पिछले कुछ सालों में Ajay Devgn, Shah Rukh Khan, Salman Khan और Akshay Kumar जैसे सुपरस्टार्स ने गुटखे का खूब प्रचार किया है. इस बात के लिए उन्हें अच्छा-खासा बैकलैश भी मिला. मगर Sunny Deol कहते हैं कि गुटखा या पान मसाला जैसे प्रोडक्ट्स का प्रचार करना उनके ज़मीर के खिलाफ़ है. उनके इतना कहते ही इंटरनेट पर एक पुराना ऐड वायरल होने लगा, जहां Ravi Kishan और Vijay Raaz के साथ सनी भी एक पान मसाला ब्रैंड का प्रचार कर रहे हैं.
सनी देओल बोले- "ज़मीर गुटखा का प्रचार करने की इजाज़त नहीं देता", लोगों ने झूठ पकड़ लिया
सनी देओल गुटखे के दो विज्ञापन में नज़र आ चुके हैं. अब लोग उन्हें इस मॉरल हाइग्राउंड लेने वाले बयान पर बुरी तरह ट्रोल कर रहे हैं.

सनी देओल इन दिनों अपनी लेटेस्ट मूवी ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में बिजी हैं. इस सिलसिले में वो शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर गए थे. बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि वो शाहरुख-सलमान की तरह गुटखा का प्रचार क्यों नहीं करते. इतना सुनते ही सनी कहते हैं,
"उस तरह के ऐड मैं नहीं करता. गुटखा और इस तरह की चीजें मैं करूंगा भी नहीं. इनके ऐड्स आते हैं. मगर मैं नहीं करूंगा. मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगा, जिसमें मुझे खुद विश्वास नहीं. मैं इन सब चीजों में मानता नहीं हूं. इसलिए मुझे नहीं लगता कि इनका प्रचार करना कोई अच्छी बात है. मैं इस तरह की कितनी चीजें नहीं करता क्योंकि मेरा ज़मीर नहीं मानता. बाकी जो करना होता है, कर लेता हूं."
सनी का ये बयान सोशल मीडिया पर फैलने लगा. लोगों ने इस फैसले पर उन्हें खूब दाद दी. दूसरी तरफ़, उनका एक पुराना ऐड भी लोगों की नजरों में आ गया. उसमें वो रवि किशन और विजय राज के साथ संतूर मीठा पान और पान मसाला का प्रचार कर रहे थे. ऐड में रवि ने एक पनवाड़ी का रोल किया था. विजय ने एक ग्राहक और सनी ने राजा साहब का. ऐड में वो खुद तो उस पान मसाला को खाते ही हैं, अपने साथ आई दो लड़कियों को भी खिलाते हैं.
यही नहीं, यूट्यूब पर लोगों ने संतूर ब्रैंड के एक और ऐड को कमेंट्स से भर दिया. उसमें वाघा-अटारी बॉर्डर को रीक्रीएट किया गया था. सनी ने ऐड में ATS कमांडो का रोल किया है, जो एक पाकिस्तानी लड़की को उसके घर पहुंचाने आया है. दूसरी तरफ़, पाकिस्तानी ऑफिसर के रोल में गुलशन ग्रोवर नजर आते हैं, जो शायद उस लड़की के पिता भी हैं. सनी लड़की को गुलशन के साथ भेजकर दोनों देशों के बीच शांति का संदेश देते हैं. साथ ही कहते हैं- "मीठा-मीठा बोल, संतूर की पुड़िया खोल." जब ये भी कम पड़ा तो वो आगे कहते हैं- “बोल मीठा बोल, रिश्तों का बॉर्डर खोल." इतना कहते हुए दोनों तरफ के बॉर्डर्स खोल दिए जाते हैं. वैसे तो ये 10 साल पुराना ऐड है, मगर सनी के बयान के बाद अब एकाएक वायरल होने लगा. यही कारण है कि कल तक जो लोग गुटखा का प्रचार न करने पर सनी की तारीफ़ कर रहे थे, इस पुरानी ऐड फिल्म को देखते ही उन्हें ट्रोल करने लगे हैं.
वीडियो: सनी देओल की 'बंटवारा 1947' के टीजर में प्रीति जिंटा की वापसी, अभिमन्यु ने ध्यान खींचा









