Sunny Deol की Gadar 2 ने 2023 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पाई है. Shahrukh Khan की Pathaan के बाद. 'गदर 2' ने पहले दिन देशभर से 40.10 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है. फिल्म की अडवांस बुकिंग को देखते हुए ये अंदाज़ा लगाया जा रहा था कि फिल्म 35 करोड़ रुपए के आसपास खुल सकती है. मगर सभी समीकरणों को तहस-नहस करते हुए इस फिल्म ने पहले दिन बाजा फाड़ कमाई की है. 'गदर 2' को क्रिटिक्स ने कुछ खास पसंद नहीं किया. बावजूद इसके फिल्म की धांसू ओपनिंग बताती है कि 'गदर' की लेगेसी कितनी मजबूत है. इसमें नोस्टैल्जिया फैक्टर ने भी अहम भूमिका रही.
'गदर 2' ने पहले दिन कमाई के मामले में धुआं उड़ाकर रख दिया
'पठान' के बाद 2023 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बनी सनी देओल की 'गदर 2'.


2023 की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म है 'पठान'. शाहरुख स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन 57 करोड़ रुपए की कमाई की थी. 2023 की सबसे ज़्यादा ओपनिंग पाने वाली फिल्मों की लिस्ट आप नीचे देख सकते हैं-
1) पठान- 57 करोड़ रुपए
2) गदर 2- 40.10 करोड़ रुपए
3) आदिपुरुष- 36 करोड़ रुपए
4) किसी का भाई किसी की जान- 15.81 करोड़ रपए
5) तू झूठी मैं मक्कार- 15.73 करोड़ रुपए
'गदर 2' की कमाई को लेकर किसी के मन में कोई संशय नहीं था. मगर एक हफ्ते पहले तक किसी को ये उम्मीद भी नहीं थी कि फिल्म 40 करोड़ टच कर जाएगी. पिछले 48 घंटों में फिल्म की अडवांस बुकिंग में जबरदस्त उछाल देखने को मिली. देश के टॉप तीन मल्टीप्लेक्स चेन्स में फिल्म की अडवांस बुकिंग 2.5 लाख के आसपास रही. वहीं सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में इसने 'पठान' की अडवांस बुकिंग को भी पीछे छोड़ दिया. सिंगल स्क्रीन्स में भी मामला 1.5 से 2 लाख के बीच रहा. इस आधार पर फिल्म की 30 करोड़ की ओपनिंग तो लॉक हो गई थी. मगर स्पॉट बुकिंग्स की मदद से ये आंकड़ा 10 करोड़ और उछल गया.
'गदर 2' ने ये नंबर अक्षय कुमार की OMG 2 के साथ क्लैश के बावजूद हासिल किया. वरना पहले दिन सनी देओल स्टारर इस फिल्म की कमाई 50 करोड़ भी पहुंच सकती थी. ये तो हो गई शुक्रवार की बात. 'गदर 2' ने रिलीज़ के लिए बहुत मुफीद समय चुना. क्योंकि इससे उन्हें 11, 12 और 13 अगस्त को तीन दिन लंबा वीकेंड तो मिलेगा. 14 को सोमवार है और 15 अगस्त को फिर से छुट्टी होगी. बेसिकली 'गदर 2' को कमाई के लिए पांच दिन का समय मिल गया. जब तक लोग फिल्म के कॉन्टेंट की बात करनी शुरू करेंगे, तब तक 'गदर 2' 200 करोड़ रुपए के अराउंड कमाई कर चुकी होगी. क्योंकि इस फिल्म के 15 अगस्त तक के ढेर सारे टिकट्स अडवांस में बुक्ड हैं. बताया जा रहा है कि शनिवार को फिल्म की कमाई में उछाल आने की उम्मीद है. क्योंकि पब्लिक फिल्म को पसंद कर रही है.
सनी देओल की पिछली थिएट्रिकल रिलीज़ थी 'चुप- रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट'. इस फिल्म में सनी के साथ दुलकर सलमान और श्रेया धनवंतरी ने लीड रोल्स किए थे. क्रिटकल अक्लेम के बावजूद इस फिल्म ने पहले दिन मात्र 3.06 करोड़ रुपए कमाए.
'गदर 2' में सनी देओल के साथ अमीषा पटेल, उत्कर्ष शर्मा, मनीष वाधवा और गौरव चोपड़ा जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: सनी देओल स्टारर गदर 2 की स्पेशल स्क्रीनिंग रखवाई गई थी इंडियन आर्मी के लिए, रेस्पॉन्स जबरदस्त रहा


















