कहानी में डरावना ट्विस्ट. दरअसल, निक्की बियर से प्यार करने की जगह ऑब्सेस्ड हो जाती है. इतनी कि वो हिंसक और बेहद अन-नैचुरल बर्ताव करने लगती है. इसके बाद क्या होता है, फिल्म में वही दिखाया गया है.

Advertisement

# काट-छांट से सेंसर बोर्ड का ऑब्सेशन!

खैर, सेंसर बोर्ड ने फिल्म से टोटल 38 सेकेंड का फुटेज हटाया है. इसमें एक 24 सेकेंड का वॉयलेंट सीन है. दूसरा, 14 सेकेंड का सेक्शुअल फुटेज. इसके अलावा एकाध और बदलाव करवाए गए हैं. यहां 24 सेकेंड वाले फुटेज को कई विदेशी ऑडियंस ने फिल्म का सबसे डरावना सीन बताया है. लेकिन भारत में दर्शक A सर्टिफिकेट वाली फिल्म होने के बावजूद ये सीन थिएटर्स में नहीं देख पा रहे. ओरिजिनल वर्जन में निक्की, सारा नाम की एक लड़की पर भयंकर हमला करती है. सारा कार में बैठी है. अचानक निक्की बाहर से शीशा तोड़ उसका चेहरा स्टियरिंग व्हील पर बंधे पत्थर पर पटकने लगती है. वो सारा को इस तरह मारती है कि उसका चेहरा और नाक-मुंह तक पहचानना मुश्किल हो जाता है. उसकी आंखें भी बाहर लटकने लगती हैं.

# पहले सीन के काटे जाने से फिल्म पर क्या फर्क पड़ा?

Advertisement

ये सीन काफी हिंसक है. लेकिन कहानी के हिसाब से बेहद जरूरी भी. निक्की, बियर के लिए किस हद तक जुनूनी है, उसका सबसे बड़ा उदाहरण यही सीन था. फिल्म का सबसे बड़ा हॉरर इसी दृश्य में है. लेकिन भारत में दर्शक इसे देख नहीं सके. यहां सेंसर बोर्ड ने पत्थर पर सारा का चेहरा पटकने वाला फुटेज हटा दिया है. भारत में निक्की कार का शीशा तोड़ती है और अगले ही पल सारा का चेहरा कुचला हुआ मिलता है. क्या, क्यों, कैसे- कुछ नहीं पता. ये तो सोशल मीडिया के कारण कुछेक लोगों ने उन सीक्वेंस को देख भी लिया. वरना किसी को भनक तक नहीं लगती कि वहां हुआ क्या था.

# सेंसर बोर्ड ने दूसरे बड़े कट में क्या हुआ?

फिल्म में बियर और निक्की के रिलेशन को दिखाता हुआ एक सेक्स सीन भी है. ये सीक्वेंस तब आता है, जब कहानी के हिसाब से बियर और निक्की का रिश्ता खुशहाल दिखाया जाता है. ऑडियंस को लगता ही कि दोनों एक-दूसरे के करीब आ रहे हैं और सब कुछ नॉर्मल है. तभी कुछ पल के लिए कैमरा निक्की के चेहरे पर जाता है. उसकी आंखों में खुशी या प्यार नहीं, बल्कि एक अजीब-सा खालीपन और बेबसी दिखती है. ठीक इसी मोमेंट पर दर्शकों को समझ आने लगता है कि निक्की अपनी मर्जी से इस रिश्ते में नहीं. असल में वो उसमें फंसी गई है. आसान भाषा में कहें तो बियर के विश मांगने पर वो अपनी इच्छा से उससे प्यार नहीं कर रही थी. बल्कि सुपरनैचुरल कारणों से उसके प्रेम में पड़ जाती है.

# दूसरे सीन के काटे जाने से क्या फर्क पड़ा?

ये छोटा-सा सीन पूरी फिल्म का मतलब बदल देता है. इससे पहले तक बियर एक ऐसा लड़का था, जो लड़की के साथ अंधे प्यार में पड़ गया. लेकिन इसके बाद महसूस होता है कि वो निक्की की असल हालत देखना ही नहीं चाहता. फिल्म के अनकट वर्जन में ये सीन काफी डिस्टर्बिंग लगता है. लेकिन भारत में इसका 14 सेकेंड का फुटेज हटाए जाने के कारण लोग कभी ये एंगल समझ ही नहीं पाएंगे. यही वजह है कि फिल्म देखने वाले ज्यादातर दर्शक सेंसर बोर्ड के रवैये पर सवाल उठा रहे. उनका कहना है कि जब 'ऑब्सेशन' को पहले ही A सर्टिफिकेट दे दिया गया, तो फिर इतने जरूरी सीन्स को फिल्म से हटाने की जरूरत क्या थी? उनका मानना है कि इन कट्स ने फिल्म के सबसे बेहतरीन और हॉरर सीक्वेंस को बेअसर कर दिया. 

'ऑब्सेशन' को करी बार्कर नाम के एक 26 साल के यूट्यूबर ने लिखा और डायरेक्ट किया है. ये उनके करियर की पहली थिएट्रिकल मूवी है. इसमें माइकल जॉन्सटन, इन्दे नवारेत्ते, कूपर टॉमलिन्सन और मेगन लॉलेस जैसे एक्ट्रेस ने काम किया है. करीब 7.12 करोड़ रुपये के बजट में इसने अब तक 646 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. ये दुनिया की सबसे प्रॉफिटेबल फिल्मों में से एक बन चुकी है. 

वीडियो: क्या शाहरुख होंगे हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स के मेन विलन?

Advertisement