ऑनलाइन ऑर्डर करने सभी चीजें घर की दहलीज पर आ जाती हैं. इस सुविधा की जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम. लेकिन क्या चुटकी बजाते ही ऑनलाइन मिलने वाला सामान रियल होता है? ऐसा सवाल कॉमेडियन और एक्टर वीर दास की हाल में साझा की गई पोस्ट के बाद उठा है.
वीर दास ने Zepto से मंगवाई Apple वॉच, डिब्बा खोला तो 'चाइना का माल' निकला
Zepto Apple Watch: एक्टर और कॉमेडियन वीर दास ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto से एक Apple Watch मंगवाई थी. लेकिन जब घड़ी उनके घर डिलिवर हुई, तो वो असली नहीं थी. अब अपना एक्सपीरियंस उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है.


वीर दास ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि उन्होंने Zepto से एक एप्पल वॉच ऑर्डर की थी. क्योंकि उन्हें एक शूट के लिए जरूरत थी. मगर जब वो डिलीवरी हुई, तो उसका रूप अलग ही था.
दास ने घड़ी और उसकी पैकेजिंग की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कहा कि पैकेजिंग पर Apple का लोगो होने के बजाय ‘Designed by Watch in China’ लिखा था. उन्होंने एक्स पर लिखा,
“ओके, क्या मैं गलत हूं या सभी Apple Watch ऐसी ही दिखती हैं? या फिर @ZeptoNow और @zeptocares चीन की कॉपी बेचकर गड़बड़ कर रहे हैं? वैसे, फोन पर उनके कस्टमर सर्विस एजेंट ने कहा कि वे कुछ नहीं कर सकते. यह पूरी तरह से धोखा है. हमें एक शूट के लिए जल्दी से इसकी जरूरत थी. उन्होंने हमसे 50 हजार रुपये लिए.”
मामले ने तूल पकड़ा. और जेप्टो प्लेटफॉर्म अपना बचाव करते हुए आ गया. कंपनी ने एक्स पर लिखा,
ये वो अनुभव नहीं है, जो हम देना चाहते हैं. और हम इसे आपके लिए ठीक करना चाहते हैं.
वीर दास ने बाद में अपडेट देते हुए बताया कि जेप्टो ने उनसे संपर्क किया और असली वॉच डिलीवर कर दी है.
कॉमेडियन की पोस्ट पर कई यूजर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए. अलग-अलग प्लेटफॉर्म के. niagaraFalls नाम के एक अकाउंट ने बताया,
“मैंने Blinkit से realme buds ऑर्डर किए थे. और उसके अंदर मुझे एक एडॉप्टर मिला और अब वे कह रहे हैं कि वे मेरी मदद नहीं कर पाएंगे.”

न्यूज चेक नाम के यूजर ने लिखा,
“मुझे Zepto से नकली iPhone चार्जिंग केबल मिली.”

अतुल नाम के एक यूजर ने बताया कि उसने ऐमजॉन से Apple Pencil Pro ऑर्डर किया था. लेकिन उसकी जगह एक चार्जिंग एडॉप्टर मिला. और 28 दिन बाद तक भी उसे ना तो प्रोडक्ट मिला, न ही रिफंड और न ही कोई सफाई.
कई यूजर्स ने सलाह दी कि अगली बार आप कैश ऑन डिलीवरी चुनें.
जेप्टो के एक प्रवक्ता ने मामले पर इंडियन एक्सप्रेस से बात की. कहा कि इसकी जांच चल रही है. उन्होंने यूजर्स को सलाह देते हुए ये भी कहा कि ज्यादा कीमत वाले प्रोडक्ट्स के लिए डिलीवरी के समय एक OTP मिलता है. OTP तभी शेयर करना चाहिए जब यह पक्का कर लिया जाए कि पैकेज ठीक से सील है और अच्छी हालत में है.
वीडियो: रोशन आनंद ने लगाया भाई की हत्या का आरोप, Khan Sir भी बोले


















