Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana का ऑफिशियल बजट 4000 करोड़ रुपए है. भारत में आज तक किसी भी प्रोजेक्ट पर इसके आधे पैसे भी खर्च नहीं हुए. फिल्म के सेकेंड पार्ट की शूटिंग अपने पीक पर है. लेकिन इस बीच इंटरनेट पर खबर उड़ी कि इसका बजट अपनी तय सीमा से पार जा चुका है. दावा किया जा रहा है कि 'रामायण' पर अब 4000 नहीं बल्कि 5000 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे. इस 1000 करोड़ की बढ़ोतरी के पीछे कई तरह के तर्क दिए जा रहे हैं.
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' का बजट 1000 करोड़ बढ़ गया?
दावा किया जा रहा कि मेकर्स ने फिल्म को पूरी तरह स्टूडियो में शूट किया है. इसलिए VFX का काम बढ़ गया. अब फिल्म का बजट 4000 करोड़ से बढ़कर 5000 करोड़ पहुंच गया.


सोशल मीडिया पर 'रामायण' का बजट बढ़ने की खबरें बहुत तेजी से फैल रही हैं. इसके पीछे फिल्म के हैवी VFX को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने असली लोकेशन्स का इस्तेमाल करने के बजाए ज्यादातर शूटिंग प्राइम फोकस स्टूडियो में की है. जंगल और नदी वाले सीन भी LED वॉल्स, ग्रीन स्क्रीन और VFX की मदद से तैयार किए गए. इस वजह से ही दर्शकों को कई सीन काफी एनिमेटेड और सपाट नजर आ रहे थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वानर सेना और राम सेतु से जुड़े बड़े एक्शन सीक्वेंस पूरी तरह स्टूडियो के अंदर ग्रीन स्क्रीन पर शूट किए गए हैं. उनके लिए न तो किसी असली नदी, समुद्र या जंगल का इस्तेमाल किया गया. न ही आउटडोर सेट का. बाद में पूरे माहौल और बैकग्राउंड को कंप्यूटर ग्राफिक्स के जरिए बनाया गया. दावा किया जा रहा है कि VFX के हैवी इस्तेमाल के कारण फिल्म का बजट अभी ही 4800 करोड़ रुपए के पार जा चुका है. अभी इसके पोस्ट प्रोडक्शन का काम बाकी है. इसलिए संभावना जताई जा रही है कि ये आंकड़ा जल्द ही 5000 करोड़ क्रॉस कर जाएगा.
'रामायण' के फर्स्ट लुक टीजर को लोगों से मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला था. बताया जा रहा है कि लोगों के फीडबैक के आधार पर फिल्म के पहले पार्ट पर नए सिरे से काम किया गया था. तब ये माना जा रहा था कि मूवी का बजट बढ़ जाएगा. लेकिन ये आंकड़ा 5000 करोड़ तक पहुंच जाएगा, ये किसी ने नहीं सोचा था. इस बढ़ोतरी के कारण मूवी का भारत से अपनी लागत निकाल पाना और कठिन हो गया है. पूरा बजट रिकवर करने के लिए फिल्म को नॉन हिंदी बेल्ट और ओवरसीज़ मार्केट से तगड़ी कमाई करनी होगी.
वैसे, जब नमित मल्होत्रा ने 'रामायण' के 4000 करोड़ के बजट का जिक्र किया था, उन्होंने तभी ये संभावना जताई थी कि इस आंकड़े में बढ़ोतरी हो सकती है. लेकिन प्रोजेक्ट का खर्च 5000 हजार तक पहुंच गया है, इसे लेकर उन्होंने ऑफिशियली कोई बयान नहीं दिया. ये चर्चा फिलहाल पूरी तरह इंटरनेट पर चल रही है. इसलिए लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता. जहां तक फिल्म की बात है, 'रामायण: पार्ट 1' इस साल 30 अक्टूबर को रिलीज़ होगी. वहीं इसका दूसरा पार्ट अगले साल दीपावली पर आएगा.
वीडियो: क्या 200 करोड़ की ओपनिंग के साथ नया इतिहास रचेगी 'रामायण'?


















