The Lallantop

"कभी नहीं लगा था कि 'गदर 2' को इतना प्यार मिलेगा" - सनी देओल

सनी देओल ने 'गदर 2' को मिल रहे नेगेटिव रिव्यूज़ पर भी जवाब दिया है.

Advertisement
post-main-image
सनी ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री को अपने पैरों पर खड़ा रखने के लिए कुछ हिट्स की ज़रूरत है.

Sunny Deol की फिल्म Gadar 2 ने टिकट खिड़की पर माहौल टाइट किया हुआ है. फिल्म पुराने रिकार्ड ध्वस्त कर के नए बनाने में लगी हुई है. साल 2023 में ‘पठान’ के बाद सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बन चुकी है. 15 अगस्त तक अडवांस बुकिंग के मामले में हॉल भरे हुए हैं. जनता जी भर के प्यार लुटा रही है. फिल्म को मिल रहे ऐसे रिस्पॉन्स पर पहली बार सनी देओल ने बात की है. उन्होंने ज़ूम को दिए हालिया इंटरव्यू में बताया,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मैं बहुत खुश हूं. जब हम सेकंड पार्ट बना रहे थे तब कभी नहीं सोचा था कि फिल्म को इतना प्यार मिलेगा. ‘गदर’ का पहला पार्ट करने के बाद दो पीढ़ियां जा चुकी हैं. और अभी भी लोग उतने ही उत्साहित हैं जितना वो पहले पार्ट के वक्त थे. मैं हैरान हूं और ये देखकर बहुत, बहुत खुश हूं. हमें फिल्म इंडस्ट्री को अपने पैरों पर खड़ा रखने के लिए कुछ हिट्स की ज़रूरत है. 

‘गदर 2’ को लेकर जनता लहालोट हो रखी है. लोग ट्रैक्टर, गाड़ियां लेकर दूर-दराज से फिल्म देखने पहुंच रहे हैं. हालांकि क्रिटिक्स से फिल्म को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिला. कई क्रिटिक्स ने लिखा कि फिल्म ने पहले वाले पार्ट के सेंटीमेंट को भुनाने की कोशिश की. अपनी तरफ से कुछ नया नहीं जोड़ा. सनी ने ‘गदर 2’ के हिस्से आने वाली आलोचना पर भी बात की. उन्होंने कहा,

Advertisement

मुझे अब इसकी आदत पड़ गई है. मैं अब ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देता. 

सनी ने बताया कि फिल्म की टीम मल्टी-सिटी टूर प्लान कर रही है. उसके अंतर्गत ये लोग देश के अलग शहरों में जाकर इवेंट्स रखेंगे. लोगों से बातें करेंगे. मेकर्स फिल्म को प्रमोट करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. ‘गदर 2’ से पहले भी सनी देओल ने देशभर में घूमकर इंटरव्यूज़ दिए थे. इंडियन आर्मी के लिए स्पेशल स्क्रीनिंग रखवाई गई थी. ‘गदर 2’ को बम्पर किस्म का रिस्पॉन्स मिलना तय था. लेकिन फिल्म की ओपनिंग ने सभी अनुमानों को धराशायी कर के रख दिया. ‘गदर 2’ ने पहले दिन 40.1 करोड़ रुपए छापे. उसके बाद दूसरे दिन ये आंकड़ा बढ़कर 43.08 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है. इंडिया में फिल्म अब तक 83.18 करोड़ रुपए बना चुकी हैं. वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो मामला 100 करोड़ पार जा चुका है. फिल्म दुनियाभर में 108.2 करोड़ रुपए बना चुकी है. 

‘गदर 2’ को शक्तिमान तलवार ने लिखा है. फिल्म को डायरेक्ट किया है अनिल शर्मा ने. सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा के साथ मनीष वाधवा और सिमरत कौर जैसे नए नाम इस पार्ट से जुड़े हैं.        
 

Advertisement

वीडियो: सनी देओल की गदर 2 ने ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में बवाल काट दिया

Advertisement