एक दौर था जब लोग Emraan Hashmi और Himesh Reshammiya को एक-दूसरे से कन्फ्यूज़ कर देते थे. क्योंकि इमरान जब स्क्रीन पर एक्टिंग कर रहे होते, तो पीछे हिमेश उनकी आवाज़ बन जाते. दोनों ने Aashiq Banaya Aapne और Good Boy Bad Boy जैसी फिल्मों में साथ काम किया है. जल्द ही वो Gun Maaster- G9 में नज़र आएंगे. आज इसकी रिलीज़ डेट अनाउंस कर दी गई है. खास बात ये है कि इस मूवी को वही Aditya Datt डायरेक्ट कर रहे, जिन्होंने 'आशिक बनाया आपने' डायरेक्ट की थी.
'आवारापन 2' के बाद 'आशिक बनाया आपने' वाले डायरेक्टर की फिल्म में इमरान हाशमी
'गनमास्टर- G9' के लिए 21 साल बाद साथ आई आदित्य दत्त, इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की 'आशिक बनाया आपने' वाली तिकड़ी.

आदित्य दत्त के खाते में 'टेबल नंबर 21' और 'कमांडो 3' जैसी फिल्में शामिल हैं. 'गनमास्टर - G9' में वो हिमेश और इमरान के साथ लगभग 21 साल बाद वापस आ रहे. ये एक रोमांटिक थ्रिलर मूवी है, जिसका कनेक्शन मिथुन चक्रवर्ती से भी है. कैसे? आगे बताते हैं. फिलहाल बात करते हैं फिल्म के रिलीज़ डेट अनाउंसमेंट टीज़र की. इसकी शुरुआत प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और एक्टर्स के टाइटल कार्ड से होती है. इसमें टाइटल के हिसाब से गन के बैरल रोल में सबका नाम स्क्रीन पर आता है.
G9 को सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया जा रहा है. ये प्रोड्यूसर दीपक मुकुट की वही कंपनी है, जिसने 'सनम तेरी कसम', 'शादी में ज़रूर आना' और 'मुल्क' जैसी फिल्में बनाई हैं. इसमें इमरान हाशमी के अलावा जेनेलिया डीसूजा और अपारशक्ति खुराना भी काम कर रहे हैं. वहीं फिल्म का म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने बनाया है. चूंकि हिमेश ने इमरान के लिए कई पॉपुलर गाने बनाए हैं, इसलिए इस मूवी के म्यूजिक से लोगों को काफी उम्मीदें हैं.
टीज़र के अंत में मेकर्स बताते हैं कि ये फिल्म 27 नवंबर को रिलीज़ होगी. यानी रणबीर कपूर की 'रामायण' से लगभग तीन हफ्ते बाद और प्रभास की 'फौजी' से एक हफ्ते पहले. रिलीज़ के लिए ये डेट चुनना कितना सही फैसला है, ये तो वक्त ही बताएगा. मगर 'आवारापन 2' की सक्सेस के बाद इमरान को हल्के में नहीं लिया जा सकता. वैसे, 27 नवंबर को सूरज बड़जात्या और आयुष्मान खुराना की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' भी रिलीज़ होगी. आयुष्मान, अपारशक्ति के बड़े भाई हैं. इसलिए लोगों को उस दिन दो भाइयों की टक्कर भी देखने को मिलेगी.
अब आते हैं 'गनमास्टर - G9' के मिथुन वाले कनेक्शन पर. दरअसल, 1979 में मिथुन ने जेम्स बॉन्ड से प्रेरित एक स्पाय मूवी में काम किया था. रविकांत नगैच के डायरेक्शन में बनी इस मूवी का नाम था- 'सुरक्षा'. फिल्म में मिथुन ने CBI ऑफिसर गोपीनाथ का रोल किया था. गोपीनाथ का कोड नेम था 'गनमास्टर - G9'. दो साल बाद यानी 1981 में मिथुन ने इसके सेकेंड पार्ट 'वारदात' में काम किया. इसमें भी 'गनमास्टर - G9' देश को आतंकियों से बचाता है.
हालांकि इस स्पाय फिल्म सीरीज़ के केवल दो ही पार्ट बनाए गए थे. लेकिन प्रोड्यूसर दीपक मुकुट को वो इतनी पसंद आई कि उन्होंने 'सुरक्षा' और 'गनमास्टर - G9' के राइट्स खरीद लिए. 2026 में उन्होंने अनाउंस किया कि वो 'गनमास्टर - G9' नाम से एक फिल्म बनाएंगे. अब इसका थीम स्पाय बेस्ड है या नहीं, अभी इस पर कुछ भी कहना मुश्किल है. लेकिन इंटरनेट पर फिल्म की जो तस्वीरें और वीडियो लीक हुई हैं, उन्हें देखकर ये जरूर बताया जा सकता है कि दर्शकों को इसमें काफी एक्शन देखने को मिलेगा.
वीडियो: इमरान हाशमी की आवारापन 2 हुई रिलीज़, कैसा रहा पब्लिक रिएक्शन?









