Kriti Sanon के रक्षाबंधन ऐड पर खूब हो-हल्ला मचा हुआ है. आम लोगों से लेकर कुछ फिल्म सेलिब्रिटीज़ भी इस मुद्दे पर रिएक्ट कर रहे. खुद Sonu Nigam ने भी कृति के कपड़ों की आलोचना की है. कम-से-कम इंटरनेट पर तो लोगों को यही लग रहा. एक मीडिया संस्थान ने तो उनके नाम से खबर तक चला दी. सिंगर सोनू निगम इस बात पर बुरा भड़क गए हैं.
सोनू निगम का ऐसा खेल कि मीडिया भी फंस गई, सिंगर ने लगाई बुरी फटकार!
सोनू निगम ने कृति सैनन के रक्षाबंधन ऐड वाले कपड़ों पर सवाल उठाए थे. बयान असली, फिर भी क्या गड़बड़ी हुई?

हुआ ये कि एक मीडिया हाउस ने सिंगर सोनू निगम के नाम से ये खबर चला दी कि उन्होंने कृति सैनन के कपड़ों पर सवाल उठाए हैं. ऑर्गेनाइजेशन ने सोनू का X पर लिखा एक पोस्ट शेयर किया, जहां उनका ये कहना था कि कृति को रक्षाबंधन के हिसाब से पारंपरिक कपड़े पहनने चाहिए. उनके मुताबिक, कब और कहां क्या पहनना चाहिए, इसका सलीका होता है. गुरुद्वारे और मंदिरों में लोग भरे-पूरे कपड़े पहनते हैं. कई मंदिरों में पुरुषों के हाफ-पैंट पर भी रोक है. इसलिए कृति को विक्टिम कार्ड खेलने और रक्षाबंधन पर ब्रालेट पहन हिंदुओं की आस्था का अपमान नहीं करना चाहिए.
ये पोस्ट सोनू निगम की आईडी से आया और इस पर ब्लू टिक भी है. इसलिए उस मीडिया संस्थान ने इस बयान को सिंगर सोनू निगम के नाम और फ़ोटो के साथ शेयर कर दिया. मगर खेल ये है कि सोनू X पर हैं ही नहीं. यानी ये पोस्ट उन्होंने किया ही नहीं है. दरअसल, ये सेम नाम वाले एक अन्य व्यक्ति की आईडी है, जो पिछले कई सालों से X पर लगातार पोस्ट कर रहे. उनका पूरा नाम सोनू निगम सिंह हैं, मगर X के यूजरनेम में केवल सोनू निगम लिखा आता है. प्रोफ़ाइल फ़ोटो में उन्होंने अपनी तस्वीर की जगह तिरंगा लगाया है, इसलिए लोग उन्हें सिंगर सोनू निगम से कन्फ्यूज़ कर बैठते हैं.
सोनू तो खुद भी कई बार कह चुके हैं कि ये आईडी उनकी नहीं. मगर जनता का दिल है कि मानता नहीं. तो बस, उस मीडिया संस्थान ने बगैर जांचे-परखे ये खबर छाप दी, जिसे पढ़कर सिंगर सोनू निगम बुरी तरह भड़क गए. उन्होंने इंस्टाग्राम पर उस ऑर्गेनाइजेशन के पोस्ट और ओरिजिनल बयान का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा,
“ये मैं नहीं हूं. ये मैं कभी था ही नहीं. जाग जाओ. मीडिया वालों जाग जाओ.”

सोनू का ये पोस्ट इंटरनेट पर वायरल होने लगा. ये देख उस मीडिया हाउस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स से उसे डिलीट कर दिया. रोचक बात ये है कि इस गड़बड़ी को लेकर केवल सिंगर सोनू निगम ने ही नहीं, बल्कि X यूजर सोनू निगम सिंह ने भी उस कंपनी को फटकारा है. उन्होंने X पर बताया कि मीडिया हाउस ने उनके बयान को सिंगर सोनू निगम से जोड़कर पब्लिश कर दिया है. जबकि सोनू खुद इसकी असलियत बता चुके हैं. यही नहीं, यूजर ने उस संथान को नसीहत देते हुए कहा कि वो आगे से ऐसे किसी बयान को शेयर करते वक्त ओरिजिनल आईडी जरूर चेक कर लिया करें. खासकर तब, जब दो लोगों के एक जैसे नाम हों.
वीडियो: बीच कॉन्सर्ट में सोनू निगम ने ऐसा क्या कहा जो FIR दर्ज हो गई?









